Hindustanmailnews

इंदौर में बारात के दौरान 37 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, नोट लूटने के दौरान भीड़ में दबने की आशंका

इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में बारात के दौरान एक 37 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान आसिफ अंसारी के रूप में हुई है। घटना 14 नवंबर को पटेल समाज की बारात के दौरान हुई थी। बताया जा रहा है कि बारात में 500-500 रुपये के नोट उड़ाए जा रहे थे। इस दौरान नोट लूटने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान धक्का-मुक्की और भीड़ में दबने से आसिफ की तबीयत बिगड़ गई।

नोट लूटने के दौरान हुई धक्का-मुक्की, मौत की वजह पर सवाल

जानकारी के मुताबिक, बारात में नोट उड़ाए जाने के दौरान उन्हें उठाने के लिए काफी लोग इकट्ठा हो गए थे। इसी बीच आसिफ अंसारी भी वहां पहुंचे थे। घटना को लेकर भीड़ में दबने और धक्का-मुक्की की आशंका जताई जा रही है। वहीं, तेज DJ साउंड और हार्ट अटैक की आशंका भी सामने आई है। हालांकि, अभी तक मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग

आसिफ की मौत के बाद परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिवार चाहता है कि बारात की वीडियोग्राफी, ड्रोन फुटेज और आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की जाए, ताकि घटना के समय की पूरी स्थिति सामने आ सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

खजराना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, परिवार की ओर से पहले आसिफ को दो बार अटैक आने की जानकारी दी गई थी। फिलहाल पुलिस मर्ग जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights