Hindustanmailnews

इंदौर में 60 पुजारियों से 8 करोड़ की ठगी का आरोप, पूजा के बहाने घर बुलाकर दंपति ने दिया लालच, गिरफ्तार

इंदौर। शहर में पूजा-पाठ के नाम पर पुजारियों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक दंपति पहले पुजारियों को हवन-पूजन के लिए अपने घर बुलाता था और फिर उन्हें शेयर मार्केट और दूसरी कंपनियों में निवेश करने का लालच देकर पैसे लेता था। पुलिस ने मामले में खातीवाला टैंक निवासी नितिन जोशी और उनकी पत्नी परागिता जोशी को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद 5 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश त्रिपाठी के मुताबिक, कुछ पुजारियों ने दंपति के खिलाफ शिकायत की थी। बताया गया कि शुरुआत में दंपति ने घर पर हवन-पूजन करवाया और पुजारियों को अच्छी दक्षिणा दी। इसके बाद उन्हें शेयर मार्केट में पैसा लगाने पर 20 प्रतिशत तक मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया गया। धीरे-धीरे दूसरे पुजारियों को भी निवेश के लिए तैयार किया गया।

20 से 40 प्रतिशत मुनाफे का दिया लालच

शिकायत के अनुसार, मार्च 2022 से सितंबर 2023 के बीच कुछ पुजारियों ने नगद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 88 लाख रुपये निवेश किए। इसके बदले मूलधन और मुनाफे के नाम पर 56 लाख 30 हजार रुपये लौटाए गए, जबकि 31 लाख 70 हजार रुपये बाकी रह गए।

इसी तरह मार्च 2025 से दिसंबर 2025 के बीच दूसरे पुजारियों को 20 से 40 प्रतिशत तक मुनाफे का लालच दिया गया। इस दौरान कुल 75 लाख रुपये लिए गए, लेकिन इनमें से सिर्फ 1 लाख 50 हजार रुपये ही वापस किए गए। शेष 73 लाख 50 हजार रुपये बकाया बताए गए हैं।

60 पुजारियों से 8 करोड़ की ठगी का आरोप

पुलिस को आशंका है कि इस मामले में करीब 50 से 60 पुजारी ठगी का शिकार हुए हैं। ठगी की कुल रकम करीब 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दंपति अलग-अलग स्तर पर निवेश करवाता था और 10 लाख से लेकर 75 लाख रुपये तक की रकम लगवाई गई।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद बड़ी संख्या में पुजारी क्राइम ब्रांच कार्यालय भी पहुंचे। फिलहाल पुलिस दंपति से पूछताछ कर रही है और धोखाधड़ी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights