दर्द के कारण मुंह खुलना भी बंद हो गया था………….
चेहरे पर हुई गठान के कारण पहले खाना बंद हुआ फिर मुंह खुलना ही बंद हो गया। परेशान परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए तो उन्होंने और चौंका दिया। कहा- मुंह में गठान है और इस गठान के कारण दूसरी हड्डियां भी गलने लगी हैं। डॉक्टरों ने सर्जरी ही इसका इलाज बताया।
उनके सामने समस्या थी कि गठान के कारण गल चुकी हड्डी की जगह को कैसे भरें। तब डॉक्टरों ने तय किया कि छाती की हड्डी निकालकर वहां लगाई जा सकती है। युवक अब स्वस्थ्य है और सर्जरी के बाद उसने लिक्विड डाइट लेना भी शुरू कर दिया है। मामला रतलाम के 20 वर्षीय किसान पुत्र का है। वह कॉलेज स्टूडेंट है। दो माह पहले उसके चेहरे व जबड़े में दर्द होने लगा। फिर सूजन आ गई और खाना बंद हो गया।
वह खाने के लिए ठीक से मुंह भी नहीं खोल पाता था। उसने पहले रतलाम के एक अस्पताल में बताया तो उसे सरकारी डेंटल हॉस्पिटल, इंदौर दिखाने को कहा गया। यहां डॉक्टरों ने एक्स-रे सहित कई जांचें कराईं। उसके बाद आॅपरेशन का निर्णय लिया गया।