Hindustanmailnews

सुप्रीम कोर्ट: जल्द सुनवाई के अधिकार का हवाला देकर अपराधी नहीं पा सकते जमानत, हाई कोर्ट का आदेश हुआ रद्द

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले आरोपी को स्पीडी ट्रायल के आधार पर नहीं मिलेगी जमानत, हत्या के आरोपी को एक हफ्ते में सरेंडर करने का आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने जमानत से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में स्पष्ट किया है कि पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले आरोपी को सिर्फ त्वरित सुनवाई (स्पीडी ट्रायल) के अधिकार का हवाला देकर जमानत नहीं दी जा सकती। अदालत ने हत्या के एक मामले में आरोपी को मिली जमानत निरस्त करते हुए उसे सात दिन के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि किसी भी मामले में आरोपी के अधिकारों के साथ पीड़ित, उसके परिवार और समाज के व्यापक हितों को भी ध्यान में रखना आवश्यक है।

हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट ने पलटा

जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की पीठ ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जमानत आदेश को रद्द करते हुए यह टिप्पणी की। हाईकोर्ट ने आरोपी को पांच साल से अधिक समय तक जेल में रहने के आधार पर जमानत दी थी।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत त्वरित सुनवाई का अधिकार मौलिक अधिकार है, लेकिन गंभीर अपराधों में इस अधिकार के साथ सामाजिक हितों का संतुलन बनाए रखना भी अदालत की जिम्मेदारी है। खासकर तब, जब आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा हो।

पहले भी हत्या के प्रयास में हो चुका था दोषी

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के सामने यह तथ्य आया कि आरोपी को पहले भी हत्या के प्रयास के मामले में दोषी ठहराया जा चुका था। हैरानी की बात यह रही कि पुराने मामले में भी उसने उसी व्यक्ति की हत्या की कोशिश की थी, जिसकी मौजूदा मामले में हत्या हुई है।

अदालत ने पाया कि आरोपी ने हाईकोर्ट में दाखिल जमानत याचिका में दो बार यह जानकारी दी थी कि मौजूदा मामले के अलावा उसके खिलाफ कोई दूसरा आपराधिक मामला नहीं है। इस तरह उसने अपनी पिछली दोषसिद्धि की जानकारी छिपाई थी।

जमानत पर बाहर रहते हुए हुई हत्या

सुप्रीम कोर्ट ने इस तथ्य को भी गंभीर माना कि मौजूदा हत्या की वारदात उस समय हुई, जब आरोपी पहले के हत्या के प्रयास वाले मामले में जमानत पर बाहर था। मृतक के पिता ने हाईकोर्ट के जमानत आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की थी।

पीठ ने कहा कि अदालतों को स्पीडी ट्रायल के अधिकार और सामाजिक हितों के बीच संतुलन बनाना चाहिए। किसी आरोपी को उसके आपराधिक इतिहास और अदालत के सामने दी गई गलत जानकारी की अनदेखी कर राहत नहीं दी जा सकती।

सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट का आदेश निरस्त करते हुए आरोपी को एक सप्ताह के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights