Hindustanmailnews

इंदौर-दाहोद रेल लाइन को मिली बड़ी मंजूरी, टीही-धार के बीच 47 KM ट्रैक पर दौड़ेंगी ट्रेनें

इंदौर और धार के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने की दिशा में बड़ी उपलब्धि मिली है। इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के तहत टीही से धार तक बने करीब 47 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर यात्री और मालगाड़ियों के नियमित संचालन को रेल संरक्षा आयुक्त ने अनुमति दे दी है। इस मंजूरी के बाद इस रूट पर ट्रेन सेवाएं शुरू होने का रास्ता साफ हुआ है। हालांकि, यात्री ट्रेनों के संचालन की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।

पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, रेल संरक्षा आयुक्त, पश्चिम परिमंडल ने 5 और 6 नवंबर 2026 को टीही से धार स्टेशन तक नवनिर्मित रेलखंड का निरीक्षण किया था। इस दौरान ट्रॉली और पैदल निरीक्षण के साथ रेल लाइन की सुरक्षा और तकनीकी मानकों की जांच की गई। इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव से गति परीक्षण भी किया गया।

निरीक्षण के दौरान सामने आई टिप्पणियों के अनुपालन में रेलवे ने जरूरी स्पष्टीकरण और रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद रेल संरक्षा आयुक्त ने इस रेलखंड पर नियमित यात्री और मालगाड़ी परिचालन की अनुमति प्रदान कर दी।

90 KM प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगी ट्रेनें

रेलवे के मुताबिक, नवनिर्मित मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनें अधिकतम 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगी। वहीं, टनल वाले हिस्से में अधिकतम गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है।

टीही-धार रेलखंड को मिली अनुमति इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इससे क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। अब यात्रियों को इस रूट पर नियमित ट्रेन सेवाएं शुरू होने की आधिकारिक तारीख का इंतजार है।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights