Hindustanmailnews

इंदौर में एंटीबायोटिक के गलत इस्तेमाल के खिलाफ निकली जागरूकता रैली

इंदौर। एंटीबायोटिक दवाओं के गलत और जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शनिवार को नेहरू स्टेडियम चौराहे पर राज्य स्तरीय फार्मा जागरूकता रैली निकाली गई। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से इंदौर क्षेत्र के फार्मेसी संस्थानों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘स्वस्थ भारत : एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस से मुकाबला’ रही। यह आयोजन विश्व फार्मासिस्ट दिवस और राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह समारोह 2026 के तहत किया गया।

कार्यक्रम में स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. संजय जैन ने बताया कि बिना जरूरत एंटीबायोटिक लेना, खुद से दवाइयां खाना, गलत खुराक लेना और तय समय से पहले दवा बंद करना एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने लोगों को दवाओं का सही तरीके से इस्तेमाल करने की सलाह दी। मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल के सदस्य डॉ. पवन कुमार दुबे ने भी दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर दिया।

मॉडर्न ग्रुप के चेयरमैन डॉ. अनिल खारिया ने स्वास्थ्य सेवाओं, दवा निर्माण और अनुसंधान में फार्मासिस्टों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। वहीं, विशाल फार्मास्युटिकल लेबोरेटरीज के एमडी हिमांशु शाह ने विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर देने के लिए ट्रेनिंग सेंटर विकसित करने का प्रस्ताव रखा। एसीपी एवं अतिरिक्त डीसीपी इंदौर श्रीमती नीति राजेश दंडोतिया ने विद्यार्थियों को जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड सोसायटी के चेयरमैन ओम जैन ने कोरोना काल में फार्मासिस्टों के योगदान की सराहना की और विद्यार्थियों से शोध और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन और राष्ट्रगान के बाद जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें फार्मेसी के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नारों के जरिए लोगों को संदेश दिया कि एंटीबायोटिक दवाएं केवल डॉक्टर की सलाह पर, बताई गई खुराक और तय अवधि तक ही लें। बिना चिकित्सकीय सलाह के इन दवाओं का इस्तेमाल न करें।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights