मुंबई की गलियों में सचिन तेंदुलकर के साथ दिखे प्रिंस विलियम और केट, खेला गली क्रिकेट, कुल्हड़ चाय का भी लिया आनंद
ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन इन दिनों तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं। सोमवार को मुंबई दौरे के दौरान दोनों शाही मेहमान भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर के साथ नजर आए। इस मुलाकात का खास अंदाज देखने को मिला, जहां तीनों ने मुंबई की गलियों में गली क्रिकेट खेला और पारंपरिक कुल्हड़ चाय का स्वाद भी चखा।
इस दौरान प्रिंस विलियम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में हाथ आजमाया। सचिन तेंदुलकर ने उन्हें क्रिकेट के कुछ गुर भी सिखाए और बल्लेबाजी के दौरान ऑन-ड्राइव शॉट खेलकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, प्रिंसेस केट मैदान के किनारे खड़ी होकर मुस्कुराते हुए खेल का आनंद लेती नजर आईं।
क्रिकेट खेलने के बाद शाही जोड़े ने एक विशेष रूप से तैयार किए गए चाय स्टॉल पर मिट्टी के कुल्हड़ में चाय पी। इसके अलावा उन्होंने बच्चों से मुलाकात की और उनसे बातचीत भी की। इस दौरान स्थानीय संगीतकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर मेहमानों का स्वागत किया।
प्रिंस विलियम और केट मिडलटन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मुंबई दौरे का वीडियो भी साझा किया है। वीडियो में सचिन तेंदुलकर के साथ क्रिकेट खेलने से लेकर कुल्हड़ चाय का आनंद लेने तक के कई खास पल दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में मुंबई का प्रसिद्ध राजाबाई क्लॉक टावर भी नजर आया। सोशल मीडिया पर शाही जोड़े और सचिन तेंदुलकर के इन खास पलों की तस्वीरें और वीडियो चर्चा का विषय बने हुए हैं।