Hindustanmailnews

मध्य प्रदेश

जेसी मिल श्रमिकों की देनदारियों के भुगतान के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

हिन्दुस्तान मेल, भोपाल………………………इंदौर की हुकुमचंद मिल की तर्ज पर कराएंगे जेसी मिल ग्वालियर के श्रमिकों का भुगतान…


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मजदूरों के हित के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। इंदौर की हुकुमचंद मिल और उज्जैन की विनोद मिल की तर्ज पर जल्द ही ग्वालियर की जेसी मिल के श्रमिकों और प्रदेश की अन्य बंद मिलों की देनदारियों के भुगतान की कार्यवाही की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 30-40 साल से बंद पड़ी ग्वालियर की जेसी मिल के मजदूरों के प्रकरणों में 8 हजार से ज्यादा मजदूरों को उचित न्याय दिलाया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को ग्वालियर की जेसी मिल का जायजा लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने जेसी मिल परिसर का भ्रमण किया, साथ ही नक्शे के माध्यम से जेसी मिल की जमीन और अन्य परिसम्पत्तियों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव को अपने बीच पाकर जेसी मिल श्रमिक और उनके परिजन अभिभूत हो गए। सभी ने पुष्पाहारों से मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आत्मीय स्वागत किया। साथ ही कहा पहली बार कोई मुख्यमंत्री हमारी दु:ख-तकलीफ सुनने जेसी मिल तक आया है। अब हमें पूरा भरोसा है कि जेसी मिल पर लंबित हमारी वर्षों पुरानी देनदारियों का भुगतान हो जाएगा। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जेसी मिल श्रमिकों की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति आभार जताया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जेसी मिल श्रमिकों के हितों की रक्षा की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा सरकार मुकदमा नहीं समाधान चाहती है। इसी भावना के साथ सरकार न्यायालय में श्रमिकों के हित मे अपना पक्ष रखेगी, जिससे श्रमिकों की देनदारियों के भुगतान का रास्ता साफ हो सके। उन्होंने कहा कि जेसी मिल श्रमिकों के स्वत्वों के भुगतान के सिलसिले में अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। मिल की जमीन और परिसम्पत्तियों के सर्वे का काम कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब, महिला, युवा और किसानों को देश के चार स्तम्भ के रूप में रेखांकित किया है। प्रदेश सरकार इन सभी के उत्थान के लिये कृतसंकल्पित होकर काम कर रही है।
ग्वालियर में आईटी इकाइयों
को बढ़ावा दिया जाएगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर में आईटी (सूचना प्रौद्योगिकी) के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। यहां के आईटी विशेषज्ञ युवाओं को बाहर न जाना पड़े, इसके लिये ग्वालियर में सूचना प्रौद्योगिकी पर आधारित इकाइयों को विशेष बढ़ावा दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिये रीजनल कॉन्क्लेव की शृंखला चलाई जा रही है। उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, सागर और रीवा में रीजनल इण्डस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित हो चुकी हैं। इसी कड़ी में 7 दिसम्बर को नर्मदापुरम संभाग एवं जनवरी माह में शहडोल में रीजनल कॉन्क्लेव का आयोजन होने जा रहा है। उन्होंने कहा संभाग स्तर पर रीजनल कॉन्क्लेव की शृंखला पूरी होने के बाद फरवरी माह में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन होगा। प्रदेश में औद्योगिक निवेश के लिये विश्व भर के उद्यमियों को आमंत्रित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस कड़ी में वे जल्द ही जर्मनी व ब्रिटेन के दौरे पर निवेशकों को आमंत्रित करने के लिये जायेंगे। उन्होंने कहा इण्डस्ट्री कॉन्क्लेव जैसे आयोजन से प्रदेश में उद्योग फ्रेंडली माहौल बना है, जिससे वृहद स्तर पर औद्योगिक निवेश हो रहा है। इससे प्रदेश के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

जेसी मिल श्रमिकों की देनदारियों के भुगतान के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री डॉ. यादव Read More »

मप्र में फिर आधी रात को 26 आईएएस के तबादले मुख्यमंत्री के दोनों प्रमुख सचिवों को हटाया

मध्यप्रदेश में एक बार फिर आधी रात को आईएएस अधिकारियों के थोकबंद तबादले किए गए हैं। सोमवार देर रात शासन की ओर से जारी आदेश में 26 आईएएस अफसरों के ट्रांसफर किए गए हैं। नीरज मंडलोई को ऊर्जा एवं पावर मैनेजमेंट का जिम्मा सौंपा गया है।
तबादला आदेश में अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारियों के विभागों में फेरबदल किया गया है।
प्रमुख अफसरों में पद पर कायम हैं डॉ. राजौरा
ट्रांसफर आदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दोनों ही प्रमुख सचिवों को हटा दिया गया है। सीएम के प्रमुख सचिव के रूप में काम कर रहे संजय कुमार शुक्ला और राघवेंद्र कुमार सिंह अब अलग-अलग विभागों के प्रमुख सचिव होंगे। लेकिन सीएम सचिवालय के प्रमुख सचिव नहीं होंगे। यहां अब अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा ही सीएम सचिवालय के प्रमुख अफसरों में रह गए हैं।
सोमवार देर रात जारी हुई तबादला सूची में मुख्य सचिव अनुराग जैन की कसावट भी देखने को मिली है। तबादला सूची में सीएम सचिवालय में बढ़ी अफसरों की भीड़ को संतुलित करने का काम किया गया है। दो प्रमुख सचिव और एक एसीएस स्तर के सीनियर अधिकारी सीएम सचिवालय में थे। जिसमें से अब एसीएस राजौरा ही काम करेंगे। राजौरा को पहले से सौंपी गई जिम्मेदारियों के साथ लोक सेवा प्रबंधन विभाग का जिम्मा भी सौंपा गया है। उनके पास नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष, अपर मुख्य सचिव जल संसाधन जैसे महत्वपूर्ण विभाग पहले से हैं।
एसीएस नीरज मंडलोई से नगरीय विकास और आ‌वास विभाग वापस लेते हुए उन्हें अपर मुख्य सचिव ऊर्जा और एमडी पावर मैंनेजमेंट कंपनी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, मनु श्रीवास्तव से ऊर्जा विभाग वापस लेते हुए उन्हें खेल और युवा कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
दूसरी ओर पिछले महीने सीएम मोहन यादव की बैठक में नाराजगी के चलते प्रमुख सचिव पशुपालन विभाग से हटाए गए गुलशन बामरा को अब प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य विभाग बनाया गया है।
मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव के रूप में काम कर रहे संजय कुमार शुक्ल को इस पद से हटाने के बाद नगरीय विकास और आ‌वास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे इसके अलावा पूर्व में सौंपे गए विभाग संभालते रहेंगे। शुक्ल को आयुक्त हाउसिंग बोर्ड का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वहीं सीएम के एक अन्य पीएस राघवेंद्र सिंह से लोक सेवा प्रबंधन विभाग ले लिया गया है और प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति और निवेश प्रोत्साहन के साथ प्रमुख सचिव एमएसएमई का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इस तबादले आदेश में प्रमुख सचिव श्रम उमाकांत उमराव की फिर वापसी हुई है। मुख्यमंत्री ने चार महीने पहले उन्हें राजस्व मंडल का सदस्य बनाकर ग्वालियर भेज दिया था।
दो महीने पहले वे श्रम विभाग के पीएस बनाए गए थे और सोमवार को जारी आदेश में उन्हें प्रमुख सचिव खनिज साधन विभाग और श्रम, पशुपालन विभाग बनाया गया है। साथ ही खनिज निगम, संचालक खनिकर्म का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
शहडोल के कमिश्नर पद से दो महीने के अंतराल में श्रीमन शुक्ला की छुट्‌टी कर दी गई है। उन्हें आयुक्त आदिवासी विकास के पद पर पदस्थ किया गया है। उनके स्थान पर सुरभि गुप्ता को शहडोल संभाग का आयुक्त पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही डॉ. नवनीत मोहन कोठारी से एमएसएमई विभाग के सचिव का पद लेकर उन्हें सचिव पर्यावरण और महानिदेशक एप्को बनाया गया है।
प्रियंका दास की पोस्टिंग लंबे अंतराल बाद एनएचएम से बाहर की गई है। उन्हें अपर सचिव एमएसएमई बनाया गया है। दिलीप कुमार को एमडी लघु उद्योग निगम व आयुक्त उद्योग तथा मदन विभीषण नागरगोजे को आयुक्त हस्तशिल्प और हाथकरघा का जिम्मा सौंपा गया है। मदन को राजस्व मंडल ग्वालियर से वापस भोपाल लाया गया है।
प्रीति मैथिल को श्रम विभाग से हटाते हुए अपर सचिव खाद्य प्रसंस्करण और उद्यानिकी का जिम्मा सौंपा गया है। आयुक्त हाउसिंग बोर्ड मनीष सिंह को अपर सचिव परिवहन विभाग बनाया गया है। एमडी खनिज निगम अनुराग चौधरी अब अपर सचिव पिछड़ा वर्ग अल्पसंख्यक कल्याण विभाग होंगे। मोहित बुंदस अपर सचिव वन विभाग, मनोज पुष्प को संचालक पंचायत राज से अब आयुक्त सहकारिता विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है।
आदेश में जीएडी और लोक सेवा प्रबंधन विभाग में पदस्थ अपर सचिव गिरीश शर्मा को अब वहां से हटाते हुए परियोजना संचालक स्किल डेवलपमेंट और अपर सचिव तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास व रोजागर विभाग व सीईओ रोजगार निर्माण बोर्ड बनाया गया है। पंकज जैन एमडी भवन विकास निगम होंगे।

मप्र में फिर आधी रात को 26 आईएएस के तबादले मुख्यमंत्री के दोनों प्रमुख सचिवों को हटाया Read More »

मुरैना में लगेगा देश का पहला सोलर पॉवर स्टोरेज प्लांट

.हिन्दुस्तान मेल, मुरैना………………मुरैना में जल्द ही देश का पहला सोलर पॉवर स्टोरेज प्लांट लगने जा रहा है। माना जा रहा है कि अगले साल तक इस प्रोजेक्ट- मुरैना-1 पर काम शुरू हो जाएगा और साल 2027 तक यह प्लांट काम करना शुरू कर देगा। अपनी तरह का यह पहला सोलर पावर प्लांट होगा जहां इलेक्ट्रिसिटी को स्टोर करके रात में भी पावर सप्लाई की जा सकेगी।
मुरैना में करीब तीन हजार हेक्टेयर जमीन पर बनने वाले 600 मेगावॉट क्षमता के इस प्लांट की लागत करीब 3500 करोड़ रुपए रहेगी। खास बात यह है कि आमतौर पर सोलर पावर प्लांट दिन के समय बिजली देते हैं लेकिन सूरज ढलने के बाद सप्लाई की समस्या आती है। लेकिन यह समस्या इस प्लांट में नहीं आएगी क्योंकि यहां दिन में सूरज की गर्मी से बनी बिजली स्टोर कर ली जाएगी और रात के समय जरूरत पड़ने पर यहां से बिजली दी जा सकेगी।
उत्तर प्रदेश का भी फायदा
इस प्लांट को बनाने के बाद कोशिश यह रहेगी कि एमपी और यूपी यहां से 6-6 महीने के पीरियड में बिजली खरीद सकेंगे। इससे खासतौर पर किसानों की मदद होगी। रबी की फसलों के दौरान रात के समय किसानों को बिजली की जरूरत होती है जिसे यहां से पूरा किया जा सकेगा। वर्तमान में राज्य सरकार रबी फसलों के लिए जो बिजली लेती हैं वह महंगी दरों पर खरीदी जाती है। लेकिन इस प्लांट से सरकार को बिजली 4-5 रुपए प्रति यूनिट की दर पर मिल सकेगी।

मुरैना में लगेगा देश का पहला सोलर पॉवर स्टोरेज प्लांट Read More »

जुए के अड्डे का भंडाफोड़… भाजपा नेता से जुड़े हैं तार!

गौतमपुरा के गुर्जर मोहल्ले में स्थित भाजपा नेता विनोद गुर्जर की दुकान के ऊपर बड़े जुआ अड्डे का भंडाफोड़ हुआ है। क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में दो लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें सुनील गुर्जर और जितेन्द्र राठौर शामिल हैं। यह घटना शनिवार देर रात की है, जब पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापा मारा। बताया जा रहा है कि मौके पर लगभग 15-20 जुआरी मौजूद थे, लेकिन अधिकतर पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गए और वर्ग विशेष समुदाय के घरों में छुप गए। सूत्रों के मुताबिक… इस जुए के अड्डे में मजदूर वर्ग के लोग शामिल होते हैं, जो ऊंचे ब्याज पर हफ्ते से रुपए लेकर जुआ खेलते हैं। हार के बाद निराशा में कुछ लोगों ने आत्महत्या तक की घटनाओं को अंजाम दिया है। जुआ और सट्टेबाजी का यह गढ़ पूरे क्षेत्र में अपनी जड़ें जमा चुका है, जो न केवल परिवारों को आर्थिक रूप से बर्बाद कर रहा है, बल्कि समाज में अपराध को भी बढ़ावा दे रहा है। गौतमपुरा और आसपास के इलाकों में जुआ और सट्टेबाजी के ऐसे अड्डे बड़े स्तर पर सक्रिय हैं। इस मामले में पुलिस ने भाजपा नेता विनोद गुर्जर की दुकान के ऊपर अड्डे का खुलासा किया है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि इस दुकान पर केवल जुआ ही नहीं, बल्कि सट्टेबाजी का कारोबार भी चल रहा था। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोग इसे लेकर बेहद चिंतित हैं। पुलिस की इस कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को पहले से जुआ अड्डों की जानकारी थी, लेकिन बड़ी मछलियों तक पहुंचने में विफल रही। शनिवार की रात हुए इस छापे में पुलिस ने मोहल्ले के कई घरों में तलाशी ली, पर कई मुख्य आरोपी हाथ नहीं लगे।

जुए के अड्डे का भंडाफोड़… भाजपा नेता से जुड़े हैं तार! Read More »

सूने मकान पर चोरों का धावा…लाखों के आभूषणों पर हाथ साफ..

हिन्दुस्तान मेल, कसरावद….बलकवाड़ा थाना के खलटाका पुलिस चौकी क्षेत्र में फिर एक बार चोरी की घटना हुई है। ग्राम पंचायत मुकंदपुरा के सार्थक नगर में एक सूने मकान में धावा बोलकर लाखों रुपए के सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया, वहीं फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सार्थक नगर में एक किराए के मकान में रह रहे आत्माराम सहिते निवासी ग्राम बज्जटा राजपुर तहसील ठीकरी के रहने वाले हैं, जो की पिछले एक वर्ष से किराए के कमरे में रह रहे हैं, वहीं चोरी की वारदात के समय परिवार घर पर नहीं था। वह अपने गृहग्राम बज्ज्जटा गया हुआ था। घटना की सूचना पड़ोस वालों द्वारा दी गई थी, तभी मौके पर आकर देखा तो घर पर पूरा सामान बिखरा हुआ पड़ा था। घर में से सोने के आभूषण एक जोड़ झुमकी, एक जोड़ टाप्स, एक मंगलसूत्र, दो जोड़ पायजेब सहित लाखों रुपए का सामान ले उड़े। फरियादी द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई, साथ ही सूचना मिलने पर खलटाका पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र अवास्या में टीम के साथ जाकर मौका मुआयना किया गया, वहीं घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी मनोहरसिंह गवली भी पहुंचे। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दे रहा है, वहीं पुलिस जांच में जुट गई है। खलटाका पुलिस चौकी प्रभारी का भी मामले को लेकर यही कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसके आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। मामले को जांच में लिया गया है।

सूने मकान पर चोरों का धावा…लाखों के आभूषणों पर हाथ साफ.. Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights