Hindustanmailnews

Author name: Hindustanmailnews

फिल्मों की चोरी करने वालों की खैर नहीं!

गुरुवार को सिनेमैटोग्राफ एक्ट 1952 संशोधित विधेयक पारित हो गया। अब नए कानून के चलते फिल्मों की चोरी करने वालों की खैर नहीं। फिल्मों की पायरेसी करने वालों के लिए सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। अब फिल्मों या वेब सीरीज की चोरी करने वालों को तीन साल तक की सजा और फिल्म की लागत का 5% तक जुर्माना भरना होगा। अगर आप नहीं जानते कि ये पायरेसी नाम की क्या बला होती है तो चलिए एक अखबर की फिल्मी फ्राइडे सीरीज में बताते हैं। कैसे पायरेसी की जाती है और इसके चलते फिल्म इंडस्ट्री को कितने करोड़ का नुकसान होता है।
राज्यसभा में सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि हर साल फिल्म इंडस्ट्री को पायरेसी के चलते 20 करोड़ रुपए का नुकसान होता है। ऐसे में अब सरकार ऐसे चोरों को बिल्कुल बख्शने वाली नहीं है। तो चलिए सबसे पहले जानते हैं आखिर पायरेसी होती क्या है? पायरेसी को आसान भाषा में चोरी कहेंगे। कॉपीराइट वाली फिल्में, सीरीज, वीडियो या किसी भी प्रकार का कॉन्टेंट, जिसे गैरकानूनी तरीके से चोरी कर वेबसाइट्स या किसी ऐप्स पर अपलोड किया जाए तो इसे आॅनलाइन पायरेसी कहते हैं। आए दिन आप सुनते होंगे कि फलाना फिल्म लीक हो गई, ये पायरेसी ही होती है।
पायरेसी को समझने के लिए एक फिल्म आई थी ‘तमिलरॉकर्स’। इसमें दिखाया गया था कि कैसे और किस तरह से लोग फिल्मों और कॉन्टेंट की चोरी करते हैं। इस काले धंधे के चलते लाल सिंह चड्ढा से लेकर लाइगर समेत कई बड़ी फिल्में रहीं, जो रिलीज से पहले ही आॅनलाइन लीक हो गईं।
कोरोनाकाल में ये तो आपने देखा कि लोगों ने दुनियाभर का सिनेमा देख डाला। उनका टेस्ट भी बदला, इस वजह से फिल्मों के बिजनेस में भी उतार-चढ़ाव आए, मगर क्या आपको ये पता है कि कोरोना काल व लॉकडाउन वही पीरियड है, जिसमें सबसे ज्यादा फिल्मों की चोरी हुई। एक रिपोर्ट के मुताबिक, लॉकडाउन में 62% तक पायरेसी में उछाल देखने को मिला।
पहले ऐसा माना जाता था कि सीडी, डीवीडी और वेबसाइट्स के जरिए पायरेसी की जाती है, मगर जब से टेलीग्राम आया है तो इस तरह की चोरी में भी इजाफा हुआ है। साल-2022 में एक रिपोर्ट आई थी, जिसमें दावा किया गया था कि वॉट्सएप भी इस गैरकानूनी काम के लिए धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जाता है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, पायरेसी के चलते आॅनलाइन मीडिया प्लेटफॉर्म को 25-30% तक ओवरआॅल रेवेन्यू में घाटा होता है। स्कैम 1992, आश्रम से लेकर रॉकेट बॉयज जैसी वेब सीरीज को सबसे ज्यादा टॉरेंट साइट्स पर चोरी किया गया।
पायरेसी के चलते सबसे ज्यादा नुकसान यूएसए को होता है। एक रिपोर्ट के नुकसान के चलते 92000 करोड़ रुपए का नुकसान अमेरिका को झेलना पड़ा था। दूसरे नंबर पर चीन है, जिसे साल 2022 में 78000 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर भारत है, जिसे 24000 करोड़ रुपए तो ब्राजील को 2000 करोड़ रुपए का नुकसान झेलना पड़ा था।
रिपोर्ट के मुताबिक, साल-2022 में सबसे ज्यादा चोरी की गई फिल्म स्पाइडर-मैन नो वे होम (25%) थी। फिर द बैटमैन (15%), डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स आॅफ मैडनेस (14%), जुरासिक वर्ल्ड: डोमिनियन (12%) को पायरेसी करके लोगों ने देखा था, वहीं इंडियन फिल्मों की बात करें तो सबसे ज्यादा पायरेटेड फिल्मों में आरआरआर (6%), केजीएफ: चैप्टर 2 (6%), बीस्ट (6%) और पुष्पा: द राइज-पार्ट वन (5%) है। दिलचस्प बात ये है कि गेम आॅफ थ्रोन्स (47%) भारत में सबसे अधिक पायरेटेड टीवी सीरीज है।

फिल्मों की चोरी करने वालों की खैर नहीं! Read More »

भेरू घाट में 150 फीट गहरी खाई में गिरी कार एयर बलून खुलने से बची मैनेजर की जान

सिमरोल थाना क्षेत्र के भेरू घाट में शुक्रवार को एक कार खाई में गिर गई। एक ट्रैक्टर एजेंसी का मैनेजर अपनी नई कार लेकर इंदौर से बड़वाह तरफ जा रहा था। पहले वाले घाट पर वह असंतुलित हुआ और कार 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। किस्मत से कार के एयर बलून खुल गए और उसकी जान बच गई। सिमरोल टीआई मंशाराम वगेन के अनुसार घायल युवक का नाम सुबीर पिता सुभाष करमाकर निवासी बंगाली चौराहा है। सावन का महीना होने के चलते कावड़ियों के आने-जाने के कारण घाट पर भारी वाहन प्रतिबंधित हैं। घाट निरीक्षण के दौरान दोपहर में टीआई को सूचना मिली कि एक कार (एमपी 09-जेडबी-0900) खाई में गिर गई है। वे तुरंत वहां पहुंचे तब तक कुछ लोग खाई में उतर कर युवक को कार से बाहर निकाल चुके थे। कार 150 फीट नीचे एक पेड़ से टकराकर रुक गई थी। गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। जैसे ही कार फिसली, लोगों ने देख लिया था। वे मदद को दौड़े।


लोगों की मदद से घायल को ऊपर लाया – स्थानीय लोगोें की मदद से जख्मी युवक को खाई से ऊपर लाया गया। उसे ज्यादा चोट नहीं लगी थी, लेकिन वह बेहोश था। इलाज के लिए उसे एंबुलेंस की मदद से इंदौर भेजा गया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने अपना नाम सुबीर बताया। उसने पिछले महीने ही नई कार खरीदी थी, इससे वह ओंकारेश्वर जा रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ा। कुछ लोगों ने बताया कि युवक ने ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया होगा, जिससे कार रफ्तार में नीचे उतर गई। कार के एयर बलून खुलने से सुबीर की जान बच गई।
घाट में रैलिंग नहीं होने के कारण पहले भी हो चुके हादसे- भेरू घाट पर रैलिंग नहीं होने के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। कुछ साल पहले बाबा चौपाटी ढाबे के पीछे एक युवक और युवती कार में बैठकर बातें कर रहे थे। अचानक उनकी कार का गियर डाउन हुआ और वह रिवर्स चलने लगी। चंद सेकंड में कार 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। तब युवक निकलकर बाहर निकला और भाग गया था। करीबन 6 घंटे बाद पुलिस ने सूचना मिलने पर युवती को जख्मी हालत में बाहर निकाला था। लंबे समय तक इलाज के बाद उसकी जान बच पाई थी।

भेरू घाट में 150 फीट गहरी खाई में गिरी कार एयर बलून खुलने से बची मैनेजर की जान Read More »

एमएसएमई परिसर में उद्यम रजिस्ट्रेशन कैंप लगाया

ग्लोबल फोरम फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट, डिक्की एवं भारतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा एमएसएमई परिसर में उद्यम रजिस्ट्रेशन कैंप लगाया गया। संस्था के अध्यक्ष दीपक भंडारी ने बताया कि सूक्ष्म मध्यम एवं लघु उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत उद्यम रजिस्ट्रेशन कैंप में 800 से ज्यादा उद्यमियों ने आॅनलाइन और आॅफलाइन रजिस्ट्रेशन किए।
तीन घंटे चले इस कार्यक्रम में एमएसएमई के डिप्टी डायरेक्टर दीनदयाल गजभिए ने इंदौर के अधिक से अधिक उद्योगपति एवं व्यवसायियों को आव्हान किया कि अपने उद्योग का उद्यम रजिस्ट्रेशन अवश्य करवाएं, क्योंकि यही महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जो केंद्र सरकार और राज्य सरकार की सभी योजनाओं में भाग लेने के लिए अत्यावश्यक है।
असिस्टेंट डायरेक्टर गौरव गोयल ने कहा कि यह एक शुरूआत है इसके बाद हम अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्र में एवं अलग-अलग बाजारों में जाकर उद्योगपति एवं व्यापारियों के उद्यम रजिस्ट्रेशन करवाएंगे। इस मौके पर नरेश मुंद्रे, एनएसआइसी के जीएम विनोद व्यास, एक्सपोर्ट विशेषज्ञ रजनीश शर्मा भी मौजूद थे।

उत्पाद शुल्क छूट योजना
पेटेंट पंजीकरण के लिए 50 फीसदी सब्सिडी 100 से ज्यादा उद्योगपतियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। विशेष रूप से महिला उद्यमियों ने इसमें रुचि दिखाई। कुछ कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी अपने रजिस्ट्रेशन करवाए।

एमएसएमई परिसर में उद्यम रजिस्ट्रेशन कैंप लगाया Read More »

शाह की अगवानी के लिए सज रहे 68 चौराहेतैयारी : भाजपा संभागीय सम्मेलन में कल आएंगे केंद्रीय गृहमंत्री, बीजेपी के बड़े नेताओं ने संभाला मोर्चा

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में होने वाले संभागीय बूथ सम्मेलन को लेकर भाजपा द्वारा दिन-रात व्यापक तैयारी की जा रही है। शाह के इंदौर आगमन और सम्मेलन के पूर्व शहर और आसपास खासा माहौल बनाया जा रहा है। शाह की अगवानी के लिए शहर के 68 चौराहों पर साज-सज्जा की जा रही है। वरिष्ठ नेता व संगठन के पधाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा का ध्वज लगा रहे और कार्यकर्ताओं में जोश भर रहे हैं। व्यवस्थाओं के लिए टोली भी बनाई गई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को इंदौर आ रहे हैं। शाह कनकेश्वरी गरबा मैदान में आयोजित संभागीय बूथ सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस आयोजन में भाजपा के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा रहेगा। चुनाव के मौके पर इंदौर में आयोजित होने वाले सम्मेलन के जरिए जहां केंद्रीय मंत्री शाह चुनाव का शंखनाद करेंगे वही कार्यकर्ताओं में उत्साह भी फंूकेंगे। भाजपा द्वारा सम्मेलन और शाह के कार्यक्रम को लेकर खासा माहौल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। उत्साह का माहौल खड़ा करने के लिए शहर के 68 चौराहों को सजाया जा रहा है। मार्गों पर भी सजावट की जा रही है। जगह-जगह बैनर, पोस्टर व झंडे लगाए जा रहे। मंत्री से लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता व संगठन के पदाधिकारी भाजपा का ध्वज लगा रहे हैं। सभी विधानसभा में शुक्रवार की रात से ही सिलसिला शुरू हो गया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, मंत्री तुलसी सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, भाजपा के नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, जिला अध्यक्ष राजेश सोनकर, आईडीए अध्यक्ष जयपालसिंह चावड़ा, विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, आकाश विजयवर्गीय, महेंद्र हार्डिया, वरिष्ठ नेता जीतू जिराती, कृष्णमुरारी मोघे और सुदर्शन गुप्ता सहित अन्य नेताओं ने अलग-अलग चौराहा व स्थानों पर भाजपा का ध्वज लगाया।

सम्मेलन के लिए व्यवस्था टोली का गठन
सम्मेलन को लेकर व्यवस्था टोली का गठन किया गया है। भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे के अनुसार व्यवस्था के लिए अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंच एवं कार्यक्रम स्थल साज-सज्जा व्यवस्था की जिम्मेदारी चंदू शिंदे, जवाहर मंगवानी को, यातायात पार्किंग एवं बाहर से आने वाले वाहनों की व्यवस्था की जिम्मेदारी जीतू जिराती, संदीप दुबे एवं राकेश जैन को कार्यालय व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। ऋषि खनूजा, नितिन पाण्डे, संजय जारोलिया, धीरज खंडेलवाल, गंगाराम यादव एवं डॉ. बीएल शर्मा को, मार्ग-चौराहा एवं साज-सज्जा व्यवस्था मनीष शर्मा मामा, पप्पू ठाकुर, संतोष गौर, अमित शुक्ला को, कार्यक्रम स्थल पर पेयजल एवं स्वच्छता की जवाबदारी राजू चौहान एवं गुड्डा यादव को, भोजन व्यवस्था विजय विजवा, निमेष पाठक एवं राकेश कुशवाह को दी गई है। इसके अलावा मीडिया व्यवस्था रितेश तिवारी एवं नितिन द्विवेदी को, आईटी एवं सोशल मीडिया की जवाबदारी हर्षवर्धन बर्वे एवं मलय दीक्षित एवं सामग्री वितरण की व्यवस्था राजू जोशी को सौंपी गई है।

विजयवर्गीय ने वरिष्ठ नेताओं के साथ तैयारी का लिया जायजा
देर रात तक भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, संभागीय प्रभारी राघवेंद्र गौतम, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा और उपाध्यक्ष गोलू शुक्ला सहित अन्य नेताओं ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

शाह की अगवानी के लिए सज रहे 68 चौराहेतैयारी : भाजपा संभागीय सम्मेलन में कल आएंगे केंद्रीय गृहमंत्री, बीजेपी के बड़े नेताओं ने संभाला मोर्चा Read More »

सीएम का ऐलान… हफ्तेभर में एक दिन पुलिस को भी आराम

आयोजन: सीएम हाउस में पुलिस परिवार का समागम……….

मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों को वीकली आॅफ देने का ऐलान किया है। इसके लिए डीजीपी को आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री शुक्रवार रात सीएम हाउस में आयोजित पुलिस परिवार समागम कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। कार्यक्रम में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, डीजीपी सुधीर सक्सेना, एसीएस होम डॉ. राजेश राजौरा और सीएम शिवराजसिंह की पत्नी साधना सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी और उनके परिवार के लोग मौजूद रहे। इस दौरान सीएम ने पुलिस परिवारों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।
बलिदान का किया उल्लेख – सीएम शिवराजसिंह चौहान ने अपने संबोधन में पुलिसकर्मियों के कार्यों, उनके बलिदान का उल्लेख भी किया, साथ ही महिला पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना की। पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने पुलिसकर्मियों और उनके परिजन के लिए किए गए कार्यों और योजनाओं, जैसे- आवास, स्वास्थ्य सुविधाओं आदि के लिए सीएम शिवराजसिंह का आभार जताया।

सीएम ने ये बड़ी
घोषणाएं की…
’थानों में पदस्थ आरक्षक से उपनिरीक्षक स्तर तक के ऐसे अधिकारी-कर्मचारी, जिनके पास शासकीय वाहन नहीं हैं, उन्हें 15 लीटर पेट्रोल भत्ता हर महीने दिया जाएगा।
’ पौष्टिक आहार भत्ता के रूप में एक हजार रुपए हर महीने दिया जाएगा।
’ आरक्षक से लेकर प्रधान आरक्षक तक वर्दी के लिए मिलने वाला भत्ता 5000 किया जाएगा।
’ राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों को पांचवां वेतनमान दिया जाएगा।
’ भोजन भत्ता 100 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से दिया जाएगा।
’ 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी पुलिसकर्मियों का नि:शुल्क मेडिकल चेकअप किया जाएगा।
’ सभी पुलिसकर्मियों के लिए रोटेशन से साप्ताहिक अवकाश सुनिश्चित किया जाएगा।
’ पुलिसकर्मियों के लिए 25 हजार नए आवास बनाए जाएंगे।

सीएम का ऐलान… हफ्तेभर में एक दिन पुलिस को भी आराम Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights