Hindustanmailnews

पीएम मोदी का फिलीपींस दौरा: मनीला एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत, दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

तीन दिवसीय दौरे पर मनीला पहुंचे पीएम मोदी, आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को तीन दिवसीय दौरे पर फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचे। यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया गया। पीएम मोदी के स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

प्रधानमंत्री इस यात्रा के दौरान 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर पहुंचे पीएम मोदी मंगलवार को विभिन्न देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

इस दौरे का प्रमुख उद्देश्य दक्षिण-पूर्व और पूर्वी एशिया के देशों के साथ भारत के रणनीतिक, आर्थिक और कूटनीतिक संबंधों को और मजबूत करना है। मनीला रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने कहा कि आसियान देश भारत की एक्ट ईस्ट नीति के केंद्र में हैं और भारत के महासागर (MAHASAGAR) विजन में भी इनकी अहम भूमिका है। इस विजन का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है।

पीएम मोदी ने कहा कि आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति को आगे बढ़ाने के साथ व्यापार, संपर्क और साझा समृद्धि से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

वहीं, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की शांति, स्थिरता और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस मंच पर क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।

गौरतलब है कि 1967 में स्थापित आसियान में फिलहाल 11 सदस्य देश हैं। इनमें ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम शामिल हैं। भारत आसियान का महत्वपूर्ण संवाद साझेदार है।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights