Hindustanmailnews

किशोर की मौत से आक्रोशित परिजन और पुलिस में हुई झड़प

लसूड़िया थाना क्षेत्र में शनिवार रात किशोर की संदिग्ध हालत में हुई मौत के बाद से परिजन का विरोध रविवार दोपहर तक जारी रहा। लसूड़िया पुलिस से टकराव होने पर कुछ युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। कुछ देर के लिए एबी रोड पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति न बिगड़े, इसलिए अधिकारियों ने मौके पर पुलिस बल बुलाया।
रविवार दोपहर समाज के पदाधिकारी भी थाने पहुंच गए। यहां परिवार ने दोषी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कड़ा विरोध जताया। एडिशनल डीसीपी राजेश व्यास, एसीपी सोनाक्षी सक्सेना, एसीपी भूपेंद्र सिंह से चर्चा की। समाज के सोहन अग्रवाल ने बताया कि किशोर की संदिग्ध हालातों में मौत हुई है। आशंका है उसकी हत्या हुई है। आरोप यह भी है कि किशोरी के परिवार को पुलिस का संरक्षण है। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने और जांच में दोषी मिलने पर आपराधिक केस दर्ज करने का आश्वासन दिया है। उधर, एमवायएच से किशोर का शव परिजन गांव लेकर पहुंचे। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।

80 से अधिक लोगों पर केस दर्ज
लसूड़िया थाना क्षेत्र में 2 दिन पहले एक 17 वर्षीय किशोर की रेलवे ट्रैक पर मिली लाश के बाद हंगामा बढ़ गया था। किशोर के परिजनों ने थाने के बाहर जमकर हंगामा किया था। पुलिस पर पथराव भी किया गया था। इस मामले में पथराव और हमला करने वाले 70 से 80 अज्ञात लोगों के साथ ही एक युवक पर पुलिस ने नामजद प्रकरण दर्ज किया है, वही कार्रवाई में लापरवाही बरतने वाले 2 पुलिसकर्मियों पर भी गाज गिरी है।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights