Hindustanmailnews

इंदौर MGM मेडिकल कॉलेज के बाहर चौथे दिन भी प्रदर्शन, भ्रष्टाचार और फर्जी नियुक्तियों के आरोपों को लेकर धरना जारी

इंदौर। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के गेट पर सामाजिक कार्यकर्ताओं का धरना लगातार चौथे दिन भी जारी है। मेडिकल कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार, फर्जी नियुक्तियों और प्रमोशन में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर प्रदर्शनकारी अलग-अलग तरीके से विरोध जता रहे हैं। शनिवार को महिलाओं के साथ भजन संध्या आयोजित कर अधिकारियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की गई।

सामाजिक कार्यकर्ता कमल गोस्वामी ने आरोप लगाया कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज सहित अन्य स्थानों पर नियुक्तियों और प्रमोशन में गड़बड़ी की गई है। उनका कहना है कि इन मामलों से जुड़े दस्तावेज और सबूत होने के बावजूद कई विभागों में शिकायत करने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में साधु-संतों, शहरवासियों और महिलाओं के साथ मिलकर शांतिपूर्ण तरीके से धरना दिया जा रहा है।

प्रदर्शन स्थल पर तोड़फोड़ और चोरी का आरोप

कमल गोस्वामी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन को बाधित करने के लिए कुछ असामाजिक तत्वों ने धरना स्थल पर तोड़फोड़ की। उनके मुताबिक, प्रदर्शन के लिए लगाए गए पोस्टर और बैनर फाड़ दिए गए, जबकि टेंट की सामग्री भी अस्त-व्यस्त कर दी गई। उन्होंने धरना स्थल से कुछ सामान चोरी होने का दावा भी किया है।

गोस्वामी का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों में कुछ संदिग्ध लोगों की तस्वीरें कैद हुई हैं। इस मामले में उन्होंने संयोगितागंज थाने में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही धरना समाप्त होने तक प्रदर्शन स्थल पर पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।

प्रदर्शनकारियों ने संदेह जताया है कि शांतिपूर्ण धरने को बाधित करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल प्रदर्शन जारी है और प्रदर्शनकारी मेडिकल कॉलेज में कथित अनियमितताओं की जांच कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights