Hindustanmailnews

इंदौर में जनसुनवाई में पहुंचे 325 आवेदन, कैंसर पीड़ित बुजुर्ग दंपति को मिला इलाज; खाद्य जांच लैब को मिला सर्टिफिकेशन

इंदौर में मुख्यमंत्री के निर्देश पर आयोजित जनसुनवाई में मंगलवार को करीब 325 आवेदन प्राप्त हुए। इन आवेदनों में स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पुलिस और रोजगार से जुड़े मामले शामिल रहे। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सभी शिकायतों को दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की। गंभीर बीमारी और स्कूल में दाखिले जैसे जरूरी मामलों में मौके पर ही सहायता उपलब्ध कराई गई।

जनसुनवाई में एक बुजुर्ग दंपति का मामला भी सामने आया, जो कैंसर और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहा था। बीमारी के कारण उन्हें चलने-फिरने में भी काफी दिक्कत हो रही थी। प्रशासन ने उनके इलाज की व्यवस्था कराई। इलाज के बाद अब दंपति को चलने-फिरने में राहत मिली है। हालांकि कैंसर का इलाज अभी जारी है। जिला प्रशासन लगातार उनके स्वास्थ्य का फॉलोअप कर रहा है।

जनसुनवाई के दौरान रोजगार और स्वरोजगार से जुड़े आवेदनों पर भी सहायता दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, जरूरतमंद आवेदकों को पीएम स्वनिधि योजना और अन्य सरकारी योजनाओं के माध्यम से लाभ पहुंचाया जा रहा है। स्वरोजगार के मामलों को नगर निगम और अन्य निकायों के जरिए दर्ज कर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

वहीं, मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित खाद्य जांच प्रयोगशाला को अब सर्टिफिकेशन मिल गया है। इससे खाद्य पदार्थों के सैंपल की जांच इंदौर में ही हो सकेगी। प्रशासन का कहना है कि इससे मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को और मजबूती मिलेगी। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights