Hindustanmailnews

स्पोर्ट्स

फाइनल में पहुंच मुचोवा ने रचा इतिहास, आज स्वातेक से भिड़ेंगी

फ्रेंच ओपन महिला एकल सेमीफाइनल में कैरोलिना मुचोवा ने फाइनल मुकाबले में पहुंच कर इतिहास रच दिया है। कैरोलिना मुचोवा ने पैर में समस्या के बावजूद मैच प्वाइंट बचाया और शानदार खेल दिखाया। कैरोलिना मुचोवा ने सेमीफाइनल मुकाबले में ऐसा धमाकेदार खेल खेला कि वह एरिना सबालेंका को हराने में सफल हुई।
गैरवरीय कैरोलिना मुचोवा ने पैर में समस्या के बावजूद मैच प्वाइंट बचाया और वापसी करते हुए आखिरी पांच गेम भी जीते, जिससे गुरुवार को वह एरिना सबालेंका को हराकर फ्रेंच ओपन के महिला एकल फाइनल में जगह बनाने में सफल रहीं। कैरोलिना ने दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी के खिलाफ 7-6 (5), 6-7 (5), 7-5 की जीत के साथ पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। जनवरी में आॅस्ट्रेलियाई ओपन का खिताब जीतने वाली सबालेंका तीसरे सेट में 5-2 के स्कोर पर मुकाबला जीतने से सिर्फ एक अंक दूर थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने 24 में से 20 अंक गंवाए और मुकाबला हार बैठीं। चेक गणराज्य की 26 साल की कैरोलिना ने इस तरह शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की।
इससे पहले ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आॅस्ट्रेलियाई ओपन 2021 में था, जब वह सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहीं थी। कैरोलिना ने अब तक अपना एकमात्र डब्ल्यूटीए खिताब हार्ड कोर्ट पर जीता है और वह इससे पहले रोलां गैरां की लाल बजरी पर भी तीसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाई थीं। कैरोलिना ने टूर्नामेंट से पहले कहा था, यह मेरी पसंदीदा सतह नहीं है, लेकिन मुझे लगता है कि मैं इस पर अच्छा खेल सकती हूं। इस मैच से पहले सबालेंका का इस साल ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंटों में जीत-हार का रिकॉर्ड 12-0 था। आज होने वाले फाइनल में कैरोलिना की भिड़ंत दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी और गत चैंपियन इगा स्वातेक और दुनिया की 14वें नंबर की खिलाड़ी बीट्रिज हदाद माइया के बीच होने वाले सेमीफाइनल की विजेता से होगी।
कैरोलिना अपने जीवन में पहली बार ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलने जा रही हैं। लंबे समय तक वो चोट से जूझती रही हैं, जिसके बाद उन्होंने धमाकेदार वापसी की है। कैरोलिना को पैर की चोट, घुटने की चोट और एब्डोमिनल चोट से लंबे अर्से तक जूझना पड़ा है। इस घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मेरे जीवन में कई ऐसे पल आए जब लगा था कि लगातार इंजरी होने के कारण मैं टूट चुकी हूं। मैंने पिछले साल वाला आॅस्ट्रेलियन ओपन भी नहीं खेला था, क्योंकि मेरी स्थिति काफी खराब थी। मैंने वापसी के लिए कड़ी मेहनत की है। कैरोलिना की स्थिति बेहद खराब थी। उनकी स्थिति को देखते हुए कई डॉक्टरों ने उन्हें सलाह दी थी कि वो दोबारा खेल नहीं खेल सकेंगी। हालांकि उन्होंने धैर्य और सकारात्मक व्यवहार अपनाते हुए वापसी करने पर जोर दिया। जिसकी बदौलत वे अब अपने जीवन और अबतक के कॅरियर के शिखर पर है।

फाइनल में पहुंच मुचोवा ने रचा इतिहास, आज स्वातेक से भिड़ेंगी Read More »

बेंजेमा ने रियल मैड्रिड के लिए खेला विदाई मैच, पेनल्टी पर किया गोल

मैड्रिड। फ्रांस के दिग्गज फुटबॉलर करीम बेंजेमा ने रियल मैड्रिड की ओर से अपने अंतिम मैच में पेनल्टी किक पर गोल किया। एथलेटिक बिलबाओ के साथ यह मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। रियल के साथ बेंजेमा ने 14 सीजन में भाग लिया। क्लब ने रविवार को घोषणा की थी कि अगले सत्र में बेंजेमा उनके क्लब के लिए नहीं खेलेंगे। चर्चा है वह सऊदी अरब में खेल सकते हैं। मैच के बाद साथियों ने उन्हें हवा में उछाल दिया। स्पेनिश लीग के मैच में विनसियस जूनियर ने भी मैदान में वापसी की। दो हफ्ते पहले उन पर वेलेंसिया के खिलाफ मैच में नस्ली टिप्पणी की गई थी। उस मुकाबले के बाद यह उनका पहला मैच था। इस दौरान वह दो मैच में नहीं उतरे। बेंजेमा ने मैड्रिड के साथ 24 ट्राफियां जीती हैं, जिसमें पांच चैंपियंस लीग, चार ला लीगा खिताब और तीन कोपा डेल रे शामिल हैं।

बेंजेमा ने रियल मैड्रिड के लिए खेला विदाई मैच, पेनल्टी पर किया गोल Read More »

आईपीएल 2023 के फाइनल मुकाबले में धोनी ने शानदार स्टंपिंग कर शुभमन गिल को आउट किया

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के लिए आईपीएल 2023 बेहद खास रहा है। वह इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज नहीं हैं और न ही उन्होंने कोई बड़ी पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को चैंपियन बनाने में सफल रहे। इसके अलावा उन्होंने डेथ ओवरों में तेजी से रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट बेहद शानदार रहा। विकेट के पीछे उन्होंने अपनी विकेटकीपिंग और कप्तानी से इस सीजन भी खासा प्रभावित किया। 

आईपीएल 2023 के फाइनल मुकाबले में धोनी ने शानदार स्टंपिंग कर शुभमन गिल को आउट किया और मैच में अपनी टीम की वापसी कराई। धोनी ने यह स्टंपिंग करने में सिर्फ 0.1 सेकेंड का समय लिया। 41 साल के धोनी की फुर्ती देखकर सभी हैरान रह गए। वीरेन्द्र सहवाग से लेकर सचिन तक कई दिग्गजों ने धोनी की तारीफ की। सभी ने माना कि 41 साल की उम्र में भी धोनी दुनिया के सभी विकेटकीपर से तेज हैं। 

महेंद्र सिंह धोनी नेट्स में विकेटकीपिंग का ज्यादा अभ्यास नहीं करते हैं। वह बल्लेबाजी के लिए मेहनत करते हैं और समय मिलने पर उन्हें गेंदबाजी करना भी रास आता है। भले ही मैच में उन्हें कभी यह जिम्मेदारी नहीं मिलती। चेन्नई के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने भी माना धोनी विकेट कीपिंग में बेजोड़ हैं। इस आईपीएल में उन्होंने विकेट कीपिंग पर बिल्कुल भी अभ्यास नहीं किया। डेवोन कॉन्वे के साथ एक बार जरूर वह विकेट कीपिंग के लिए उतरे, लेकिन वह एक तरह से मजाक था।

आईपीएल 2023 के फाइनल मुकाबले में धोनी ने शानदार स्टंपिंग कर शुभमन गिल को आउट किया Read More »

हरिद्वार से लौटे पहलवानों के लिए मुज़फ़्फ़रनगर में कल होगी खाप पंचायत

भारतीय किसान यूनियन (BKU) नेता और बालियान खाप प्रमुख नरेश टिकैत ने घोषणा की है कि ऐतिहासिक शोरम चौपाल में आयोजित महापंचायत के दौरान पहलवानों का विरोध ही केंद्रीय मुद्दा होगा.

मुज़फ़्फ़रनगर: किसानों के एक ताकतवर गुट ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर जिले के शोरम कस्बे में एक अहम खाप पंचायत बुलाई है, जिसमें देश के कुछ शीर्ष पहलवानों द्वारा चल रहे विरोध प्रदर्शन पर फ़ैसला किया जाएगा. इन पहलवानों ने कुश्ती महासंघ प्रमुख पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है.

भारतीय किसान यूनियन (BKU) नेता और बालियान खाप प्रमुख नरेश टिकैत ने घोषणा की है कि ऐतिहासिक शोरम चौपाल में आयोजित महापंचायत के दौरान पहलवानों का विरोध ही केंद्रीय मुद्दा होगा.

पहलवानों ने इसी साल जनवरी में देश की राजधानी नई दिल्ली में विरोध प्रदर्शन शुरू किया था, और वे भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, जिन पर महिला एथलीटों का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया गया है.

मंगलवार को घटनाक्रम ने एक नाटकीय मोड़ ले लिया था, जब ओलिम्पिक पदक विजेता साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया और एशियाई खेल चैम्पियन विनेश फोगाट सहित कई शीर्ष पहलवान हरिद्वार में गंगा नदी के तट पर एकत्रित हुए. पहलवानों ने BJP सांसद बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ कार्रवाई नहीं किए जाने के विरोध में अपने द्वारा जीते गए विश्व चैम्पियनशिप और ओलिम्पिक मेडल गंगा नदी में बहा देने की धमकी दी थी.

बहरहाल, टिकैत और अन्य खाप व किसान नेताओं ने पांच दिन के भीतर समाधान का वादा करते हुए पहलवानों को मेडल बहाने से रोकने के लिए मना लिया. टिकैत ने मीडिया को अपने संदेश में एथलीटों की प्रशंसा करते हुए कहा, “उनकी वजह से हम अंतरराष्ट्रीय खेल क्षेत्र में अपना सिर ऊंचा रखते हैं… हम सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें शर्म से सिर नहीं झुकाना पड़े…”

महापंचायत में विभिन्न खापों के प्रतिनिधियों और उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली से उनके प्रमुखों के भाग लेने की उम्मीद है, ताकि पहलवानों के विरोध प्रदर्शन का अगला कदम तय किया जा सके.

गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने रविवार, 28 मई को कई पहलवानों को हिरासत में लिया था और उनके खिलाफ कानून एवं व्यवस्था के उल्लंघन के लिए FIR दर्ज की थी. उसी दिन, एथलीटों के धरनास्थल को भी खाली करवा लिया गया था, जब उन्होंने भारत के नए संसद भवन की ओर बढ़ने की कोशिश की थी.

इस बीच, कुश्ती के अंतरराष्ट्रीय शासी निकाय यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) ने पहलवानों को हिरासत में लिए जाने की निंदा की है और बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जांच में नतीजे नहीं आने की भी आलोचना की है. एक बयान में UWW ने भारतीय ओलिम्पिक संघ (IOA) को 45 दिन के भीतर WFI के लिए नए सिरे से चुनाव कराने के वादे की याद दिलाई, और चेतावनी दी कि ऐसा करने में विफलता महासंघ के निलंबन का कारण बन सकती है. UWW ने एथलीटों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की और उनकी हालत पर चर्चा के लिए पहलवानों के साथ बैठक की योजना बनाई है.

हरिद्वार से लौटे पहलवानों के लिए मुज़फ़्फ़रनगर में कल होगी खाप पंचायत Read More »

विश्व मिक्स बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में इंदौर की वंशिका ने जीता गोल्ड….

हिन्दुस्तान मेल, इंदौर। कश्मीर के श्रीनगर स्थित शेरे काश्मीर स्टेडियम में 5 से 7 मई तक आयोजित दूसरी वर्ल्ड मिक्स बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में इंदौर की वंशिका शर्मा ने साथी खिलाड़ियों के साथ कुल 9 गोल्ड मैडल जीत कर इस प्रतियोगिता में भारत को प्रथम स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। टूर्नामेंट में दस देशों के 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया। जूनियर, सीनियर, महिला, पुरुष वर्ग में वंशिका शर्मा के अलावा मध्यप्रदेश के शुभम चौबे, विशाल जहाजपुरिया, सागर विश्वकर्मा, तनिषा चौधरी, आकाश गोस्वामी, मोनिका केवट, गीतांजलि गुप्ता, सजल कमलवंशी ने विदेशी खिलाड़ियों को धूल चटाई। भारत ने इस प्रतियोगिता में पहला, श्रीलंका ने दूसरा व नेपाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

विश्व मिक्स बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में इंदौर की वंशिका ने जीता गोल्ड…. Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights