हरिकोटा, एजेंसी। भारत का चंद्रयान-3 13 जुलाई को दोपहर 2.30 बजे लॉन्च किया जा सकता है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने इसरो के अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है। हालांकि, इसरो चीफ एस. सोमनाथ ने न्यूज एजेंसी से कहा कि इसे 12 जुलाई से 19 जुलाई के बीच लॉन्च होना है।
यान पूरी तरह तैयार है। सारे टेस्ट पूरे हो जाने के बाद लॉन्चिंग की सही तारीख की घोषणा की जाएगी। अगर चंद्रयान-3 का लैंडर चांद पर उतरने में सफल होता है तो भारत ऐसा करने वाला चौथा देश बन जाएगा। इससे पहले अमेरिका, रूस और चीन चंद्रमा पर अपने स्पेसक्राफ्ट उतार चुके हैं। चंद्रयान-2 मिशन को 22 जुलाई, 2019 को लॉन्च किया गया था। करीब 2 महीने बाद 7 सितंबर, 2019 को चंद्रमा के साउथ पोल पर उतरने की कोशिश कर रहा विक्रम लैंडर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसके बाद से ही भारत चंद्रयान-3 मिशन की तैयारी कर रहा है।