Hindustanmailnews

अब तक बांट चुके हैं चार लाख सीडबॉल, 4 लोगों से शुरू हुई मुहिम 2000 तक पहुंची

सीडबॉल के माध्यम से हरितिमा को सहेजने में जुटे लोग………..

शहर के कंफर्ट इनक्लेव में रहने वाले चार लोगों की अनूठी पहल प्रदेश के साथ अब देशभर में प्रचलित हो रही है। तीन साल पहले 500 सीडबॉल से मुहिम शुरू हुई थी। अब तक ये लोग 4 लाख सीडबॉल बांट चुके हैं। देशभर में सीडबॉल बनाने का नि:शुल्क प्रशिक्षण देने की शुरुआत करने वाली इस अवनि वेलफेयर सोसायटी से अब तक 2 हजार लोग वॉलेंटियर के रूप में जुड़ चुके हैं। कुछ दिनों पहले दिल्ली विवि ने सीडबॉल बनाने का प्रशिक्षण देने के लिए इन्हें बुलाया था, जहां पर इन्होंने 5 हजार सीडबॉल तैयार किए थे। अब अन्य संस्थाएं भी इन्हें प्रशिक्षण के लिए बुलाती हैं। इनकी अब नई मुहिम है, बीज लेकर आओ और सीडबॉल ले जाओ।
क्या है सीडबॉल
सीडबॉल, जापानी वैज्ञानिक मासानोबू फुकुओका की दी गई एक जापानी तकनीक है। इसमें सब्जियों और फलों के बीजों को इकट्ठा करके मिट्टी की एक बॉल बनाई जाती है। इसके बाद इस आॅर्गेनिक बॉल को संबंधित इलाके में फेंक दिया जाता है। एक सीडबॉल को तैयार करने के लिए मिट्टी के दो और खाद का एक हिस्सा लिया जाता है। फिर इसमें बीज डालते हैं और पानी मिलाकर गेंद का आकार दे दिया जाता है। इसके बाद इसे दो दिन छांव में सुखाया जाता है। सुखाने के बाद इसे ऐसी जगहों पर फेंक दिया जाता है, जहां हम हरियाली चाहते हैं। जैसे ही बारिश होती है, यह सीडबॉल खुल जाता है। बीज को पानी मिलता है तो वह पनप जाता है। इस तरह बगैर पौधे रोपे बड़ी संख्या में एक साथ पौधे उगाना संभव हो जाता है। सीडबॉल की सबसे अच्छी बात यह है कि इसके भीतर बीज सुरक्षित रहता है। इसे चिड़िया वगैरह नहीं खा पातीं, जिससे धरती को हरा-भरा बनाने में मदद मिलती है।

प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने यात्रियों को कपड़े का थैला बांट चलाएंगे जागरूकता अभियान
विश्व पर्यावरण दिवस पर भोपाल मंडल में मिशन लाइफ के तहत पर्यावरण हितैषी विविध कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इस वर्ष ‘सिंगल यूज प्लास्टिक को कहें ना’ का नारा दिया गया है। मंडल रेल प्रबंधक सौरभ बंदोपाध्याय के मार्गदर्शन में भोपाल स्टेशन पर मण्डल अपर मण्डल रेल प्रबंधक अन्य अधिकारियों के साथ यात्रियों को कपड़े का थैला वितरित कर प्लास्टिक मुक्त रेल परिसर बनाने जागरूकता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा पौधरोपण भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त डीजल लोको शेड इटारसी में पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण आदि गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्युत लोक शेड इटारसी में रेलकर्मी कलाकारों द्वारा मिशन लाइफ के तहत पर्यावरण के प्रति जागरूकता सम्बन्धी नुक्कड़ नाटक का मंचन किया जाएगा। इसके अलावा मंडल में विभिन्न स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों में पर्यावरण जागरूकता सम्बन्धी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मिशन लाइफ के तहत मंडल के स्टेशनों पर पर्यावरण के प्रति जागरूकता सम्बन्धी बैनर, पोस्टर प्रदर्शित किये गए हैं।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights