दिलजीत दोसांझ के बंगलूरू कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में IED ब्लास्ट की चेतावनी; FIR दर्ज
मशहूर पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के बंगलूरू कॉन्सर्ट से पहले सुरक्षा को लेकर बड़ा अलर्ट सामने आया है। उनके ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ के तहत 29 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। कथित तौर पर एक ईमेल के जरिए कॉन्सर्ट के दौरान IED ब्लास्ट करने की चेतावनी दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
धमकी भरे ईमेल में खालिस्तान जिंदाबाद का नारा
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, यह धमकी भरा ईमेल धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को मिला है। ईमेल में बंगलूरू के मदावरा स्थित NICE ग्राउंड्स में होने वाले कॉन्सर्ट के दौरान बम धमाके की बात कही गई है। इसमें ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ का नारा भी लिखा गया है। इतना ही नहीं, कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को बच्चों को साथ नहीं लाने, आईफोन पर कॉल का जवाब नहीं देने और मेट्रो से सफर नहीं करने जैसी चेतावनियां भी दी गई हैं।
अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
धमकी मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ नॉर्थ CEN क्राइम पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ईमेल अकाउंट के IP एड्रेस और उसके वास्तविक स्रोत का पता लगा रही है। फिलहाल धमकी की सत्यता की जांच की जा रही है और कॉन्सर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।