Hindustanmailnews

Author name: Hindustanmailnews

‘धर्म का मजाक ठीक नहीं’: महाकाल लोक में मूर्तियां गिरने पर कांग्रेस ने वीडियो डाल कसा तंज, साधु-संत नाराज

इन दिनों उज्जैन में वायरल हो रहे नारद और भगवान शिव के एक वीडियो ने शहर की राजनीति में भूचाल ला दिया है। इस वीडियो में देव ऋषि नारद और भगवान शिव महाकाल लोक में सप्तऋषि की गिरी प्रतिमाओं को लेकर बात करते नजर आ रहे हैं, जिसमें भगवान शिव इस बार कमलनाथ को लाने की बात कर रहे हैं।

उज्जैन के महाकाल लोक में मूर्तियां गिरने से जुड़े एक वीडियो ने साधु-संतों को नाराज कर दिया है। इस वीडियो में भगवान शिव और नारद मुनि के कैरेक्टर के बीच महाकाल लोक में मूर्तियां गिरने के मामले में बातचीत दिखाई गई है। इसके अंत में शिव यह कहते दिख रहे हैं कि अब कमलनाथ को लाना ही होगा। 46 सेकेंड के इस वीडियो पर संत समाज ने कहा है कि कांग्रेस को धर्म का मजाक नहीं उड़ाना चाहिए।

बता दें कि बीजेपी भी इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर हमलावर हो गई है। पूर्व मंत्री और विधायक पारस जैन ने इस वीडियो को भ्रम पैदा करने वाला बताकर कहा है कि कांग्रेस की मति मारी गई है। बताया जाता है कि यह वीडियो महादेव सीरियल के कुछ पार्ट एडिट और डबिंग कर बनाया गया है। इसमें नारद सप्तऋषि की मूर्तियों को गिरते हुए देखकर कहते हैं, महाकाल लोक की यह दुर्दशा भोलेनाथ आपकी नगरी उज्जैयनी में। इस पर महादेव क्रोधित होकर बोलते हैं, मैं जानता हूं कि वहां क्या हुआ है, जनता के रक्षक ही भक्षक बन बैठे हैं, अब कमलनाथ को लाना ही होगा।

‘कांग्रेस पर कोई भरोसा नहीं करेगा’
पूर्व मंत्री और विधायक पारस जैन ने कहा कि वीडियो में मैंने भी देखा है। कांग्रेस की मति मारी गई है। भगवान शिव का नाम लेकर कह रहे हैं कि कांग्रेस को, कमलनाथ को लाना पड़ेगा। इस तरह के वीडियो से न तो जनता गुमराह होगी और न ही कांग्रेस पर कोई भरोसा करेगा। मैं समझता हूं कि महाकाल का नाम लेकर इस तरह का प्रचार नहीं करना चाहिए।

संत बोले- यह नहीं रुका, तो हम कोर्ट तक जाएंगे
परमहंस अवधेश पुरी ने कहा, भगवान शिव और नारद मुनि का इस तरह दुरुपयोग करना सनातन धर्म और संस्कृति के खिलाफ है। कांग्रेस को ऐसी नौटंकी कर धर्म का मजाक नहीं उड़ाना चाहिए। यह हम सहन नहीं करेंगे। यह नहीं रुका, तो हम कोर्ट तक जाएंगे। रही बात भ्रष्टाचार की, तो इसकी जांच चल ही रही है। वहीं, महामंडलेश्वर शैलेशानंद ने कहा, राजनीति में गिरती हुई भाषा का प्रयोग हम देख रहे हैं। हमारे आराध्य देवों को भी राजनीति में खींचा जा रहा है, ये उचित नहीं है। इस प्रकार के कृत्य से दूर रहना चाहिए।

‘धर्म का मजाक ठीक नहीं’: महाकाल लोक में मूर्तियां गिरने पर कांग्रेस ने वीडियो डाल कसा तंज, साधु-संत नाराज Read More »

बेंजेमा ने रियल मैड्रिड के लिए खेला विदाई मैच, पेनल्टी पर किया गोल

मैड्रिड। फ्रांस के दिग्गज फुटबॉलर करीम बेंजेमा ने रियल मैड्रिड की ओर से अपने अंतिम मैच में पेनल्टी किक पर गोल किया। एथलेटिक बिलबाओ के साथ यह मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। रियल के साथ बेंजेमा ने 14 सीजन में भाग लिया। क्लब ने रविवार को घोषणा की थी कि अगले सत्र में बेंजेमा उनके क्लब के लिए नहीं खेलेंगे। चर्चा है वह सऊदी अरब में खेल सकते हैं। मैच के बाद साथियों ने उन्हें हवा में उछाल दिया। स्पेनिश लीग के मैच में विनसियस जूनियर ने भी मैदान में वापसी की। दो हफ्ते पहले उन पर वेलेंसिया के खिलाफ मैच में नस्ली टिप्पणी की गई थी। उस मुकाबले के बाद यह उनका पहला मैच था। इस दौरान वह दो मैच में नहीं उतरे। बेंजेमा ने मैड्रिड के साथ 24 ट्राफियां जीती हैं, जिसमें पांच चैंपियंस लीग, चार ला लीगा खिताब और तीन कोपा डेल रे शामिल हैं।

बेंजेमा ने रियल मैड्रिड के लिए खेला विदाई मैच, पेनल्टी पर किया गोल Read More »

टीम पर डब्ल्यूटीसी फाइनल का दबाव नहीं

नई दिल्ली, एजेंसी
भारतीय टीम ने भले ही पिछले 10 वर्षों में आईसीसी कि कोई ट्रॉफी नहीं जीती हो, लेकिन मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने सोमवार को कहा कि आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल से पहले उनकी टीम पर इसको लेकर किसी तरह का दबाव नहीं है। उन्होंने कहा कि ट्रॉफी जीतना अच्छा होगा जिसके लिए टीम पिछले दो वर्षों से कड़ी मेहनत कर रही है।
भारत 2021 में डब्ल्यूटीसी फाइनल में न्यूजीलैंड से हार गया था, जबकि आईसीसी के अन्य टूर्नामेंट्स में वह नॉकआउट चरण में हारता रहा है। टीम इंडिया ने पिछली बार 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी के रूप में कोई आईसीसी ट्रॉफी जीती थी।
हमारे पास कई सकारात्मक पहलू हैं : द्रविड़
द्रविड़ ने कहा- हम पर किसी तरह का दबाव नहीं है। मेरे कहने का मतलब है कि आईसीसी ट्रॉफी जीतने को लेकर हम किसी तरह का दबाव महसूस नहीं कर रहे हैं। निश्चित तौर पर ट्रॉफी जीतना अच्छा होगा। आईसीसी टूर्नामेंट जीतने में सक्षम होना निश्चित तौर पर अच्छा होगा, क्योंकि इसके लिए हमने दो साल कड़ी मेहनत की है।
उन्होंने कहा- कई सफलताएं हासिल करने के बाद ही आप यहां तक पहुंचते हैं। इसलिए हमारे पास कई सकारात्मक पहलू हैं। आॅस्ट्रेलिया से सीरीज जीतना, यहां (इंग्लैंड के खिलाफ) सीरीज ड्रॉ कराना, हर जगह हर टीम को कड़ी टक्कर देने की क्षमता इस टीम के पास है। यह चीजें केवल इसलिए नहीं बदल जाएंगी कि आपने आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीती है। यह वास्तव में एक बड़ा मौका है।
हमारे पास अनुभवी खिलाड़ी हैं
मिडिल आॅर्डर के बैटर अजिंक्य रहाणे 18 महीने में अपना पहला टेस्ट मैच खेलने के लिए तैयार हैं और असफल होने पर उनका कॅरियर भी समाप्त हो सकता है। द्रविड़ ने इस अनुभवी बल्लेबाज को भी सलाह दी। उन्होंने कहा- यह अच्छा है कि रहाणे टीम के साथ हैं। कुछ खिलाड़ियों के चोटिल होने के कारण उन्हें टीम में वापसी करने का मौका मिला। यह अच्छा है कि हमारे पास उनके जैसा स्किल वाला और अनुभवी खिलाड़ी है।
द्रविड़ ने कहा- रहाणे के आने से टीम में अनुभव का इजाफा हुआ है। वह विदेशों में अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं और यहां तक कि इंग्लैंड में भी उन्होंने कुछ शानदार पारियां खेली हैं। उनकी अगुआई में टीम ने कुछ अच्छी सफलताएं हासिल की हैं। मैं नहीं चाहता कि वह इसे एकमात्र अवसर के रूप में देखें। चेतेश्वर पुजारा ने हाल में काउंटी क्रिकेट में ढेरों रन बनाए और द्रविड़ ने कहा कि उनकी सलाह से टीम को काफी मदद मिल सकती है।
भारतीय टीम के हेड कोच ने कहा- हमारी पुजारा के साथ कप्तानी और निश्चित तौर पर बल्लेबाजी को लेकर बात हुई। उन्होंने ससेक्स की कप्तानी भी की और इसलिए उन्हें काउंटी में खेलने वाले गेंदबाजों की रणनीति की अच्छी समझ है। इसलिए हमने उनके साथ इस बारे में बातचीत की और देखते हैं कि उनकी सलाह पर हम कैसे अमल कर पाते हैं।

टीम पर डब्ल्यूटीसी फाइनल का दबाव नहीं Read More »

छत्रपति शिवाजी महाराज का सबसे बड़ा चित्र………..

हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक महान राजा छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक की 350वीं वर्षगांठ पर इंदौर में जिजामाता (तीन पुलिया) चौराहे पर सर्व मराठी भाषी संघ के उपक्रम मध्यप्रदेश के प्रथम एवं पारंपरिक श्री स्वर ध्वज पथक के द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज का भव्य एवं दिव्य चित्र बनाया गया, जो कि इस आयोजन का मुख्य आकर्षण है। हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक मराठा योद्धा 6 जून, 1674 को रायगढ़ किले में सिंहासन पर चढ़े और छत्रपति शिवाजी महाराज के रूप में जाने गए।
4 दिन की मेहनत के बाद तैयार हुआ दिव्य चित्र- नवनिर्मित जिजामाता चौराहे पर बने दिव्य छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र को देखने के लिए दूर-दूर से लोग आ रहे हैं। श्री स्वर पथक की टीम ने चित्र बनाने के लिए दिवाली पर उपयोग किये गए दीयों को लोगों के घरों से एकत्र किया और लोगों को वेस्ट मैनेजमेंट का संदेश दिया। मिट्टी के 25000 दीयों को अलग-अलग रंगों से रंगा गया, जिसमें लगभग टीम के 50-60 बच्चों की मेहनत से 4 दिनों में छत्रपति शिवाजी महाराज के दिव्य भव्य चित्र को तैयार किया, जो लगभग 1500 स्क्वेयर फीट में बनाई गई है। चित्र को बनाने वाले कलाकार 3 वर्ष से लेकर 35 वर्ष तक उम्र के हैं, जिनमें से अधिकतर स्कूल के स्टूडेंट्स हंै एवं इस तरह की कला को भव्य रूप देने के लिए किसी भी तरह की प्रोफेशनल ट्रेनिंग नहीं ली गई। स्वाति युवराज काशिद (अध्यक्षा सर्व मराठी भाषी संघ) ने बताया कि जहां एक ओर आज का युवा नशे की ओर आकर्षित हो रहा है, वहीं दूसरी ओर हम श्री स्वर पथक के माध्यम से युवाओं और बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं इतिहास से अवगत करवा रहे हैं, जिससे युवाओं को सही दिशा मिले।

छत्रपति शिवाजी महाराज का सबसे बड़ा चित्र……….. Read More »

चेंचें-पेंपें के शोर में डूबा इंदौर…ट्रैफिक जाम से परेशान हो रहे दिनभर

इंदौर। शहर में सड़कों पर बढ़ते वाहनों के दबाव और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन व यातायात विभाग द्वारा प्रॉपर लिफ्टर और दुर्घटना से ग्रसित ऐसे 14 ब्लैक स्पॉट घोषित किए गए हैं, जिन्हें तमाम विभागों के सहयोग से इन चौराहों को विकसित किया जा रहा है, ताकि होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। दरअसल शहर में सबसे बड़ी समस्या जाम बनकर उभरती है। शहर के व्यस्ततम मार्गों पर घंटों का जाम देखा जाता है और यह केवल सुबह और शाम के वक्त अधिक मात्रा में नजर आता है… इसको लेकर कई बार यातायात विभाग को रहवासी क्षेत्र सहित अन्य माध्यमों से शिकायतें मिलती हैं। जाम की स्थिति को दूर करने पिछले दिनों क्यूआरटी टीम का भी यातयात विभाग ने गठन किया, लेकिन कई हद तक केवल मुख्य मार्गों को ही काम कर पाई है, लेकिन शहर में 6 से रात 9 बजे तक जिस तरह चेंचें-पेंपें के शोर से शहर गूंजामान हो जाता है… इन्हीं सब बातों को लेकर यातायात विभाग के डीसीपी मनीष अग्रवाल से चर्चा की गई…।

द. शहर को यातायात जाम से निजात कब मिल पाएगी?
अ. शहर में जाम से निबटने कई कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्य मार्गों पर जाम ना हो… इसके लिए जिला प्रशासन के साथ बैठक कर मुख्य चौराहों को चिह्नित किया गया है। जल्द ही दो माह के अंदर उन मुख्य चौराहों पर सिग्नल लगाए जाएंगे, ताकि जाम जैसी स्थिति ना बने और उसकी डेट लाइन भी निश्चित की गई है, ताकि सिग्नल जल्दी लग सकें।
द. जाम के बावजूद भी कई चौराहों पर चालानी कार्रवाई चलती है?
अ. शहर में शाम 7 से लेकर 9 बजे तक मुख्य मार्गों पर काफी जाम लगता है। उससे निबटने के लिए यातायात विभाग के पुलिसकर्मियों को साफ तौर पर निर्देश दे रखे हैं कि इस वक्त किसी भी तरह की कोई चालानी कार्रवाई न की जाए… केवल यातायात को सुलभ और सुगम बनाने की ओर ध्यान दिया जाए, ताकि यातायात सही रूप से संचालित हो सके।
द. रोको-टोको अभियान को कितना सफल मानते हैं, कितना फायदा हो रहा है?
अ. जी बिल्कुल… रुको-टोको अभियान से लोगों में जागरूकता आई है। सामाजिक संस्था के साथ मिलकर यह अभियान सप्ताह में मंगलवार को किया जाता है। कई दफा तो इसे प्रतिदिन चलाने के लिए भी कहा गया, लेकिन अन्य कार्य होने के चलते इसे एक ही दिन संचालित किया जा रहा है। इससे काफी फायदा भी हो रहा है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित होने के कारण लोगों में काफी जागरूकता और वह हेलमेट और नियमों का पालन करते नजर आते हैं।
द. ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर क्या कार्रवाई की गई है?
अ. शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के यंत्र निकालकर चालानी कार्रवाई की जाती है तो वहीं पिछले दिनों जिस तरह से मॉडिफाई साइलेंसर बेचने वालों को चिह्नित कर करीब 117 मॉडिफाई साइलेंसर जब्त किए गए थे और उन पर भारी जुर्माना लगाकर कार्रवाई की गई थी… यदि कोई निर्माता की भी शिकायत आती है तो उस ओर भी कार्रवाई की जाएगी और इसके लिए एक विशेष टीम का गठन किया जाएगा, ताकि वाहनों से ध्वनि प्रदूषण रोका जा सके।
द. शहर के ब्लैक स्पॉट पर किस तरह से काम हो रहा है?
अ. ब्लैक स्पॉट के कुल 14 चौराहे चयनित किए गए हैं, जिन पर जिला प्रशासन और यातायात विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई के साथ ही लेफ्ट टर्न और सड़क चौड़ीकरण का काम हुआ है और किया भी जा रहा है, ताकि वहां पर किसी भी तरह की कोई दुर्घटना ना हो और इन चौराहों पर विशेष रूप से सिग्नल लगाए जाएंगे।

चेंचें-पेंपें के शोर में डूबा इंदौर…ट्रैफिक जाम से परेशान हो रहे दिनभर Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights