Hindustanmailnews

इंदौर

मानसरोवर में घुसा तेंदुआ, मचाया उत्पात

हिन्दुस्तान मेल, इंदौर
देवगराड़िया मंदिर के सामने की ओर बनी मानसरोवर कॉलोनी में गुरुवार शाम तेंदुआ नजर आया। तेंदुए के अंदर आते ही भगदड़ मच गई। लोग सड़कों पर भागने लगे। देर तक तेंदुआ मानसरोवर कॉलोनी की सड़कों पर दौड़ता रहा। कभी किसी मकान की छत पर तो कभी किसी मकान के सीढ़ियों पर। अंतत: एक निर्माणाधीन भवन से वन विभाग की टीम ने तेंदुए का रेस्क्यू किया और उसे चिड़ियाघर पहुंचाया।
रालामंडल और देवगुराड़िया वाला शहीद पर्वत करीब-करीब एक-दूसरे से लगे हुए हैं। अब तक रालामंडल क्षेत्र की कॉलोनियों में तेंदुए की दस्तक कई बार देखी गई। यह पहला मौका है, जब देवगुराड़िया से बिचौलीमर्दाना वाली रोड पर बसी मानसरोवर कॉलोनी तक तेंदुआ पहुंच गया, जबकि ये इलाका सघन बसा हुआ है। तेंदुए को देखते ही कॉलोनी में भगदड़ मच गई। चिल्ला-पुकार मची। सूचना मिलते ही सबसे पहले पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों को घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई। कुछ देर बाद वन विभाग का अमला भी मौके पर पहुंच गया। सूचना मिली कि एक निर्माणाधीन भवन में तेंदुआ छिपा हुआ है। इस पर वन विभाग की टीम ने भवन के सामने जाल बिछाया, जिसमें तेंदुआ फंस गया। रेस्क्यू किए जाने के बाद वन विभाग ने तेंदुए को चिड़ियाघर भेज दिया।
बड़ी कॉलोनी है मानसरोवर
देवगुराड़िया और बिचौलीमर्दाना के बीच रोड के दोनों ओर करीब दो दर्जन टाउनशिप है, इनमें श्रीविनायक और मानसरोवर बड़ी टाउनशिप है। इन कॉलोनियों में बड़ी तादाद में मकान बने हुए हैं और हजारों की तादाद में लोग रहते भी हैं। ऐसे में तेंदुए का कॉलोनी में घुसना चिंताजनक है।

मानसरोवर में घुसा तेंदुआ, मचाया उत्पात Read More »

संगठन ने दिखाया चूल्हा जीत पराजीत

हिन्दुस्तान मेल, इंदौर।

पार्षद कमलेश कालरा के बेटे को परिवार के सामने नंगा करने के मामले में चौतरफा घिरे एमआईसी सदस्य जीतू जाटव ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. वीडी शर्मा को चिट्‌ठी लिखकर अपना इस्तीफा दे दिया है। दूसरी तरफ सूत्रों की मानें तो जीतू ने इस्तीफा दिया नहीं, बल्कि केंद्रीय नेतृत्व की नाराजगी के चलते उनसे इस्तीफा लिया गया है। केंद्रीय नेतृत्व तक हुई किरकिरी के कारण ही जीतू को अपने राजनीतिक गुरुओं का साथ भी नहीं मिला। अपने कथित इस्तीफे में जीतू ने लिखा कि मैं भाजपा का समर्पित और अनुशासित सिपाही हूं। मेरा, मेरे परिवार और अनुसूचित जाति के मेरे जाटव समाज का पार्टी से अटूट रिश्ता है। कुछ दिनों पहले इंदौर में पार्टी के एक साथी पार्षद के परिजन के साथ हुई दु:खद घटना में मेरा नाम घसीटकर पार्टी को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।

मैंने इस मामले में अपना पक्ष सभी तथ्यों के साथ माननीय शहर अध्यक्ष के समक्ष रखकर खुद आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की थी। मान्यवर… मैं ये नहीं चाहता कि मेरे कारण पार्टी को किसी असहज स्थिति का सामना करना पड़े, अत: इस पूरे प्रकरण में निर्दोष साबित होने तक मंै पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और टकउ से त्यागपत्र देता हूं। मुझे विश्वास है… पार्टी मेरे साथ अन्याय नहीं होने देगी।
अपनों ने भी छोड़ा साथ…
अपने राजनीतिक आका व विधायक रमेश मेंदोला से मिली सुपर पॉवर के दम पर उड़ रहे जीतू जाटव को क्षेत्र-2 के नेताओं का साथ ही नहीं मिला… न ही गले में नीला दुपट्‌टा डालकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव काम आया। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी मौन धारण रखा।
केंद्रीय नेतृत्व भी नाराज है
बताया जा रहा है कि हादसे की वीडियो वायरल होने के बाद से ही केंद्रीय नेतृत्व मामले में अपना कड़ा रुख स्पष्ट कर चुका है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, गृहमंत्री अमित शाह से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक मामले में रिपोर्ट मांग चुके हैं। ऐसे में जीतू पर कार्रवाई होना तय ही माना जा रहा था।

तीन दिन में 8 आरोपी ही पकड़ पाई… 40 अब भी गिरफ्त से दूर
कालरा के घर में घुसकर तोड़फोड़ और परिजन से बदसलूकी मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान दीपक जेरिया पिता पन्नालाल निवासी 1440/1, शीलनाथ कैंप और नितिन अड़ागले पिता रामाजी निवासी 392, शीलनाथ कैंप के रूप में हुई है। इससे पहले पुलिस ने कृष्णा शर्मा, नवीन आर्य, ललित गोंगड़े.. अरुण दानीवर, विनय भरदेला, पिंटू रावेरकर को पकड़ा था। ऐसे कुल 8 गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि मौके पर 50 से अधिक लोग थे। यदि पुलिस कार्रवाई की रफ्तार यही रही तो सबके पकड़े जाने में 12 से 13 दिन का समय और लगेगा। मुख्यमंत्री की खुली छूट के बावजूद पुलिस का ढीला रवैया चौंकाता है।

संगठन ने दिखाया चूल्हा जीत पराजीत Read More »

कल रात तेज बारिश…आज सुबह भी बरसे बदरा…

हिंदुस्तान मेल, इंदौर
कल रात शहर में सीजन का पहला मावठा गिरा। आसमान पर बादल तो कल सुबह से ही छाए हुए थे, लेकिन रात करीब 10 बजे अचानक से तेज बारिश हो गई। हालांकि मावठे के बावजूद ठंडक में कोई इजाफा नहीं हुआ है। शुक्रवार रात का तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि गुरुवार रात के तापमान के मुकाबले 0.4 डिग्री अधिक रहा। हालांकि शुक्रवार का अधिकतम तापमान गुरुवार के अधिकतम तापमान के मुकाबले 0.8 डिग्री कम होकर 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। आज सुबह भी कई क्षेत्रों में जोरदार बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान शहर में 1.2 मिमी वर्षा हुई है। आज सुबह 8.30 बजे तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आद्रता 95 फीसदी रही। कोहरा नहीं होने के कारण दृश्यता 1000 मीटर की रही और आज सुबह हवा की गति शून्य थी। मौसम विभाग के अनुसार वातावरण में पिछले तीन-चार दिनों से आर्द्रता बढ़ने से तापमान में बढ़ोतरी आई है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर मौसम ऐसा ही बना रहेगा। आसमान पर बादल छाए रहेंगे। हालांकि कुछ समय के लिए धूप भी निकल सकती है, वहीं कल अर्थात् रविवार से मौसम साफ होने लगेगा।
कई इलाकों में छाया अंधेरा- शहर में बारिश हो और अंधेरा नहीं छाए… ऐसा कभी नहीं हुआ है। कल रात भी जैसे ही बारिश प्रारंभ हुआ… अनेक क्षेत्रों में अंधकार छा गया। कई क्षेत्रों में डिपी फाल्ट हुए, जिससे कई कॉलोनियों में काफी देर तक अंधेरा रहा। लालबाग में चल रहे मेले की बत्ती भी गुल हो गई। माणिकबाग क्षेत्र में डिपी फाल्ट होने से लगभग तीन घंटे तक अंधेरा रहा। शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंची विद्युत विभाग की टीम देर तक फाल्ट दुरुस्त करने के लिए संघर्ष करती रही।

कल रात तेज बारिश…आज सुबह भी बरसे बदरा… Read More »

महाकाल इन्हें माफ मत करना!

सीएसपी ओपी मिश्रा ने बताया- आरोपी विनोद चौकसे और राकेश श्रीवास्तव के मोबाइल पर कुछ ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। ये ट्रांजेक्शन जिला प्रोटोकॉल प्रभारी अभिषेक भार्गव, सभा मंडपम् प्रभारी राजेंद्र सिसोदिया, आईटी सेल के राजकुमार सिंह और भस्म आरती प्रभारी रितेश शर्मा सहित क्रिस्टल कंपनी के जितेन्द्र पंवार और ओमप्रकाश माली के साथ मिले हैं।

हिंदुस्तान मेल, इंदौर
एक के बाद एक गड़बड़ियां सामने आने के बाद उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह ने महाकाल मंदिर के प्रशासक पद से गणेश धाकड़ की छुट्‌टी कर दी है। उन्हें हटाने की अनौपचारिक शुरुआत तैयारी उसी दिन हो चुकी थी, जब शिखर के नीचे तीन कमरे और 40 कैबिन बनने का मामला सामने आया था। इतना ही नहीं, महाकाल के निकट से दर्शन कराने की सुपारी लेने वाली वसूली गैंग के 11 सदस्यों पर केस दर्ज हुआ। चार को निलंबित भी कर दिया।
दिसंबर का महीना महाकाल मंदिर में विवादों का रहा है। कलेक्टर नीरज सिंह ने इस महीने में कई धांधलियां पकड़ीं। इनमें मंदिर के शिखर के नीचे बिना किसी सक्षम स्वीकृति के बने कमरे और कैबिन भी थे, जिसके बाद प्रशासक धाकड़ को नोटिस पकड़ाया था। अब धाकड़ की छुट्‌टी कर दी। बताया जा रहा है… कमरे-कैबिन निर्माण ही नहीं, ऐसे कई ऐसे कारण हैं, जिनके कारण प्रशासनिक सर्जरी करना पड़ी।
कलेक्टर सिंह ने औचक निरीक्षण करके पिछले 15 दिनों में कई ऐसे लोगों को पकड़ा, जो कि दर्शनार्थियों को महाकाल से करीब से मिलाने की सुपारी लेते थे। महाकाल पुलिस ने गुरुवार को दर्शन के नाम पर भक्तों से वसूली के मामले में 6 कर्मचारियों पर धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं में केस दर्ज किया। सभी को राउंडअप किया है। सीएसपी ओपी मिश्रा ने बताया आरोपी विनोद चौकसे और राकेश श्रीवास्तव के मोबाइल पर कुछ ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। ये ट्रांजेक्शन जिला प्रोटोकॉल प्रभारी अभिषेक भार्गव, सभा मंडपम् प्रभारी राजेंद्र सिसोदिया, आईटी सेल के राजकुमार सिंह और भस्म आरती प्रभारी रितेश शर्मा सहित क्रिस्टल कंपनी के जितेन्द्र पंवार और ओमप्रकाश माली के साथ मिले हैं। इसी आधार पर 6 कर्मचारियों को राउंडअप कर केस दर्ज किया।
श्रीवास्तव-चौकसे को जेल भेजा- महाकाल मंदिर के नंदी मंडपम् प्रभारी राकेश श्रीवास्तव और सफाई निरीक्षक विनोद चौकसे को दो दिन की रिमांड पूरी होने के बाद गुरुवार को फिर कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने दो दिन की और रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने इनकार करते हुए दोनों को जेल भेज दिया।
यह है पूरा मामला- कलेक्टर ने 19 दिसंबर को यूपी और गुजरात के दो परिवार के 6 सदस्यों को नंदी हॉल में पकड़ा, जिनसे प्रति व्यक्ति 1100 रुपए लेकर दर्शन कराया गया। इसके बाद मंदिर प्रशासन ने पुरोहित अजय शर्मा (अज्जू गुरु), पुरोहित प्रतिनिधि राजेश भट्ट (पत्ती गुरु) और सेवक कुणाल शर्मा पर केस दर्ज किया। जांच के बाद नंदी मंडपम् प्रभारी राकेश श्रीवास्तव और सफाई निरीक्षक विनोद चौकसे पर केस दर्ज किया।

महाकाल इन्हें माफ मत करना! Read More »

एयरपोर्ट की तर्ज पर बनेगा इंदौर का रेलवे स्टेशन

7 मंजिला हाईटेक स्टेशन बनाने में 400 करोड़ से ज्यादा खर्च ……

हिन्दुस्तान मेल, इंदौर
रेल मंत्रालय इंदौर को बड़ी सौगात देने जा रहा है। यहां के मुख्य स्टेशन की तस्वीर बदलने जा रही है। स्टेशन को एयरपोर्ट तर्ज पर बनाने की योजना है। रेल मंत्रालय पहले चरण में 400 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च करेगा। इस सात मंजिला स्टेशन भवन न केवल हाइटेक होगा बल्कि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। सिंहस्थ के पहले इसे बनाने का प्लान है। नूतन वर्ष में निर्माण कार्य का श्रीगणेश होने की संभावना है। नए रेलवे स्टेशन के निर्माण में सांसद शंकर लालवानी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इंदौर के मुख्य रेलवे स्टेशन के दिन फिरने जा रहे हैं। सभी आधुनिक सुविधाओं और यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर रेलवे स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। रेल मंत्रालय ने टेंडर को मंजूरी दे दी है। काम जनवरी 2025 में शुरू होकर 2027 तक पूरा होने की संभावना है।
गौरतलब है कि स्टेशन का भूमिपूजन पीएम नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल किया था। इधर, स्टेशन के निर्माण कार्य के दौरान रेल सेवाएं प्रभावित न हो, इसके लिए महू एवं लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन को तैयार करने एवं सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी की गई है, ताकि ट्रेनों के परिचालन में आसानी हो। मुख्य स्टेशन के निर्माण कार्य के दौरान महू एवं लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन से ही अधिकतर ट्रेनों का संचालन होगा। खास बात यह है कि इंदौर स्टेशन एयरपोर्ट जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं वाला रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। आने वाले 50 सालों की जरूरत को ध्यान में रखकर प्लान बनाया गया है। नए बनने वाले रेलवे स्टेशन का क्षेत्रफल वर्तमान स्टेशन से 10 गुना ज्यादा होगा। साथ ही, यहां से एक लाख से ज्यादा यात्री प्रतिदिन यात्रा कर पाएंगे और 500 से ज्यादा कारों की पार्किंग की जगह भी होगी। साथ ही, इंदौर स्टेशन पर सोलर पैनल भी लगाए जाएंगे और रोजाना की बिजली जरूरत का एक बड़ा हिस्सा सौर ऊर्जा से ही आएगा। नया स्टेशन आधुनिक होगा और यहां पर 26 लिफ्ट तथा 17 एस्केलेटर होंगे। रेलवे स्टेशन को लेकर इंदौर के सासंद शंकर लालवानी की बड़ी भूमिका रही है।

एयरपोर्ट की तर्ज पर बनेगा इंदौर का रेलवे स्टेशन Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights