Hindustanmailnews

Author name: Hindustanmailnews

मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता पर विवाद: तेलंगाना में आयोजन को लेकर सियासी तूफान की वजह क्या, कांग्रेस क्यों घिरी?

दरअसल, तेलंगाना की प्रमुख पार्टी भारतीय राष्ट्र समिति (बीआरएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मिस वर्ल्ड का आयोजन तेलंगाना में कराए जाने को लेकर सवाल उठाए हैं। जहां सत्तासीन कांग्रेस का कहना है कि इस आयोजन से तेलंगाना वैश्विक नक्शे पर अपनी जगह बनाने में कामयाब रहेगा, वहीं विपक्ष का कहना है कि राज्य पहले ही आर्थिक समस्याओं से जूझ रहा है। सरकार को पहले ही सरकारी कर्मियों की तनख्वाह देने और अहम खर्चे उठाने में मुश्किलें आ रही हैं, लेकिन कांग्रेस मिस वर्ल्ड के भव्य आयोजन के लिए भारी-भरकम रकम खर्च करने के लिए तैयार है।    

तेलंगाना सरकार मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता को राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने का अहम जरिया बताती रही है। मंगलवार को ही मौजूदा मिस वर्ल्ड क्रिस्टीना पिस्जकोवा ने तेलंगाना टूरिज्म का प्रचार करते हुए यदागिरीगुट्टा श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर के बाहर अलग-अलग जगहों पर गुलाबी साड़ी में फोटो खिंचवाईं। इस पोस्ट में क्रिस्टीना ने लिखा, “यदागिरी गुट्टा मंदिर में आने से मुझे खुशी और शांति मिली। और यह सिर्फ शुरुआत है। मैं तेलंगाना और इसके छिपे हुए खजाने को देखने का इंतजार नहीं कर सकती।”

मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता पर सियासत क्यों शुरू हो गई?
तेलंगाना में मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के आयोजन पर बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (केटीआर) ने सबसे पहले मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की आलोचना की। उन्होंने तेलंगाना सरकार पर एक ब्यूटी पेजेंट के लिए 200 करोड़ रुपये आवंटित करने के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पेंशन के भुगतान, सरकारी कर्मियों की तनख्वाह, कल्याणकारी योजनाओं के लिए वित्तीय प्रबंधन में लगातार देरी हो रही है और ‘जनता के पैसे’ को ब्यूटी कॉन्टेस्ट में लगाया जा रहा है।

कांग्रेस सरकार हमें यह मनवाना चाहती है कि तेलंगाना में सबकुछ ठीक है। जाहिर तौर पर उनके हिसाब से निवेश लगातार आ रहा है। कृषि क्षेत्र बढ़ रहा है। कल्याणकारी योजनाएं उच्चतम स्तर पर हैं और मुख्यमंत्री दिन में 18 घंटे काम कर रहे हैं। 

जिस मामले में कांग्रेस ने बिठाई केटीआर के खिलाफ जांच, उस पर क्या बोले?
इतना ही नहीं केटीआर ने तेलंगाना सरकार पर पाखंड करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की तुलना अपनी सरकार के दौरान कराई गई फॉर्मूला-ई रेस से की, जो कि वैश्विक मोटरस्पोर्ट इवेंट के तौर पर प्रचारित किया गया था। कांग्रेस ने बाद में इस रेस के आयोजन में ज्यादा वित्तीय खर्च का हवाला देते हुए इसे रद्द कर दिया था।

केटीआर ने कहा, “अगर फॉर्मूला-ई रेस को पैसों की बर्बादी कहा गया, तो अब एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट पर उसके मुकाबले चार गुना खर्च कैसे न्यायसंगत हो गया? हैदराबाद में ई-रेस के लिए 46 करोड़ रुपये खर्च करना गलत था और इसके चलते मुझ पर केस दर्ज किए जा रहे हैं। लेकिन मिस वर्ल्ड के लिए 200 करोड़ खर्च करना ठीक है। यह कैसा भ्रष्ट तर्क है?” 

गौरतलब है कि फॉर्मूला-ई रेस को लेकर केटीआर पर कांग्रेस सरकार ने जांच बिठाई है। उनके खिलाफ आर्थिक अनियमितता के आरोप में भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी) की जांच चल रही है। केटी रामा राव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चुनौती देते हुए इस पर जवाब मांगा।

विपक्ष ने चुनावी वादों को लेकर कांग्रेस को घेरा
गौरतलब है कि बीआरएस लगातार राज्य की कांग्रेस सरकार को वित्तीय योजनाओं के मसले पर घेर रही है। विपक्ष का आरोप है कि कांग्रेस ने 2023 के चुनावी अभियान के दौरान वादे किए थे, वह उन्हें पूरा नहीं कर पा रही है। फिर चाहे वह किसानों की कर्ज माफी का वादा हो या लोक कल्याण से जुड़ी योजनाएं। बीआरएस का कहना है कि कांग्रेस सरकार उन कार्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है, जिससे लोगों को सीधे तौर पर कोई फायदा नहीं होता। 

इसी मंगलवार को जब तेलंगाना विधानसभा में बजट पेश किया गया, तब बीआरएस के सांसदों ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान कुछ सांसद सूखी हुई फसलें लेकर सदन में पहुंचे थे और उन्होंने इसे कांग्रेस-निर्मित सूखा करार दिया था। बीआरएस ने मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के आयोजन का भी विरोध किया था और परेशान किसानों को 25 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा देने की मांग उठाई थी।

कांग्रेस ने कैसे किया पलटवार?
बीआरएस के इन आरोपों पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने पलटवार किया। उन्होंने मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता आयोजित करने का बचाव करते हुए राज्य के पूर्व सीएम और बीआरएस नेता के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) पर तेलंगाना को दिवालिया करने का आरोप लगाया। रेड्डी ने कहा कि बीआरएस की पूर्व सरकार की वजह से कांग्रेस सरकार को हर महीने कर्ज पर सिर्फ ब्याज के तौर पर 1.53 लाख करोड़ रुपये चुकाने होते हैं। सीएम ने कहा कि अगर इतनी बड़ी रकम बचा ली जाती तो सरकार सबके लिए घर बना सकती थी। किसानों के साथ 70 लाख और लोगों के कर्ज माफ किए जा सकते थे।


मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता पर विवाद: तेलंगाना में आयोजन को लेकर सियासी तूफान की वजह क्या, कांग्रेस क्यों घिरी? Read More »

Champions Trophy: विजेता भारतीय टीम पर पैसों की बारिश, BCCI ने 58 करोड़ रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की

यह भारत की सातवीं आईसीसी ट्रॉफी रही। इससे पहले टीम 1983 और 2011 वनडे विश्व कप, 2007 और 2024 टी20 विश्व कप और 2002, 2013 और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत चुकी है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम पर पैसों की बारिश की है। बोर्ड ने टीम इंडिया के लिए 58 करोड़ रूपये नकद पुरस्कार की घोषणा की है। यह वित्तीय लाभ खिलाड़ियों, कोचिंग और सहयोगी स्टाफ के साथ-साथ अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली पुरुष चयन समिति के सदस्यों को भी मिलेगा। बोर्ड ने अपने बयान में पुरस्कार का ब्यौरा नहीं दिया।

बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘लगातार आईसीसी खिताब जीतना खास है और यह पुरस्कार वैश्विक मंच पर टीम इंडिया के समर्पण और उत्कृष्टता को मान्यता देता है।’ भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था। यह भारत का लगातार दूसरा आईसीसी टूर्नामेंट खिताब था। इससे पहले 2024 में टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप जीता था।

बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया का बयान
वहीं, बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने कहा कि इस जीत से साबित होता है कि भारत सीमित गेंद के प्रारूपों में शीर्ष रैंकिंग का हकदार है। सैकिया ने कहा, ‘विश्व क्रिकेट में भारत का दबदबा कड़ी मेहनत और कुशल रणनीति का नतीजा है । इस जीत से साबित होता है कि सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारत शीर्ष रैंकिंग का हकदार है और हमें यकीन है कि आगे भी टीम यूं ही प्रदर्शन करती रहेगी।’

उन्होंने कहा, ‘खिलाड़ियों ने जिस प्रतिबद्धता और समर्पण का प्रदर्शन किया है, उससे नये मानदंड कायम हुए हैं। हमें यकीन है कि भारतीय क्रिकेट आगे भी विश्व स्तर पर नई ऊंचाइयों को छूता रहेगा।’ बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने आईसीसी टूर्नामेंट में दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा, ‘खिलाड़ियों ने दबाव में भी शानदार प्रदर्शन किया। उनकी सफलता देश में उदीयमान क्रिकेटरों के लिये प्रेरणास्रोत बनेगी। टीम ने फिर साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट कौशल, मानसिक दृढता और जीत की मानसिकता की मजबूत नींव पर खड़ा है।’

फाइनल मैच में क्या हुआ था?
फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने सात विकेट गंवाकर 50 ओवर में 251 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 49 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रोहित ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 76 रन बनाकर भारत को मुश्किल परिस्थितियों से निकाला। यह भारत की सातवीं आईसीसी ट्रॉफी रही। इससे पहले टीम 1983 और 2011 वनडे विश्व कप, 2007 और 2024 टी20 विश्व कप और 2002, 2013 और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत चुकी है। भारत इस पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा था। उसने लगातार पांच मैच जीते थे।  ग्रुप स्टेज में बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को हराने के बाद भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया और फाइनल में फिर से कीवियों को हराया था।

चैंपियन बनने के बाद आईसीसी की ओर से पैसों की बारिश
विजेता भारतीय टीम पर चैंपियन बनने के बाद विजेता राशि के रूप में भी पैसों की बारिश हुई थी। भारतीय टीम को 2.4 मिलियन अमेरिका डॉलर यानी करीब 19.5 करोड़ रुपये मिले थे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए इनामी राशि में पिछली बार की तुलना में 53 प्रतिशत का इजाफा किया था। इस टूर्नामेंट की कुल इनामी राशि बढ़कर 6.9 मिलियन डॉलर (करीब 60 करोड़ रुपये) हुई थी। विजेता के अलावा उपविजेता न्यूजीलैंड की टीम को 1.12 मिलियन डॉलर (करीब 9.72 करोड़ रुपये) मिले, जबकि सेमीफाइनल में बाहर होने वाली दोनों टीमें ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका को 56000 डॉलर (4.86 करोड़ रुपये) मिले थे।

Champions Trophy: विजेता भारतीय टीम पर पैसों की बारिश, BCCI ने 58 करोड़ रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की Read More »

CG Encounter: बीजापुर और कांकेर में दो अलग-अलग मुठभेड़, 24 नक्सली ढेर; ऑटोमेटिक हथियार व गोला-बारूद बरामद

बीजापुर जिले के गंगालुर थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। बीजापुर पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि बीजापुर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के एक जवान का बलिदान हो गया है। वहीं नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में 20 नक्सली मारे गए हैं। वहीं, दूसरी और कांकेर में जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें चार नक्सली मारे गए। सभी 24 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए हैं।  

मुठभेड़ में 20 नक्सली ढेर
मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद के साथ 20 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। वहीं, दूसरी तरफ मुठभेड़ में बीजापुर डीआरजी के एक जवान का बलिदान हो गया है। मुठभेड़ के बाद तलाशी अभियान जारी है। 

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बीजापुर और दंतेवाड़ा की सरहद के जंगली क्षेत्र गंगालुर थाना इलाके के तोड़का एंड्री के जंगल में सुरक्षाबलों की संयुक्त पार्टी के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान होने की खबर है।

CG Encounter: बीजापुर और कांकेर में दो अलग-अलग मुठभेड़, 24 नक्सली ढेर; ऑटोमेटिक हथियार व गोला-बारूद बरामद Read More »

संविधान यात्रा को लेकर ताकत झोंकी, राहुल-प्रियंका गांधी आएंगे

हिन्दुस्तान मेल, इंदौर
जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान के अवसर पर 27 जनवरी को महू में होने वाली रैली एवं आमसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस ने ताकत झोंक दी है। कांग्रेस के बड़े छोटे नेताओं ने मैदान पकड़ रखा है। महू और आसपास के इलाकों में घर घर न्योता दिया जा रहा है। आयोजन में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, राहुल व प्रियंका गांधी भी आएंगे।
सैनिक छावनी और भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहेब आंबेडकर की नगरी महू में 27 जनवरी को बड़ा सियासी जलसा होने जा रहा है। जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान के मौके पर आयोजित बड़ी रैली और आमसभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सहित कई राष्ट्रीय व प्रादेशिक नेता शामिल होंगे। इस मौके कांग्रेस ने दो लाख लोगों के आने का दावा किया है। कांग्रेस की युद्ध स्तर पर तैयारियां जारी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और अन्य बड़े नेता जगह जगह दौरा कर रहे हैं। जनता को आमंत्रित करने के लिए कांग्रेस द्वारा महू ओर आसपास के इलाकों मेंघर-घर दस्तक अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी मेंअखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं इंदौर संगठन प्रभारी रवि जोशी,पुर्व विधायक विपिन वानखेड़े ,जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया,ओम् सिलावट, जीतू ठाकुर, विजेन्द्र सिंह चौहान, शक्तिसिंह चौहान सहित महू के वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उनके निवास पर जाकर मुलाकात कर आयोजन मे सभी वरिष्ठजनों को कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया गया। घर घर जनता से भी सम्पर्क किया गया।कांग्रेस कार्यकर्ताओ को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा की प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उनके ह्यभक्तह्ण लगातार बाबा साहब और संविधान का अपमान कर जातिगत जनगणना का विरोध कर रहे है वही भाजपा संविधान के साथ छेड़छाड़ कर आरक्षण समाप्त करना चाहती है।

संविधान यात्रा को लेकर ताकत झोंकी, राहुल-प्रियंका गांधी आएंगे Read More »

सुपर कॉरिडोर के विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

हिन्दुस्तान मेल, इंदौर
सुपर कॉरिडोर के विकास कई बाधाएं आड़े आ रही हैं। विकास में आ रही बाधाओं को लेकर संभागायुक्त और आईडीए चेयरमैन ने सुपर कॉरिडोर और आसपास चल रहे विकास स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने बाधाओं को शीघ्र दूर करने के दिए निर्देश दिए। साथ ही कन्वेंशन सेंटर के कामों में आ रही दिक्कतों को भी दूर करने के लिए कहा।
इंदौर विकास प्राधिकरण की महत्वपूर्ण योजनाओं में सुपर कॉरिडोर भी शरीक है। बाधाओं की वजह से कई विकास कार्यों प्रभावित हो रहे हैं। बाधाओं को दूर करने के लिए संभागायुक्त और आईडीए चेयरमैन दीपक सिंह ने मैदान पकड़ लिया है। उन्होंने आईडीए सीईओ आरपी अहिरवार और अफसरों के साथ सुपर कॉरिडोर व आसपास के विकास स्थलों का मैदानी जायजा लिया। इस दौरान अफसरों को विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को जल्द दूर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने सुपर कॉरिडोर के पास प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा आईडीए की सुपर कॉरिडोर और उसके आसपास की योजनाओं के क्षेत्र का भी मुआयना किया। साथ ही प्राधिकरण की प्रस्तावित महत्वपूर्ण नवीन अहिल्यापथ योजना के अंतर्गत एपी1 से 5 तक की योजनाओं के स्थल को भी देखा। निरीक्षण के दौरान सीईओ आरपी अहिरवार ने सुपर कॉरिडोर पर किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने आईडीए चेयरमैन सिह को टीपीएस 10 की प्रगति के बारे में भी अवगत कराया। संभागायुक्त सिंह ने सुपर कॉरिडोर की मिसिंग लिंक के संबंध में चर्चा करते हुए संबंधित जमीन मालिकों को बुलाकर चर्चा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी अनिल जोशी,अनिल चुग और कपिल भल्ला सहित अन्य अफसर मौजूद थे।

सुपर कॉरिडोर के विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights