Hindustanmailnews

इंदौर में महिला के भरोसे का फायदा उठाकर ऑटो चालक ने की चोरी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

इंदौर। दीपावली की खरीदारी करने बाजार पहुंची एक महिला के साथ ऑटो चालक ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने महिला का भरोसा जीतकर उसका बैग ऑटो में ही रखवा लिया और मौका पाकर उसमें रखे 13 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। तिलक नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, तिलक नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली मनीषा अपनी बेटी के साथ दीपावली की खरीदारी करने निकली थीं। बाजार से देवगुराड़िया जाने के लिए उन्होंने एक ऑटो रिक्शा लिया। रास्ते में एक दुकान से सामान लेने के लिए जब वह ऑटो से उतरीं, तो चालक ने उनसे कहा कि बैग ऑटो में ही रहने दें। महिला ने उसकी बात पर भरोसा कर अपना बैग ऑटो में छोड़ दिया।

इसी दौरान ऑटो चालक ने बैग से 13 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात से भरा एक छोटा बैग निकाल लिया। महिला जब घर पहुंचीं और अपना सामान देखा, तो बैग से नकदी और जेवर गायब मिले। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

एसीपी आशीष पटेल के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी ऑटो चालक सोनू पिता बालकृष्ण की पहचान हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चोरी की गई नकदी और सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं। फिलहाल आरोपी से अन्य पहलुओं को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights