Hindustanmailnews

पीएम स्वनिधि योजना में इंदौर की उपलब्धि पर मनीष मामा ने दी बधाई

इंदौर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में देशभर में प्रथम स्थान हासिल करने पर इंदौर में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि पर एमआईसी सदस्य मनीष मामा ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के साथ इंदौर पहुंचकर बधाई दी। इस दौरान वे योजना से जुड़ा अवार्ड भी लेकर आए।

मीडिया से चर्चा करते हुए मनीष मामा ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना रेहड़ी-पटरी और फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले छोटे व्यापारियों के लिए आगे बढ़ने की सीढ़ी साबित हुई है। इंदौर में 2 लाख से अधिक हितग्राहियों ने इस योजना का लाभ लेकर अपने कारोबार को आगे बढ़ाया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल और नगर निगम की पूरी टीम को बधाई दी।

ठेले हटाने की कार्रवाई पर भी रखी बात

नेता प्रतिपक्ष की ओर से वेंडरों के ठेले हटाने की कार्रवाई का विरोध किए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर मनीष मामा ने कहा कि यातायात बाधित करने वाले ठेलों को ही हटाया जाता है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन गरीबों के उत्थान के लिए ठोस काम नहीं किया।

मनीष मामा ने कहा कि भाजपा सरकार अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना को छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights