Hindustanmailnews

सरेराह कपड़ा व्यापारी को पहले मारी गोली, फिर चाकुओं से गोदकर हत्या

हीरानगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम निखिल खलसे (28) की बाइक सवार छह बदमाशों ने सरेराह हत्या कर दी। कपड़ा कारोबारी निखिल दो वर्ष पूर्व हुए दोहरे हत्याकांड के एक आरोपी की जमानत में मदद कर रहा था। बदमाशों ने पहले पांच गोलियां चलाईं। निशाना चूके तो चाकुओं से गोद दिया। बचने के लिए निखिल दोपहिया शोरूम में भी घुसा, लेकिन आरोपितों ने शोरूम में घुसकर उसे पकड़ लिया और चाकुओं से कई वार कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना सुखलिया में नगर निगम जोन के सामने शाम करीब 7 बजे की है।
जानकारी के मुताबिक, निखिल पुत्र विनायक खलसे घर के समीप ही साथी मोहित के साथ चाय पी रहा था। तभी बाइक पर विशाल पंवार, आर्यन ठाकुर, हर्ष चौधरी, चिराग कटारिया, लालू भदौरिया एक अन्य आरोपित आए और दनादन गोलियां चला दीं। निखिल गोलियों से बचा तो उस पर चाकुओं से हमला किया। घायल होने के बाद भी भागा, लेकिन आरोपितों ने उसे पकड़कर गिरा दिया और चाकू मारने लगे। कजिन भाई उदय ठाकुर उसे बापट अस्पताल ले गया, लेकिन डाक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस आरोपितों की तलाश में छापे मार रही है। विशाल और आर्यन के रिश्तेदारों को हिरासत में लिया गया है।

जमानत में मदद करने पर उतारा मौत के घाट
डीसीपी जोन-3 धर्मेंद्रसिंह भदौरिया के मुताबिक, वर्ष 2021 में आरोपित राहुल वास्कले, सूरज ठाकुर, मोगली, भूरा आदि ने कालिंदी गोल्ड सिटी (बाणगंगा) में गौरव मिश्रा और अर्पित खाटे की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। दोहरे हत्याकांड में सुखलिया निवासी मंगेश श्रीकांत भी षड्यंत्र का आरोपित है। निखिल खलसे और उदय ठाकुर मंगेश की जमानत का प्रयास कर रहे थे। 15 दिन बाद उसकी जमानत की संभावना थी। आरोपितों ने बदला लेने के लिए उदय की हत्या की साजिश की। निखिल ने पांच मिनट पहले ही उदय से कहा कि घर से बाहर मत निकलना। विशाल-आर्यन तुझे मारने के लिए घूम रहे हैं। लेकिन, निखिल आरोपितों के निशाने पर आ गया। निखिल की एक साल पूर्व ही शादी हुई है।

मामूली विवाद पर भाई ने धारदार हथियार से की हत्या
इंदौर। आजाद नगर थाना क्षेत्र में दो भाइयों में हुए मामूली विवाद के बाद बड़े भाई की धारदार हथियार से हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र के मूसाखेड़ी में मंगलवार रात 12 बजे छोटे भाई सुमित ने बड़े भाई मनोज खत्री पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। टीआई इंद्रेश त्रिपाठी के मुताबिक, मृतक छोटे भाई सुमित के घर की तरफ शादी समारोह में शामिल होने पहुंचा था, तभी किसी बात को लेकर दोनों का विवाद हो गया। इसी दौरान सुमित ने मनोज पर हमला कर दिया। परिजन तुरंत उसे हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights