Hindustanmailnews

Author name: Hindustanmailnews

धर्मशाला में आमने-सामने होंगी धवन-सैमसन की टीमें

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में आज पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच लीग स्टेज का 66वां मुकाबला खेला जाएगा। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से मैच शुरू होगा। दोनों टीमें पहली बार धर्मशाला मैदान पर आमने-सामने होंगी।
पंजाब की टीम 13 में से 6 मैच जीती: पंजाब ने इस सीजन में अब तक 13 मैच खेले हैं। जिनमें उसे छह में जीत और सात मैचों में हार मिली। टीम के पास अभी 12 पॉइंट्स हैं। राजस्थान के खिलाफ टीम के 4 विदेशी खिलाड़ी लियाम लिविंगस्टोन, सैम करन, कगिसो रबाडा और नाथन एलिस हो सकते हैं। इनके अलावा शिखर धवन, जितेश शर्मा और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ी शानदार फॉर्म में हैं।
राजस्थान भी 13 में से छह मैच जीती: राजस्थान को इस सीजन अब तक खेले गए 13 मैचों में से 6 में जीत और 7 में हार मिली है। टीम के पास 12 पॉइंट्स हैं। पंजाब के खिलाफ टीम के 4 विदेशी खिलाड़ी जोस बटलर, जो रूट, शिमरोन हेटमायर और एडम जम्पा हो सकते हैं। इनके अलावा यशस्वी जायसवाल, युजवेंद्र चहल और संजू सैमसन टीम के लिए शानदार परफॉर्म कर रहें हैं।
हेड टु हेड में पंजाब पर राजस्थान भारी : हेड टु हेड की बात करें तो पंजाब और राजस्थान के बीच अब तक कुल 25 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें 14 मैच राजस्थान और 11 मैच पंजाब ने जीते हैं। वहीं, धर्मशाला की पिच पर नई गेंद से तेज गेंदबाजों के लिए स्विंग होने की संभावना है। इस मैदान पर बल्लेबाज अक्सर रन बनाने के लिए जूझते नजर आते हैं। वहीं गेंदबाजों के लिए यह मैदान मददगार साबित होता है। लेकिन पिछले मैच में यहां दिल्ली कैपिटल्स ने 214 रन बनाए थे, जवाब में पंजाब भी 200 रन के पास पहुंच गई थी। ऐसे में आज भी हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है।

संभावित टीमें
पंजाब किंग्स : शिखर धवन (कप्तान), अथर्व तायड़े, लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), सैम करन, हरप्रीत बरार, शाहरुख खान, राहुल चाहर, कगिसो रबाडा, नाथन एलिस और अर्शदीप सिंह।
इम्पैक्ट प्लेयर्स : प्रभसिमरन सिंह, सिकंदर रजा, मैथ्यू शॉर्ट, ऋषि धवन और मोहित राठी।
राजस्थान रॉयल्स : संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल, जो रूट, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, आर अश्विन, एडम जम्पा, संदीप शर्मा, केएम आसिफ और युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट प्लेयर्स : देवदत्त पडिक्कल, रियान पराग, कुलदीप यादव, डोनोवन फरेरा, नवदीप सैनी।

धर्मशाला में आमने-सामने होंगी धवन-सैमसन की टीमें Read More »

5 इंटरनेशनल सेंचुरी, आईपीएल शतक के बाद बोले- डब्ल्यूटीएस के लिए तैयार हूं

इंटरनेशनल क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली ने 4 साल 29 दिन बाद आईपीएल शतक लगाकर 8 महीने में क्रिकेट के हर फॉर्मेट और टूर्नामेंट में अपना कमबैक पूरा कर लिया। 2019 में 70वें इंटरनेशनल शतक के बाद सितंबर 2022 तक विराट के बैट से कोई सेंचुरी नहीं आई थी। विराट फिफ्टी का आंकड़ा तो पार कर पा रहे थे, लेकिन शतक का नहीं। फिर कोहली ने 8 सितंबर 2022 को टी-20 एशिया कप में अफगानिस्तान के खिलाफ 122 रन की नॉटआउट पारी खेल दी। बस, यहीं से इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे बड़े कमबैक की कहानी शुरू हो गई। तब से अब तक टी-20, वनडे और टेस्ट में शतक के साथ उन्होंने आईपीएल में भी शतक का सूखा खत्म कर दिया। एसआरएच के खिलाफ शतक में उन्होंने 4 छक्के लगाए। मैच के बाद कहा कि वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपयनशिप पर भी फोकस कर रहे हैं। इसी कारण वे टाइमिंग के साथ चौके मारने पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।
2019 से लगा था सेंचुरी पर ब्रेक
22 नवंबर 2019 को कोलकाता में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट में कोहली ने 194 बॉल पर 136 रन बनाए। ये उनके कॅरियर की 70वीं इंटरनेशनल सेंचुरी थी। इस शतक के बाद उन्होंने 18 टेस्ट, 23 वनडे और 31 टी-20 मैच खेले, लेकिन किसी भी फॉर्मेट में शतक नहीं लगा सके। आईपीएल के भी 3 सीजन में उनके बैट से सेंचुरी नहीं आई। कई एक्सपर्ट्स ने इसे विराट का सबसे खराब दौर बताया। लेकिन इस दौर के 72 इंटरनेशनल मैचों में भी उन्होंने 26 फिफ्टी के सहारे 2708 रन बना दिए थे। शतक नहीं होने से इसे कोहली का सबसे बड़ा स्ट्रगल करार दिया गया।
आईपीएल 2022 के बाद 20 मैच नहीं खेले
इंटरनेशनल क्रिकेट में स्ट्रगल के बाद 2022 के आईपीएल में भी उनके बैट से रन नहीं निकले। उनकी टीम ने सीजन में प्लेआॅफ समेत 16 मैच खेले, लेकिन विराट इनमें 22.73 के औसत और 115.99 के स्ट्राइक रेट से 341 रन ही बना सके। उनके बैट से 2 ही फिफ्टी आई। ये 2010 के बाद से विराट का सबसे खराब आईपीएल भी रहा। 2021 के सीजन में भी वे 405 रन ही बना सके थे। आईपीएल में औसत प्रदर्शन के बाद कई एक्स्पर्ट्स ने उन्हें टीम इंडिया से बाहर बैठाने की बातें कही। यहां तक कि 27 अगस्त 2022 से शुरू होने वाले टी-20 एशिया कप से पहले उन्होंने तीनों फॉर्मेट के 5 ही मैच खेले। इस दौरान टीम इंडिया ने कुल 25 मैच खेले, लेकिन 20 मैचों में विराट को आराम के नाम पर स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया।

टी-20 एशिया कप से शुरू हुआ कमबैक
टीम इंडिया से 20 मैच नहीं खेलने के बाद यूएई में एशिया कप की टीम में विराट को भी शामिल किया गया। कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में 35 रन बनाने के बाद 2 लगातार फिफ्टी लगा दी। टीम इंडिया एशिया कप फाइनल में नहीं पहुंच सकी, लेकिन टीम का आखिरी मैच अफगानिस्तान के खिलाफ बाकी था। अफगानिस्तान के खिलाफ रोहित शर्मा ने रेस्ट किया। विराट ने केएल राहुल के साथ ओपनिंग की और 61 गेंदों में 122 रन की नॉटआउट पारी खेली। इस पारी ने 1021 दिनों से चले आ रहे विराट के इंटरनेशनल शतकों के सूखे को खत्म कर दिया। उन्होंने एशिया कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा (276) रन बनाए।

टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन
अक्टूबर में आॅस्ट्रेलिया में शुरू हुए टी-20 वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में विराट ने पाकिस्तान के खिलाफ कॅरियर की बेस्ट पारियों में से एक खेल डाली। उन्होंने 53 गेंद पर नाबाद 82 रन बनाए और भारत को लगभग हारे हुए मैच में जीत दिला दी। कोहली ने टूर्नामेंट के 6 मैचों में 4 फिफ्टी के सहारे सबसे ज्यादा 296 रन बनाए। भारत सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 10 विकेट से हारकर ट्रॉफी जीतने के करीब नहीं पहुंच सका। अगस्त में शतक से कमबैक करने के बाद विराट भारत के लिए 16 टी-20 मैचों में 700 रन बना चुके हैं। इनमें 7 फिफ्टी और एक सेंचुरी शामिल हैं।

1214 दिन बाद वनडे सेंचुरी लगाई
टी-20 वर्ल्ड कप के बाद न्यूजीलैंड दौरे पर विराट कोहली को आराम दिया गया। बांग्लादेश दौरे पर उन्हें शामिल किया गया। शुरुआती 2 वनडे में 9 और 5 रन बनाने के बाद 10 दिसंबर 2022 को तीसरे वनडे में उन्होंने शतक लगा दिया। विराट ने 91 बॉल पर 113 रन की पारी खेली। ये उनकी वनडे कॅरियर की 44वीं सेंचुरी थी, जो पूरे 1214 दिन बाद आई। कोहली ने 14 अगस्त 2019 को आखिरी बार वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे शतक लगाया था। वनडे उनका बेस्ट फॉर्मेट है। बांग्लादेश के खिलाफ शतक के बाद विराट रुके नहीं और श्रीलंका के खिलाफ 2023 की पहली वनडे सीरीज में 2 और शतक लगा दिए। इनमें 110 बॉल पर 166 रन की नॉटआउट पारी भी शामिल रही। कमबैक के 12 वनडे में 3 शतक के सहारे 554 रन बना दिए।

1205 दिन बाद टेस्ट शतक लगाया
टी-20 और वनडे में विराट शतकों का सूखा खत्म कर चुके थे लेकिन क्रिकेट के सबसे चैलेंजिंग फॉर्मेट टेस्ट क्रिकेट में उनका शतक अब भी नहीं आया था। फरवरी में आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज शुरू हुई। 4 टेस्ट की सीरीज में भारत 2-1 से आगे था। 9 से 13 मार्च के बीच चौथा टेस्ट अहमदाबाद में खेला गया। उन्होंने 364 बॉल में 186 रन की मैराथन पारी खेली और अपने टेस्ट शतकों का सूखा भी कर दिया। इस फॉर्मेट में उन्होंने 1205 दिन बाद सेंचुरी लगाई थी। इससे पहले उन्होंने नवंबर 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ शतक लगाया था।

5 इंटरनेशनल सेंचुरी, आईपीएल शतक के बाद बोले- डब्ल्यूटीएस के लिए तैयार हूं Read More »

पांच किलो चांदी की पेशवाई पगड़ी धारण किए शनिदेव ने भक्तों को दिए दर्शन

शनि जयंती आज शहर में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। गजकेसरी योग, शश योग और शोभन नामक महायोग में शनि जन्मोत्सव मनाया गया। शहर के शनि मंदिरों में भक्तों की भीड़ अलसुबह से ही उमड़ पड़ी। देर रात तक हवन-पूजन के आयोजन के साथ ही भक्तों ने दर्शन-पूजन किए। भंडारे और भजन संध्याओं का भी देर रात तक आयोजन हुआ। प्राचीन शनि मंदिर जूनी इंदौर में विभिन्न प्रकार के धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन सुबह से ही किया जा रहा है। शुक्रवार सुबह 5 बजे से रुद्राभिषेक-महायज्ञ किया गया। इस मौके पर ऋषिकेश से भेजी गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों से भगवान का लेपन किया गया। इसके बाद पंचामृत, आम रस, गन्ने के रस से भगवान का अभिषेक किया गया। शुद्ध स्वर्ण वर्क से विशेष स्वर्ण शृंगार किया गया। सवा पांच किलो चांदी की पेशवाई पगड़ी धारण कराकर भगवान की विशेष आरती की गई। दोपहर 12 बजे जन्म आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया।

56 भोग एवं महाआरती
का आयोजन
जिंसी चौराहा स्थित प्राचीन मंशापूर्ण शनि मंदिर पर तीन दिनी शनि जयंती महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार से हुआ। यंग इंडिया क्लब के अध्यक्ष श्याम अग्रवाल, सतीश सेन और विनोद वोहरा ने बताया आज सुबह 8 से 10 बजे तक पूजा-अर्चना, 12 से 4 बजे तक शृंगार एवं वट पूजा, शाम 4 से 6 बजे तक यज्ञ एवं हवन, शाम 6.30 बजे छप्पन भोग दर्शन एवं शाम 7.30 बजे महाआरती की जाएगी। सुबह से ही भक्तों की मंदिर में भीड़ रही।
पंचकुंडीय शनि शांति
यज्ञ अनुष्ठान
उषानगर एक्सटेंशन स्थित गजासीन शनि मंदिर पर विशेष आयोजन हुए। महामंडलेश्वर दादू महाराज ने बताया, प्रात: वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ विभिन्न नदियों के जल व तेल-तिल के साथ प्रभु का अभिषेक किया गया। पंचकुंडीय शनि शांति यज्ञ अनुष्ठान प्रात: 7 बजे प्रारंभ हुआ। रात 8.30 बजे ब्रजमोहन चौकसे द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। आज से तीन दिवसीय संगीतमय शनि कथा का आयोजन शुरू हो गया।

पांच किलो चांदी की पेशवाई पगड़ी धारण किए शनिदेव ने भक्तों को दिए दर्शन Read More »

पंचमुखी हनुमान मंदिर की मूर्तियों में तोड़फोड़

प्रशासन द्वारा सुपर कॉरिडोर पर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर की गोशाला तोड़ने के बाद वहां पर गुरुवार रात को मूर्तियों में भी तोड़फोड़ कर दी गई। यहां भेरूजी की नाक, शनि महाराज के हाथ-पाव, बगलामुखी माताजी की पूरी मूर्ति तथा सेन समाज के भगवान के हाथ-पैर तोड़ दिए। तोड़फोड़ के विरोध में हिंदू जागरण मंच मैदान में आ गया है। उसने चेतावनी दी है कि 24 घंटे में मूर्ति तोड़ने वाले आरोपियों को नहीं पकड़ा गया तो साधु-संतों के साथ आंदोलन किया जाएगा। उधर, मंदिर में हुई तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सुपर कॉरिडोर पर एरोड्रम थाना क्षेत्र में आने वाले श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर में स्थापित साधु-संतों सहित भगवानों की प्रतिमाओं को अज्ञात बदमाशों द्वारा नुकसान पहुंचाने की घटना सामने आई है। इस पूरे मामले में साधु-संतों द्वारा आरोप लगाया जा रहा है कि गांधीनगर गृह निर्माण संस्था के सदस्य और अफसरों की मिलीभगत के चलते टेकरी पर स्थापित मंदिर की जमीन को हड़पना चाहती है और इसी के चलते इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है। इसी के साथ हिंदू संगठनों के तमाम कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और कड़ी कार्रवाई की मांग रखते हुए नारेबाजी करते हुए अनशन करने की चेतावनी भी दी है। यदि कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती है तो आने वाले दिनों में प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी जानकारी लगते ही अधिकारियों सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया। पूरे मामले में बताया जा रहा है कि पहले भी गांधीनगर संस्था से जुड़े लोगों द्वारा अपने क्षेत्र में आने वाली गोशाला को तोड़ा गया था, उस समय भी काफी विवाद हुआ था। प्रतिमाओं में सेन समाज के महाराज की भी एक प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया। जाल खेड़ा तहसील समाज के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोश जाहिर करते हुए कार्रवाई की मांग की है। इसी के साथ मौके पर अभी भी हंगामा जारी है तो वहीं प्रशासनिक अफसरों से लेकर पुलिस अधिकारी तक साधु-संतों को समझाइश दे रहे हैं।
मंदिर में प्रतिमाओं को नुकसान अज्ञात बदमाशों द्वारा पहुंचाया गया है, जिसको लेकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तोड़फोड़ सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है। साधु-संतों का आरोप है कि गांधी नगर गृह निर्माण संस्था द्वारा यह कृत्य किया गया है। जांच की जाएगी। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे करीब 1 माह से बंद है जिसके कारण मंदिर को नुकसान पहुंचाने वाले की तलाश की जा रही है।
-राजीव भदौरिया, एसीपी

पंचमुखी हनुमान मंदिर की मूर्तियों में तोड़फोड़ Read More »

मंत्री राजपूत के कलेक्टर-एसपी को निर्देश, आयोजन में कोई कमी न रहे

बिहार में विवादों के बीच सागर जिले की सुरखी विधानसभा क्षेत्र के जैसीनगर में बागेश्वर धाम के पीठाधीशवर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की आज भव्य कलश यात्रा तथा 20 से 22 मई तक कथा आयोजित की जा रही है। इसके लिए राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कलेक्टर दीपक आर्य, पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ जैसीनगर पहुंचकर कथा स्थल का निरीक्षण किया।
मंत्री राजपूत ने कहा कि कथास्थल पर पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली, फायर ब्रिगेड एवं सुरक्षा सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। गर्मी के मौसम में सबसे जरूरी पेयजल रहेगा, जिसके लिए कथा स्थल के चारों तरफ पार्किंग स्थल पर एवं भोजन स्थल पर टैंकर रखे जायें, जिसमें शुद्ध पेयजल उपलब्ध किया जाये। उन्होंने कहा कि पानी के टैंकरों में टोंटी लगायें। चारों तरफ फायर ब्रिगेड, कथा स्थल पर अस्थाई चिकित्सालय में डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाइयां, एंबुलेंस के साथ 24 घंटे उपलब्ध हों। डॉक्टर, पैरामेडिकल की ड्यूटी अलग-अलग समय में लगाएं। उन्होंने कहा कि कथा स्थल पर समुचित सीसीटीवी कैमरे भी लगायें, जिससे समस्त प्रकार की गतिविधियों को कंट्रोल रूम में बैठकर देखा जा सके। उन्होंने कहा कि कथा स्थल के समीप प्रशासनिक एवं पुलिस का कंट्रोल रूम स्थापित करें, साथ में पूरी कथा स्थल पर माइक स्पीकर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। उन्होंने निर्देश दिए कि कथा स्थल की 5 किलोमीटर की तैयारी में आने वाले कुएं, बावड़ियों पर फेंसिंग कराएं।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने निर्देश दिए कि कथा में लाखों लोग आयेंगे, जिसको लेकर वाहनों के आवागमन के लिये विशेष रूप से योजनाबद्ध तरीके से व्यवस्था की जाये, ताकि हमारे धर्मप्रेमी बंधु कथा स्थल तक पहुंचने के लिये परेशान ना हों। मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रशासन अपने स्तर से व्यवस्थाएं करेगा। इसके अलावा हमारे क्षेत्र के धर्मप्रेमी बंधु तथा हमारे क्षेत्र की समितियां पूरा सहयोग करेंगी। मंत्री राजपूत ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के विश्राम के लिए बनाए अस्थाई निवास स्थल को भी देखा एवं आवश्यक निर्देश दिए।

मंत्री राजपूत के कलेक्टर-एसपी को निर्देश, आयोजन में कोई कमी न रहे Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights