Hindustanmailnews

Author name: Hindustanmailnews

फाइनल में पहुंच मुचोवा ने रचा इतिहास, आज स्वातेक से भिड़ेंगी

फ्रेंच ओपन महिला एकल सेमीफाइनल में कैरोलिना मुचोवा ने फाइनल मुकाबले में पहुंच कर इतिहास रच दिया है। कैरोलिना मुचोवा ने पैर में समस्या के बावजूद मैच प्वाइंट बचाया और शानदार खेल दिखाया। कैरोलिना मुचोवा ने सेमीफाइनल मुकाबले में ऐसा धमाकेदार खेल खेला कि वह एरिना सबालेंका को हराने में सफल हुई।
गैरवरीय कैरोलिना मुचोवा ने पैर में समस्या के बावजूद मैच प्वाइंट बचाया और वापसी करते हुए आखिरी पांच गेम भी जीते, जिससे गुरुवार को वह एरिना सबालेंका को हराकर फ्रेंच ओपन के महिला एकल फाइनल में जगह बनाने में सफल रहीं। कैरोलिना ने दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी के खिलाफ 7-6 (5), 6-7 (5), 7-5 की जीत के साथ पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। जनवरी में आॅस्ट्रेलियाई ओपन का खिताब जीतने वाली सबालेंका तीसरे सेट में 5-2 के स्कोर पर मुकाबला जीतने से सिर्फ एक अंक दूर थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने 24 में से 20 अंक गंवाए और मुकाबला हार बैठीं। चेक गणराज्य की 26 साल की कैरोलिना ने इस तरह शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की।
इससे पहले ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आॅस्ट्रेलियाई ओपन 2021 में था, जब वह सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहीं थी। कैरोलिना ने अब तक अपना एकमात्र डब्ल्यूटीए खिताब हार्ड कोर्ट पर जीता है और वह इससे पहले रोलां गैरां की लाल बजरी पर भी तीसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाई थीं। कैरोलिना ने टूर्नामेंट से पहले कहा था, यह मेरी पसंदीदा सतह नहीं है, लेकिन मुझे लगता है कि मैं इस पर अच्छा खेल सकती हूं। इस मैच से पहले सबालेंका का इस साल ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंटों में जीत-हार का रिकॉर्ड 12-0 था। आज होने वाले फाइनल में कैरोलिना की भिड़ंत दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी और गत चैंपियन इगा स्वातेक और दुनिया की 14वें नंबर की खिलाड़ी बीट्रिज हदाद माइया के बीच होने वाले सेमीफाइनल की विजेता से होगी।
कैरोलिना अपने जीवन में पहली बार ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलने जा रही हैं। लंबे समय तक वो चोट से जूझती रही हैं, जिसके बाद उन्होंने धमाकेदार वापसी की है। कैरोलिना को पैर की चोट, घुटने की चोट और एब्डोमिनल चोट से लंबे अर्से तक जूझना पड़ा है। इस घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मेरे जीवन में कई ऐसे पल आए जब लगा था कि लगातार इंजरी होने के कारण मैं टूट चुकी हूं। मैंने पिछले साल वाला आॅस्ट्रेलियन ओपन भी नहीं खेला था, क्योंकि मेरी स्थिति काफी खराब थी। मैंने वापसी के लिए कड़ी मेहनत की है। कैरोलिना की स्थिति बेहद खराब थी। उनकी स्थिति को देखते हुए कई डॉक्टरों ने उन्हें सलाह दी थी कि वो दोबारा खेल नहीं खेल सकेंगी। हालांकि उन्होंने धैर्य और सकारात्मक व्यवहार अपनाते हुए वापसी करने पर जोर दिया। जिसकी बदौलत वे अब अपने जीवन और अबतक के कॅरियर के शिखर पर है।

फाइनल में पहुंच मुचोवा ने रचा इतिहास, आज स्वातेक से भिड़ेंगी Read More »

डब्ल्यूटीसी फाइनल में टीम इंडिया से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का फाइनल इंग्लैंड के द ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। मुकाबले के तीसरे दिन भी आॅस्ट्रेलियाई टीम आगे रही। टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक 296 रन की बढ़त बना ली थी। मार्नस लाबुशेन और कैमरन ग्रीन नाबाद रहे, अब भी टीम के 6 विकेट बाकी हैं। शुक्रवार को आॅस्ट्रेलियाई टीम ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 123 रन बना लिए। लाबुशेन 41 और ग्रीन 7 रन चौथे दिन आॅस्ट्रेलियाई पारी को आगे बढ़ाएंगे।
स्मिथ-लाबुशेन ने जोड़े 62 रन
24 रन पर ओपनर्स के विकेट गंवाने के बाद मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ ने तीसरे विकेट के लिए 96 बॉल पर 62 रन की साझेदारी कर पारी आगे बढ़ाई। इस साझेदारी को रवींद्र जडेजा ने स्मिथ को आउट करके तोड़ा।
जडेजा ने चटकाए विकेट
दूसरी पारी खेल रही आॅस्ट्रेलिया को शुरुआती झटके लगे। टीम ने 24 रन पर ओपनर्स (ख्वाजा 13 रन और वार्नर 1 रन) के विकेट गंवा दिए, लेकिन यहां स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन ने टीम का स्कोर 100 के करीब पहुंचाया। फिर बॉलिंग करने आए जडेजा ने स्मिथ को 34 रन के स्कोर पर चलता कर दिया। ट्रेविस हेड (18 रन) भी उनका शिकार बने। इन दोनों ने पिछली पारी में शतक लगाए थे।
रहाणे के बाद बिखरा लोअर-आॅर्डर
पहले सेशन में शार्दूल के साथ 109 रन की पार्टनरशिप करने के बाद रहाणे ने कमिंस की बॉल पर बड़ा शॉट लगाया, लेकिन गली पोजिशन पर खड़े कैमरन ग्रीन ने एक हाथ से शानदार कैच पकड़ लिया। रहाणे 89 रन बनाकर आउट हो गए। इस वक्त टीम फॉलो-आॅन बचाने से 9 रन दूर थी। शार्दूल ठाकुर ने लोअर-आॅर्डर में उमेश यादव और मोहम्मद शमी के साथ फॉलो-आॅन बचाया, लेकिन वह भी 51 रन बनाकर आउट हो गए। बाकी बैटर ज्यादा देर टिके नहीं और टीम इंडिया 296 पर आॅलआउट हो गई। आॅस्ट्रेलिया को पहली पारी में 173 रन की बढ़त मिली।
इंडियन पेसर्स ने की अटैकिंग बॉलिंग
71 रन पर 4 विकेट खोने के बाद टीम इंडिया ने 296 रन का फाइटिंग टोटल बनाया। अब भारत के तेज गेंदबाजों ने पहले ओवर से कसी हुई गेंदबाजी की। चौथे ही ओवर में सिराज ने डेविड वार्नर को चलता कर दिया। नई गेंद के 15 ओवर तक पेसर्स ने सटीक लाइन-लेंथ पर बॉलिंग की और 24 रन पर उस्मान ख्वाजा का विकेट भी ले लिया।
भारत को आगे क्या करना होगा?
लाबुशेन चौथे दिन ग्रीन के साथ आॅस्ट्रेलिया की पारी आगे बढ़ाएंगे। भारत को कोशिश करनी होगी कि अटैकिंग बॉलिंग जारी रखे। लाबुशेन के सामने जडेजा को लाएं और एक एंड से शमी या सिराज से बॉलिंग कराएं। टीम इंडिया को किसी भी हाल में पहले सेशन तक आॅस्ट्रेलिया की दूसरी पारी कम से कम स्कोर पर खत्म करनी होगी। भारत को मैच में बने रहने के लिए 350 से कम का टारगेट चाहिए होगा, उससे ज्यादा स्कोर होने पर टीम के जीतने के चांस कम होते चले जाएंगे। अगर टीम इंडिया को 350 या 375 के करीब का टारगेट मिला तो बैटर्स को आज पूरे दिन विकेट संभाल कर ज्यादा से ज्यादा रन बनाने पर फोकस करना होगा। क्योंकि तीसरे दिन ही पिच टूटने लगी है, ऐसे में चौथे और पांचवें दिन तक बैटर्स को और ज्यादा परेशानी होगी।

डब्ल्यूटीसी फाइनल में टीम इंडिया से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद Read More »

मूट कोर्ट यानी प्रोफेशनल्स अदालतों की प्रक्रिया प्रयोगात्मक तरीके से समझ आए

टैक्स प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन एवं इंदौर सीए शाखा ने ‘मॉक ट्रिब्यूनल’ का आयोजन किया। एसो. के प्रेसिडेंट सीए शैलेंद्र सिंह सोलंकी एवं सीए शाखा के चेयरमैन सीए मौसम राठी ने कहा कि मूट कोर्ट एक वास्तविक अदालत का अनुकरण करने जैसा ही होता है, जहां प्रोफेशनल्स को वास्तविक अदालत में होने वाली कार्यवाही को उसी रूप में एक मॉडल की तरह समझाया जाता है और वास्तविक अदालत की प्रक्रिया और उसकी गतिविधियों को सीखते हैं। इसमें पार्टियों के बीच एक काल्पनिक विवाद पर काल्पनिक सुनवाई और सबूत पेश किए जाते हैं, जिससे प्रोफेशनल्स को अदालतों की प्रक्रिया प्रयोगात्मक तरीके से समझ में आ सके।
मॉक ट्रिब्यूनल के कन्वेयर सीनियर एडवोकेट सीए सुमित नेमा ने कहा कि मॉक ट्रिब्यूनल में किसी काल्पनिक, विशिष्ट वाद या विषय को चुना जाता है और फिर उसी वाद/ विषय में वाद-विवाद होता है। इस अवसर पर जज की भूमिका सीनियर एडवोकेट सीए सुमित नेमा एवं एडवोकेट सीए हितेश चिमनानी, ज्यूरी के रूप में इनकम टैक्स अपीलेट ट्रिब्यूनल के ज्यूडिशियल मेंबर विजय पाल रॉव, अकाउंटेंट मेंबर सीए बीएम बियानी मौजूद थे। विशेष अतिथि प्रिंसिपल कमिश्नर आॅफ इनकम टैक्स अजय अत्रि एवं एसबी प्रसाद मौजूद थे। विनर अवॉर्ड सीए अविनाश अग्रवाल को दिया गया। रनर अप अंकुर अग्रवाल को दिया गया। सचालन टीपीए के मानद सचिव सीए अभय शर्मा ने किया।

मूट कोर्ट यानी प्रोफेशनल्स अदालतों की प्रक्रिया प्रयोगात्मक तरीके से समझ आए Read More »

भव्य मनेगा ब्रह्मोत्सव ध्वज पताका से केसरिया होगा मार्ग

शहर में पिछले 75 वर्षों से निकलने वाली परंपरागत रथयात्रा इस बार अधिक भव्यता से निकाली जाएगी। छत्रीबाग स्थित श्रीलक्ष्मी वेंकटेश देवस्थान में 75 वर्ष से लगातार यात्रा अनवरत जारी है। श्री ब्रह्मोत्सव व रथयात्रा महोत्सव 14 जून (बुधवार) से शुरू होकर 20 जून तक मनाया जाएगा।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शुक्रवार को देवस्थान पहुंचकर प्रभु की अर्चना करवाने के साथ ही रथयात्रा मार्ग का दौरा किया। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर प्रयास करेंगे कि इस वर्ष रथयात्रा का स्वरूप और सुंदर हो। यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की दिक्कत न हो। रथयात्रा मार्ग को लाइटिंग और ध्वज पताका के माध्यम से सजाया जाएगा। इस दौरान भारत पारिख, पंकज तोतला, कैलाश मूंगड़, रवींद्र धूत, राम सोमानी, पवन व्यास, सुरेशचंद राठी, गोपाल नागोरी, कमल शर्मा आदि मौजूद थे।

भव्य मनेगा ब्रह्मोत्सव ध्वज पताका से केसरिया होगा मार्ग Read More »

श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर का विवाद गहराया, दोनों पक्षों ने ली पत्रकार वार्ता

नीलगंगा चौराहे पर श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर को लेकर गंगा दशमी से शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। एक तरफ क्षेत्रीय लोग आंदोलित हो चुके हैं, वहीं दूसरी ओर जूना अखाड़ा द्वारा भी पत्रकार वार्ता लेकर अपना पक्ष रखा गया है ।
वर्ष 1990 से क्षेत्रीय रहवासियों की नागरिक समिति द्वारा शासकीय भूमि स्थित इस मंदिर का रखरखाव, पूजन-अर्चन किया जा रहा है। समय-समय पर नागरिकों द्वारा क्षेत्रीय एवं धर्मिक श्री शिव उत्सव एवं अन्य धार्मिक उत्सव का आयोजन मंदिर परिसर में किया जाता है। नीलगंगा चौराहा एवं आसपास के रहवासी आर्थिक रूप से कमजोर होकर मजदूरी कर जीवन-यापन करते हैं। शासन के विभिन्न विभागों सांसद निधि, विधायक निधि व पार्षद निधि व अन्य जनप्रतिनिधियों व रहवासियों के सहयोग से मंदिर परिसर में सामुदायिक भवन बना है, जिसका संचालन क्षेत्रीय रहवासियों की समिति द्वारा किया जाता रहा है। सामुदायिक भवन गरीब नागरिकों को चंदे से स्थापित बर्तन रसोई का सामान न्यूनतम किराए पर दिया जाता है। मंदिर के समीप जूना अखाड़ा के माध्यम से आश्रम बनाकर अवैध व नियम विरुद्ध तरिके से शिवांजली होटल चलाई जा रही है, जिसमें बाहर से आने वाले यात्रियों को ठहराया जाता है और मनमाने तरीके से होटल का किराया यात्रियों से वसूल किया जाता है। जूना अखाड़ा के साधु-संतों द्वारा कूटरचित व जाली दस्तावेजों के माध्यम से तहसीलदार उज्जैन के समक्ष आवेदन कर उक्त श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर एवं सामुदायिक भवन पर अवैध कब्जे का आदेश तहसीलदार से पारित कराकर कब्जा ले लिया है।
ज्ञातव्य हो कि जूना अखाड़ा द्वारा शासन से निधि प्राप्त कर अपने परिसर में अखाड़े का निर्माण किया था, जिसका विधिवत उपयोग संत समाज के लिए होना चाहिए था, परंतु जूना अखाड़ा द्वारा उक्त भवन होटल के लिए ठेके पर गोविन्द सोलंकी व राहुल कटारिया को दे दिया गया है, जिसमें उक्त शिवाजंलि होटल संचालित है। होटल में यात्रियों को ठहराया जा रहा है तथा नई उम्र के लड़के व लड़कियों को अवैध कार्य के लिए मनमाना किराया वसूल किया जा रहा है। यहां अवैध गतिविधि संचालित की जा रही है। होटल में ठहरे यात्रियों द्वारा मदिरापान कर खाली बोतल व अन्य सामग्री होटल से लगी (गुप्त गंगा सागर) में फेंकी जाती है, जिससे गुप्त गंगा को अपवित्र किया जा रहा है।
रहवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप राव गोरकर (दिलु पहलवान) के अनुसार जूना अखाड़े के संतों द्वारा अखाड़े से लगी श्याम सहकारी गृहनिर्माण संस्था मर्यादित उज्जैन की स्वत्व एवं स्वामित्व की साढ़े पाच बीघा भूमि पर कब्जा कर अवैधानिक रूप से शिवाजंलि वैवाहिक गार्डन अवैधानिक व नियम विरुद्ध संचालित किया जा रहा है। संस्था द्वारा न्यायालय में जूना अखाड़ा के विरूद्ध प्रकरण चलायमान है, जिसे श्याम सहकारी गृह निर्माण संस्था उज्जैन के पक्ष में स्थगन आदेश दिया गया है। इसके बावजूद जूना अखाड़ा द्वारा निरंतर मैरिज व अन्य मांगलिक कार्य के लिए गार्डन का संचालन किया जा रहा है। संस्था द्वारा अखाडे के विरुद्ध दो अवमानना का दावा न्यायालय में विचाराधीन है। इसके पश्चात भी इनके द्वारा संस्था की जमीन पर न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर मैरिज व मांगलिक कार्य के लिए गार्डन का संचालन बेखौफ किया जा रहा है।
क्षेत्र के समस्त रहवासीगण, हिंदू समाज के सनातनी बंधुओं का प्रशासन से आग्रह है कि श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर एवं सामुदायिक भवन का कब्जा नागरिकों को दिलाया जाए एवं जूना अखाड़े द्वारा जो शिवांगी होटल को अवैध रूप से चलाया जा रहा है, उसको तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए, साथ ही श्याम गृह निर्माण संस्था की भूमि पर वैवाहिक गार्डन संचालित किया जा रहा है, उसे तत्काल प्रभाव से बंद करने की कार्रईवाई की जाए अन्यथा क्रमवार आंदोलन किया जाएगा।

श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर का विवाद गहराया, दोनों पक्षों ने ली पत्रकार वार्ता Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights