इंदौर की प्राची त्रिपाठी ने कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की परीक्षा में पांचवीं रैंक पाई है। उन्होंने गर्ल्स कैटेगरी में देशभर में टॉप किया है। एग्जाम में प्राची त्रिपाठी 390 अंक में से 350 अंक हासिल किए हैं। एग्जाम में सफलता के लिए प्राची ने बहुत मेहनत की। वे तीन बार असफल हुईं और एक बार तो उन्हें भी यह लगा कि कुछ और कर लूं लेकिन दोस्तों और परिजन ने हिम्मत दी तो उन्होंने फिर से परीक्षा दी। इस बार उन्होंने अपनी काबिलियत साबित कर दी। 25 वर्षीय प्राची का रिजल्ट 13 मई को आया। प्री एग्जाम क्वालिफाई करने के बाद मेन्स 6 मार्च 2022 को हुई थी। मेन्स में 390 में से रॉ स्कोर 350 का रहा, जबकि नॉर्मल स्कोर करीब 370 के आसपास है। अगले दो से तीन महीने में प्राची की ज्वाइनिंग होना है। कर्मचारी चयन आयोग के कॉमन ग्रेजुएट लेवल 2022 की परीक्षा में इस बार 16 लाख छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। वहीं प्राची मध्य प्रदेश की पहली ऐसी छात्रा बन गई हैं जिसने बीते 25 सालों के इतिहास में पहली बार प्रदेश से 5वीं रैंक देश में हासिल की है। इंदौर में पुलिस इंस्पेक्टर मां की बेटी प्राची अब जल्द ही इनकम टैक्स इंस्पेक्टर बन कर अपनी सेवाएं देंगी. प्राची की इस सफलता पर माता-पिता भी गर्व महसूस कर रहे हैं।
प्राची के पिता महेश त्रिपाठी की सांवेर रोड पर इंडस्ट्री है। मां ममता त्रिपाठी महिला पुलिस थाने में एएसआई हैं। छोटी बहन आस्था है। पिता ने बताया कि मां अल सुबह उठकर घर का काम करके ड्यूटी पर जाती थी। दोनों बेटियां घर के काम के साथ पढ़ाई पर भी ध्यान देती थी। प्राची की सफलता पर पूरा परिवार गर्व महसूस कर रहा है। सभी रिश्तेदार और मित्र हमारे घर पर उसके लिए गिफ्ट भेज रहे हैं।
पत्नी वियोग में युवक ने की खुदकुशी……..
इंदौर। पत्नी के मायके जाने के चलते परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक द्वारा अपने ही घर में फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। पुलिस ने बताया कि परदेशीपुरा निवासी राजू मोहलिया (45) ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। राजू का पत्नी से विवाद चल रहा था। उसकी पत्नी अन्नपूर्णा क्षेत्र के महावर नगर में अपने मायके चली गई थी। उसने अन्नपूर्णा थाने पर पति के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी, जिससे वह परेशान था। दोनों की शादी को करीब 17 वर्ष हो चुके हैं। 22 मई को दोनों की शादी की सालगिरह है।