
इंदौर में अब सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट के कारण सुबह और रात के समय ठंड महसूस होने लगी है। कृषि महाविद्यालय की मौसम वेधशाला में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, पिछले कुछ दिनों में तापमान 11.5 से 12 डिग्री तक भी पहुंच चुका है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री या उससे नीचे बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञ दशानन ने बताया कि अभी तापमान सामान्य के आसपास है। अगले चार से पांच दिनों तक मौसम की स्थिति लगभग ऐसी ही रहने की संभावना है। हालांकि, आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है।
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से MP में बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई दे सकता है। इसके प्रभाव से 21 और 22 नवंबर को प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना है। खासतौर पर पूर्वी मध्य प्रदेश के बालाघाट और डिंडोरी में बारिश की गतिविधियां अधिक रह सकती हैं।
फिलहाल इंदौर में मौसम शुष्क रहने के साथ सुबह और रात की ठंड बढ़ने के आसार हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी रखने की जरूरत होगी।