इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता कमल गोस्वामी ने धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने कॉलेज के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई। गोस्वामी का आरोप है कि भ्रष्टाचार की शिकायत के बाद जांच रिपोर्ट भी सामने आ चुकी है, जिसमें संबंधित अधिकारियों को दोषी बताया गया है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

प्रदर्शन के दौरान कमल गोस्वामी ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को हाथ धोने के लिए साबुन तक उपलब्ध नहीं है। वहीं, इमरजेंसी के समय एंबुलेंस और गंभीर मरीजों के प्रवेश के लिए पांच गेट बंद रखे जाने से परेशानी होती है। उन्होंने प्रभारी अधीक्षक की नियुक्ति, मशीनों के रखरखाव और नई मशीनों की खरीदी में भी गड़बड़ी के आरोप लगाए।
गोस्वामी ने आयुष्मान योजना और स्कूल ऑफ एक्सीलेंस फॉर आई में भी वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इन अव्यवस्थाओं से मेडिकल कॉलेज की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि जिम्मेदार अधिकारियों को पद से हटाया जाए और पूरे मामले की जांच सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी और मजिस्ट्रेट की स्वतंत्र समिति से कराई जाए।
सामाजिक कार्यकर्ता ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की है। अब देखना होगा कि इन आरोपों और प्रदर्शन के बाद कॉलेज प्रबंधन और प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।