Hindustanmailnews

Author name: Hindustanmailnews

‘जन’ के बीच जाकर बताएंगे केंद्र सरकार की उपलब्धियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 साल के कार्यकाल पूरे होने के मौके पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम को लेकर इंदौर पर खास फोकस है। विशेष अभियान में केंद्रीय मंत्री और पार्टी के बड़े नेता शामिल होंगे। भाजपा जिला इंदौर ग्रामीण द्वारा शुक्रवार को बैठक की गई। भाजपा कार्यालय पर आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 9 साल- बेमिसाल पर आयोजित होने वाले विशेष जनसंपर्क अभियान की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। बैठक में मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, जिला अध्यक्ष डॉ. राजेश सोनकर, किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री रवि रावलिया ने बैठक को संबोधित किया। इस मौके पर कैलाश चौहान, सहप्रभारी सुभाष पाटीदार, जिला उपाध्यक्ष रामविलास पटेल, रामस्वरूप गेहलोत, घनश्याम नारोलिया, श्रवणसिंह चावड़ा, सतीश मालवीय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भारत पटेल, वरुण पाल और मुकेश जरिया सहित अन्य नेता मौजूद थे। संचालन चिंटू वर्मा एवं आभार सुनील तिवारी ने माना।

‘जन’ के बीच जाकर बताएंगे केंद्र सरकार की उपलब्धियां Read More »

स्वच्छ शहर इंदौर में भारत और नेपाल के बीच नए इतिहास की शुरुआत : प्रचंड

नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच संबंधों में नए इतिहास की शुरुआत हुई। भारत-नेपाल के बीच संबंधों में नए आयाम जुड़े हैं। उन्होंने मप्र में हुए विकास कार्यों को अभूतपूर्व बताया। प्रचंड यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा प्रचंड के सम्मान में दिए गए रात्रि भोज के मौके पर कही।
प्रचंड के दिनभर इंदौर और उज्जैन में व्यस्त रहने के बाद उनके सम्मान में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा रात्रिभोज दिया गया। प्रचंड ने अपने संबोधन में कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कल की मुलाकात के दौरान कहना कि हम अपने रिश्तों को हिमालय जितनी ऊंचाई देने के लिए काम करते रहेंगे और इसी भावना से, हम सभी मुद्दों का, चाहे बाउंड्री का हो या कोई और विषय, सभी का समाधान करेंगे यह हमारे लिये खुशी और गर्व का विषय है। प्रचंड ने कहा कि मेरा प्रधानमंत्री के रूप में भारत भ्रमण चौथी बार हो रहा है। इस बार मोदी और नेपाल के बीच जो सहमति हुई है, यह दूर तक जाने वाली सहमति है। कनेक्टिविटी, वाटर रिसोर्स, ऊर्जा के क्षेत्र में जो सहमति बनी है, उसके दूरगामी परिणाम मिलेंगे।
भगवान महाकाल के दर्शन कर मेरा सपना हुआ साकार
प्रचंड ने कहा कि मप्र में जो गर्मजोशी से स्वागत हुआ है वह अविस्मरणीय है। भगवान महाकाल के दर्शन कर मेरा सपना साकार हुआ है। मुख्यमंत्री चौहान ने स्वागत भाषण देते हुए कहा प्रचंड को हमारे बीच पाकर हम अभिभूत हैं, उनका स्वागत कर हम गौरवान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति, सभ्यता और परंपराएं लगभग एक जैसी है। ऐसा लग रहा है कि अपनों के बीच अपने ही आए है। कार्यक्रम का संचालन सांसद शंकर लालवानी ने किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज पुन: इंदौर आएंगे और एयरपोर्ट पर नेपाल के प्रधानमंत्री को विदा करने के उपरांत भोपाल प्रस्थान करेंगे।

स्वच्छ शहर इंदौर में भारत और नेपाल के बीच नए इतिहास की शुरुआत : प्रचंड Read More »

फिर बारिश का दौर : 12 जिलों में बन रहा सिस्टम….तपा ही नहीं नौतपा…

अब की बार नौतपा के तेवर ठंडे रहे। हर रोज मध्यप्रदेश के किसी न किसी हिस्से में बारिश हुई। ओले गिरे और आंधी का दौर भी जारी रहा। ऐसा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) चक्रवात के एक्टिव रहने और ट्रफ लाइन के गुजरने की वजह से हुआ। शुक्रवार को सागर में बारिश हुई तो प्रदेश के कई शहरों में गर्मी का तेज असर देखने को मिला। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 3 जून से प्रदेश में फिर से बारिश का दौर शुरू होगा। इससे भोपाल, उज्जैन समेत ग्वालियर-चंबल के जिले भीगेंगे। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर प्रदेश के भोपाल, उज्जैन समेत कई जिलों में पड़ेगा। 3, 4 और 5 जून को भोपाल-उज्जैन समेत 12 जिलों में बारिश होने का अनुमान है, जबकि ग्वालियर और चंबल भी भीगेंगे। हालांकि, ये सिस्टम ज्यादा स्ट्रॉन्ग नहीं है, लेकिन जून के दूसरे सप्ताह में फिर से आंधी-बारिश का दौर शुरू होगा। मानसून 20 जून तक प्रदेश में एंट्री कर सकता है।

सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि 1 जून को उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो गया, जिसका असर शुक्रवार से ही प्रदेश में दिखाई देने लगा। सागर में हल्की बारिश भी हुई। 3 जून से असर तेज होगा। भोपाल-उज्जैन संभाग में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। सिस्टम का असर भोपाल, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, उज्जैन, शाजापुर, आगर-मालवा, देवास, नीमच, मंदसौर और रतलाम में दिखाई देगा। इसके बाद ग्वालियर-चंबल वाले हिस्से में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।

फिर बारिश का दौर : 12 जिलों में बन रहा सिस्टम….तपा ही नहीं नौतपा… Read More »

जल जीवन मिशन… आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों में पीने के पानी के लाले….

जल जीवन मिशन के तहत सभी आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों में पेयजल की व्यवस्था की जाना थी। इसके बावजूद अब तक मप्र की 23000 से ज्यादा आंगनवाड़ियों और 19 हजार से ज्यादा स्कूलों में पेयजल की व्यवस्था नहीं हो पाई है। 31 मई को 174 स्कूलों और 91 आंगनवाड़ियों में पानी पहुंचाया गया। हालांकि इतनी बड़ी संख्या में आंगनवाड़ियों और स्कूलों में पेयजल की व्यवस्था न होने के पीछे वजह यह है कि कई जगह साफ पानी नहीं है, वहीं नल कनेक्शन तो कर दिए गए हैं, लेकिन इनकी जिम्मेदारी लेने वाला कोई नहीं है।
प्रदेश में एक साल पहले तक सिर्फ 6327 आंगनवाड़ी केंद्रों में ही पानी की सप्लाई हो रही थी। हालांकि इसके बाद 40 हजार से ज्यादा आंगनवाड़ियों में जल जीवन मिशन के जरिए पेयजल की व्यवस्था की गई है। आंगनवाड़ियों में पानी न पहुंचने पर महिला बाल विकास विभाग की ओर से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पत्र लिखा गया था, जिसमें यह जानकारी सामने आई थी। इसमें यह भी लिखा गया था कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बिजली कनेक्शन नहीं है… लिहाजा जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगाए जा रहे पंप को आंगनवाड़ी केंद्रों से बिजली दिया जाना सं‌भव नहीं है, अत: पंप का बिजली कनेक्शन ग्राम पंचायत भवन से लिया जाए।

जल्द समस्या होगी दूर
प्रदेश में 65 प्रतिशत से ज्यादा आंगनवाड़ियों में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल की व्यवस्था की गई है। 79.34 प्रतिशत स्कूलों में भी पानी पहुंचाया है। जल्द ही अन्य जगहों पर भी पेयजल की व्यवस्था कर दी जाएगी। अधिकांश स्कूलों में पानी की व्यवस्था कर दी है, लेकिन उसका संचालन करना स्कूलों के हाथ में है।

  • संजयकुमार शुक्ल, प्रमुख सचिव, पीएचई

जल जीवन मिशन… आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों में पीने के पानी के लाले…. Read More »

घर जाकर लाड़ली बहना के स्वीकृति पत्र बांटे….सीएम ने गाया एक हजारों में मेरी बहना है…

सीएम शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार शाम राज नगर पहुंचे और बहनों को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान किए। उन्होंने महिलाओं के परिजनों से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने यहां शशि और पिंकी यादव को लाड़ली बहना योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इस दौरान बहनों ने भी उनके स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ी। रहवासी चित्रा जोजारे ने कहा कि उसने कभी सोचा भी नहीं था कि प्रदेश के मुखिया इस तरह घर आकर उन्हें यह सौगात देंगे। सीएम ने कहा एक हजार रुपए महीने की राशि 10 जून से मिलना शुरू हो जाएगी। 10 जून को आपके खाते में एक हजार रुपए जमा हो जाएंगे।
राजनगर मोहल्ले की ममता पगारे ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर आने पर गाना गाते हुए गुजारिश की कि भैया मेरे छोटी बहन को ना भुलाना… गाना गाते हुए भाव-विभोर ममता की आंखों में आंसू उमड़ पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहन आंसू मत बहाना। ऐसे आत्मीय दृश्य बहुत कम ही देखने को मिलते हैं। मुख्यमंत्री ने भी गाना गाते हुए कहा- एक हजारों में मेरी बहना है…। कालानी नगर के पास राजनगर में मुख्यमंत्री पहुंचे तो यहां एक अलग नजारा था। यहां बहनों और बेटियों ने अपने घरों को सजाया। गलियों में रंगोलियां बनाई गईं और हर घर में एक उत्सवी माहौल बन गया। मुख्यमंत्री के साथ स्थानीय भाजपा नेता और अधिकारी भी थे।

घर जाकर लाड़ली बहना के स्वीकृति पत्र बांटे….सीएम ने गाया एक हजारों में मेरी बहना है… Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights