Hindustanmailnews

दिलजीत के कॉन्सर्ट में मोबाइल चोरों का गिरोह सक्रिय, दिल्ली के दो आरोपी गिरफ्तार; 5 फोन बरामद

इंदौर में सिंगर दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट में मोबाइल चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी कॉन्सर्ट में शामिल होने के लिए महंगे गोल्ड और सिल्वर पास लेकर पहुंचे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने गिरोह के तीन अन्य सदस्यों के नाम भी बताए हैं।

दरअसल, 15 नवंबर को इंदौर के C21 एस्टेट ग्राउंड पर दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में करीब 20 हजार 500 दर्शक शामिल हुए थे। इस दौरान कई लोगों ने अपने बैग और कपड़ों से मोबाइल चोरी होने की शिकायत पुलिस से की। पुलिस के पास मोबाइल चोरी की करीब 10 से 15 शिकायतें पहुंची थीं।

इसके बाद खजराना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही सादी वर्दी में तैनात पुलिसकर्मियों ने भी संदिग्धों पर नजर रखी। इसी दौरान पुलिस ने नाजिम और सुरेंद्र नाम के दो युवकों को पकड़ा। दोनों दिल्ली के रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से 5 मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, अभी 7 से 8 अन्य मोबाइल फोन की बरामदगी भी बाकी है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बड़े शहरों में होने वाले कॉन्सर्ट और अन्य बड़े आयोजनों को निशाना बनाते थे। वे एसी ट्रेन और हवाई जहाज से सफर कर कार्यक्रमों में पहुंचते और भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करते थे। आरोपियों के बताए तीन अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अब दूसरे शहरों में हुई मोबाइल चोरी की वारदातों से भी उनके कनेक्शन की जांच कर रही है।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights