स्टार टेनिस प्लेयर राफेल नडाल चोट के कारण फ्रेंच ओपन 2023 में नहीं खेलेंगे। सबसे ज्यादा 14 बार फ्रेंच ओपन का टाइटल जीतने वाले नडाल 2005 में डेब्यू करने के बाद पहली बार इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं होंगे। दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी नडाल ने गुरुवार को घोषणा की कि कूल्हे की चोट के कारण वह फ्रेंच ओपन से हट रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि 2024 उनके प्रोफेशनल करियर का अंतिम साल होगा। फ्रेंच ओपन पेरिस में 28 मई से शुरू होकर 11 जून तक चलेगा।
2024 प्रोफेशनल कॅरियर का आखिरी साल- 36 साल के नडाल ने स्पेन में अपनी टेनिस अकादमी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा, 2024 मेरे प्रोफेशनल कॅरियर का आखिरी साल हो सकता है। मैं 100 प्रतिशत नहीं कह सकता क्योंकि आप कभी नहीं जानते कि क्या होने वाला है। यह एक निर्णय है, जो मेरा शरीर ले रहा है। दोबारा खेलने से पहले मैं छुट्टी ले रहा हूं।
फ्रेंच ओपन में 18
बार हिस्सा लेते हुए
112 मैच जीते
लाल बजरी के बादशाह कहे जाने वाले नडाल ने पिछले साल 14वीं बार फ्रेंच ओपन का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया था। जब नडाल ने पिछले साल 36 साल की उम्र में ट्रॉफी जीती तो वह टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे उम्रदराज चैंपियन बने थे। नडाल ने फ्रेंच ओपन में 18 बार हिस्सा लेते हुए 112 मैच जीते हैं और उन्हें सिर्फ तीन बार हार का सामना करना पड़ा है जो किसी भी एक ग्रैंडस्लैम में महिला और पुरुष वर्ग में विश्व रिकॉर्ड है।
आॅस्ट्रेलियन ओपन 2023 में चोटिल
हुए थे नडाल
वह जनवरी, 2023 में आॅस्ट्रेलियन ओपन के दूसरे दौर से बाहर हो गए थे। उन्हें सीधे सेटों में हार मिली थी। मैकेंजी मैकडोनाल्ड ने नडाल को 6-4, 6-4, 7-5 से हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया था। इसी मैच के दौरान नडाल चोटिल हो गए थे।