Hindustanmailnews

Author name: Hindustanmailnews

अविका की फिल्म ‘1920 हॉरर्स आॅफ द हार्ट’ ने जीता दर्शकों का दिल

सिनेमाघरों में इस समय एक हॉरर फिल्म चल रही है, जो लोगों का ध्यान खींच रही है। मशहूर फिल्ममेकर विक्रम भट्ट की बेटी कृष्णा भट्ट ने डायरेक्शन के क्षेत्र में डेब्यू करते हुए फिल्म ‘1920 हॉरर्स आॅफ द हार्ट’ बनाई है, जो 23 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है और लोगों को पसंद भी आ रही है। अविका गौर और राहुल देव स्टारर इस फिल्म ने पहले वीकेंड अच्छी कमाई की है।
अविका गौर और राहुल देव की फिल्म ‘1920 हॉरर्स आॅफ द हार्ट’ शुक्रवार यानी 23 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। सिनेमाघरों में काफी समय के बाद हॉरर फिल्म रिलीज हुई है और इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म ‘1920 हॉरर्स आॅफ द हार्ट’ ने रिलीज के बाद फर्स्ट वीकेंड पूरा कर लिया है। फिल्म ने पहले वीकेंड पर 5.42 करोड़ रुपए की कमाई की है। अविका गौर और राहुल देव की इस फिल्म की पहले दिन की कमाई के आंकड़ों पर नजर डालें तो शुक्रवार को 1.48 करोड़ रुपए, शनिवार को 1.85 करोड़ रुपए और रविवार को 2.09 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है। फिल्म ‘1920 हॉरर्स आॅफ द हार्ट’ में कोई बड़ा स्टार नहीं है और ना ही इसका ज्यादा प्रमोशन हुआ है। इसके बावजूद फिल्म ने अच्छी शुरुआत की है। फिल्म ने उस समय अच्छी शुरुआत की है जब सिनेमाघरों में ‘आदिपुरुष’ और ‘जरा हटके, जरा बचके’ जैसी फिल्में लगी हैं।
फिल्म में एक लड़की को पता चलता है कि उसके पिता की मौत की जिम्मेदार उसकी मां है। इसके बाद वह अपने पिता की मौत का बदला लेने के लिए प्लान बनाती है। फिल्म में इस लड़की (मेघना) का रोल अविका गौर ने निभाया है।

अविका की फिल्म ‘1920 हॉरर्स आॅफ द हार्ट’ ने जीता दर्शकों का दिल Read More »

सिका-54 में नारकोटिक्स दिवस पर सेमिनार………………….

नशे से दूरी ही भली… करेंगे न करने देंगे……………

जागरूकता ही अंतिम निवारक उपाय है। ‘नशे को ना कहें’ की शपथ लें और इसके दुष्परिणामों को समझें, तभी हम मुसीबतों से बच सकते हैं। यह कहना रहा सिका 54 में मौजूद गणमान्यजन का, जो नारकोटिक्स दिवस पर सेमिनार को संबोधित कर रहे थे।
सिका 54 में नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय नारकोटिक्स दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल इस महत्वपूर्ण मुद्दे के सूक्ष्म पहलुओं पर प्रकाश डालने के लिए बतौर अतिथि वक्ता मौजूद थीं। उन्होंने छात्रों को उन तरीकों और साधनों के बारे में बताया, जिनके माध्यम से किसी को ऐसे रैकेट में शामिल तत्वों द्वारा उन्हें शिकार बनाया जा सकता है। उन्होंने नशीली दवाओं के दुरुपयोग की प्रकृति और साइबरनेटिक्स के साथ इसके संबंध पर प्रकाश डाला। यह स्पष्ट है कि जागरूकता ही अंतिम निवारक उपाय है।
इस अवसर पर डीएसपी संतोष हाड़ा ने विद्यार्थियों से इन कुप्रथाओं के प्रति सचेत रहने की अपील की। सिका एज्यूकेशनल ट्रस्ट के अध्यक्ष पी. बाबूजी ने छात्रों को उन सभी परिस्थितियों से बचने के लिए दृढ़ संकल्पित होने की सलाह दी, जो नशीली दवाओं के दुरुपयोग का कारण बन सकती हैं। प्रिंसिपल सुजा एस. मैथ्यू ने इस दासता पर काबू पाने के लिए सभी निवारक उपाय करने का आश्वासन दिया। वाइस-प्रिंसिपल प्राची गर्ग ने विद्यार्थियों से ‘नशे को ना कहें’ की शपथ लेने को कहा।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ जागरूकता पैदा करने वाली नाटिका प्रस्तुत की गई। बारहवीं कक्षा की छात्रा प्रिशा कपारिया ने सामाजिक बुराई के बारे में जानकारी साझा की।
छात्र नशीली दवाओं के दुरुपयोग की बुराई के खिलाफ सावधानी बरतने और ऐसा कोई भी मामला सामने आने पर हर सहायता प्रणाली का उपयोग करने के संकल्प के साथ आगे आए। कार्यक्रम में ट्रस्टी कार्तिक शास्त्री और एसएम अय्यर उपस्थित थे।

सिका-54 में नारकोटिक्स दिवस पर सेमिनार…………………. Read More »

मोदी ने भारत को विश्व पटल पर पहुंचाने का लक्ष्य रखा: सिंधिया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को विश्व पटल पर पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। उनकी अमेरिका यात्रा भी इसी लक्ष्य का हिस्सा है। इतिहास में पहली बार 130 देशों ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में भागीदारी की। यह बात नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को इंदौर में कही। वे भाजपा नेता और प्रदेश के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र पटवा के यहां विवाह समारोह में शामिल होने आए थे।
सिंधिया ने पटना में विपक्षी दलों की बैठक पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि लालूप्रसाद ने अपने दिल की बात कहकर यह साबित कर दिया कि बैठक का मूलमंत्र राहुल गांधी की शादी ही था। सब एकता का पाठ पढ़ाने के लिए एकजुट हुए थे, लेकिन वहां ऐसा कुछ नहीं हुआ। विमानतल पर मीडिया से बातचीत में उन्‍होंने कहा कि पीएम ने नया इतिहास बनाने का लक्ष्‍य रखा है। सबने उनकी प्रशंसा की है। संंयुक्‍त राष्‍ट्र में अंतर्राष्‍ट्रीय योग दिवस मनाया गया। उनका इजिप्‍त दौरा भी ऐतिहासिक रहा। सिंधिया ने कहा कि आज भारत सोच और विचारधारा के साथ विकास के पथ पर अग्रसर हो रहा है। भारत की प्रगति अकेले नहीं, संपूर्ण विश्‍व की प्रगति है। उसी संदेश के साथ भारत आगे बढ़ रहा है। उन्‍होंने कहा कि भोपाल में पीएम के स्‍वागत के लिए हम सब आतुर हैं। वे देशभर के कार्यकर्ताओं को भोपाल से संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कभी मप्र खाली नहीं आते हैं। वे भोपाल के स्‍टेशन से वंदे भारत ट्रेनों का शुभारंभ करेंगे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत मंत्री तुलसीराम सिलावट, संसद सदस्‍य शंकर लालवानी, भाजपा नेता सुदर्शन गुप्ता, मधु वर्मा, विधायक मालिनी गौड़, विधायक मनोज चौधरी खातेगांव, पूर्व विधायक जीतू जिराती, प्रमोद टंडन, मोहन सेंगर, राजू चौहान सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया।

मोदी ने भारत को विश्व पटल पर पहुंचाने का लक्ष्य रखा: सिंधिया Read More »

डेढ़ साल के बच्चे पर चढ़ा दी जेसीबी, पोटली में ले जाना पड़ा शव

लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक जेसीबी चालक की लापरवाही ने डेढ़ वर्षीय यतिन वारेला की जान ले ली। इस मामले में पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार यतिन अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान जेसीबी चालक ने रिवर्स लेते समय उसका ध्यान नहीं रखा और बच्चे को कुचल डाला। इसके बाद मासूम के शव को पोटली में ले जाना पड़ा।
बताया जाता है कि यह घटना लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित स्काय सिटी की है। कॉलोनी में सड़क निर्माण का काम चल रहा है। रविवार को जेसीबी का चालक काम कर रहा था। बागवान सुनील वारेला की झोपड़ी भी बनी हुई है। सुनील का डेढ़ वर्षीय बेटा यतिन बाहर ही खेल रहा था। सुनील स्काय सिटी में माली का काम करता है। उसने थोड़ी देर पहले ही चालक से कहा था कि बच्चा बाहर खेल रहा है। जब वह रिवर्स ले रहा था, तब भी आवाज लगाई थी, लेकिन उसने ध्यान नहीं रखा और बच्चे को कुचल दिया।

वंश के परिजनों से मिले महापौर, 1 लाख की दी सहायता
इधर, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और क्षेत्रीय पार्षद महेश बसवाल पिछले दिनों गड्ढे में डूबने से दिवंगत वंश (5) के माता-पिता से मिले। भार्गव ने भविष्य में ऐसे हादसे की पुनरावृत्ति नहीं होने देने की बात कही। परिजन को 1 लाख की सहायता भी दी गई। उधर, महापौर ने शहर में चल रहे रेस्टोरेशन कार्यों की समीक्षा बैठक ली। महापौर ने एलएंडटी कंपनी को कार्यों में तेजी लाने, समय पर काम नहीं होने पर संबंधित कंसल्टेंट को भी नोटिस देने और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए।

डेढ़ साल के बच्चे पर चढ़ा दी जेसीबी, पोटली में ले जाना पड़ा शव Read More »

जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे से पहले ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जितनी विश्व में पताका फहरा दी है, उतना ही देश के हर वर्ग को बहुत कुछ दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की गरीबी पिछले नौ सालों में 22 प्रतिशत से कम होकर 10 प्रतिशत रह गई है। भारत की अति गरीबी एक प्रतिशत से भी कम हो गई है। ये कांग्रेस पार्टी के लोग जो पढ़ते-लिखते कम हैं, उनको मालूम नहीं है कि मॉडर्न स्ट्रेट की रिपोर्ट बताती है कि आज सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था भारत की है। अमेरिका की विकास दर 7.9 पर है, जबकि भारत 8.10 प्रतिशत से आगे बढ़ गया है।
यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को भोपाल आगमन पर स्टेट हैंगर में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का मान और सम्मान बढ़ा है। आज दुनिया को भारत से सबसे अधिक उम्मीद है।
नड्डा ने कहा कि हम सबका सौभाग्य है कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को मेरा बूथ, सबसे मजबूत के तहत करोड़ों कार्यकर्ताओं का डिजिटली मार्गदर्शन करेंगे। यह कार्यक्रम संगठन का अलग और बड़ा आयोजन है, जिसमें हर कार्यकर्ता संकल्प लेकर पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

राजधानी से चलकर आज दोपहर 3 बजे जबलपुर पहुंचेगी वंदेभारत ट्रेन
आज भोपाल से चलकर जबलपुर पहुंचने वाली वंदे भारत ट्रेन के स्‍वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से मंगलवार की सुबह 10.45 बजे वंदे भारत ट्रेन जबलपुर के लिए रवाना की जाएगी। जबलपुर स्‍टेशन में वंदेभारत ट्रेन के आगमन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, पिपरिया, करेली, गाडरवारा में वंदे भारत ट्रेन का स्वागत किया जाएगा। दोपहर करीब तीन बजे ट्रेन जबलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
प्लेटफार्म पांच से रवाना होगी गोंडवाना
जबलपुर से चलकर कटनी, सागर मार्ग से होकर निजामुद्दीन स्टेशन को जाने वाली ट्रेन नंबर 22181 गोंडवाना एक्सप्रेस का जबलपुर स्टेशन पर प्लेटफार्म बदल दिया गया है। यह ट्रेन मंगलवार को प्लेटफार्म छह की बजाए 5 से अपने तय समय दोपहर 15:30 बजे निजामुद्दीन स्टेशन के लिए रवाना होगी।

जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे से पहले ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights