Hindustanmailnews

उज्जैन के विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में NSUI का हंगामा, कुलसचिव की ओर उछाला जूता, नेम प्लेट तोड़ी



उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में सोमवार को NSUI कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। विभिन्न मांगों और छात्रों की समस्याओं को लेकर विश्वविद्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कुलसचिव डॉ. अनिल शर्मा के कार्यालय में प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कुलसचिव की ओर जूता उछाल दिया और कार्यालय के बाहर लगी उनकी नेम प्लेट तोड़कर गिरा दी।

दरअसल, NSUI कार्यकर्ता छात्रों की समस्याओं और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कुलसचिव से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर में नारेबाजी शुरू हो गई। स्थिति को देखते हुए कर्मचारियों ने चैनल गेट लगाकर कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी गेट पार कर कुलसचिव के कार्यालय तक पहुंच गए।

बाद में कुलसचिव डॉ. अनिल शर्मा जब कार्यालय से बाहर आए, तो NSUI जिलाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला के साथ उनकी तीखी बहस हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक विवाद चलता रहा। हंगामे के चलते विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

फिलहाल इस घटनाक्रम के बाद विश्वविद्यालय में छात्रों के प्रदर्शन और कुलसचिव के साथ हुए विवाद की चर्चा तेज हो गई है।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights