बालासोर (ओडिशा), एजेंसी। हादसे में यशवंतपुर-हावड़ा ट्रेन (12864), शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्स. (12841) और मालगाड़ी टकराईं। बेंगलुरु से हावड़ा जा रही यशवंतपुर-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस (12864) के डिब्बे उतरकर दूसरे ट्रैक पर जा गिरे। इसी दौरान दूसरी ओर से आ रही शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्स. (12841) बेपटरी हुए डिब्बों से जा भिड़ी। इसके कुछ डिब्बे बगल में खड़ी मालगाड़ी से भिड़ गए। मृतकों का आंकड़ा 288 तक पहुंच गया है। भुवनेश्वर से 175 किमी दूर दुर्घटनास्थल पर सबसे पहले स्थानीय लोग पहुंचे। कई टेÑनों का रास्ता बदलना पड़ा है।
एनडीआरएफ की छह टीमें तैनात: रेल हादसे वाली जगह राहत और बचाव कार्यों में जुटी एनडीआरएफ के वरिष्ठ कमांडेंट जैकब किसपोट्टा ने बताया कि हमारी छह टीमें बीती रात से घटनास्थल पर काम कर रही हैं। साथ ही डॉग स्क्वॉड और मेडिकल टीमें भी बचाव कार्यों में जुटी हैं। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राजस्व मंत्री प्रमिला मल्लिक और एसआरसी सत्यब्रत साहू को मौके पर पहुंचने और स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। पंश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य प्रशासन लगातार ओडिशा सरकार के संपर्क में है। राज्य के मुख्य सचिव के साथ बैठक कर गठित की गई राज्य की टीम को घटनास्थल पर समन्वय के लिए रवाना कर दिया है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, तमिलनाडु सरकार के तीन मंत्री भी घटनास्थल पर जा रहे हैं। ओडिशा के मुख्य सचिव हरिकृष्ण द्विवेदी ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन में बड़ी संख्या में प्रदेश के यात्री भी हैं। हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
श्री महाकाल लोक बनने के बाद यहां आस्था और खजाना दोनों ही नई ऊंचाई छू रहे हैं। पिछले छह महीने में महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में प्रतिदिन 10 गुना तक की वृद्धि हुई है। मंदिर समिति के मुताबिक सितंबर 2022 तक यहां रोजाना 15 हजार श्रद्धालु ही पहुंचते थे, जो संख्या अब 1.25 लाख से 1.50 लाख पर पहुंच गई है। शनिवार से सोमवार के बीच यह आंकड़ा रोजाना 2 लाख तक पहुंचता है। इससे मंदिर समिति के खजाने में भी इजाफा हुआ है। समिति के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल 2023 में 14.26 करोड़ रु. आए। सितंबर 2022 में यह आंकड़ा 4.97 करोड़ था। यानी, 6 माह में करीब 3 गुना का इजाफा हुआ है। सुविधा का शुल्क 4750 रुपए-गर्भगृह का प्रवेश शुल्क 4250 रुपए- शीघ्र दर्शन का शुल्क 4200 रुपए- भस्मआरती का शुल्क मंगलवार से शुक्रवार आमजन दोपहर 12:30 से 4:30 बजे तक गर्भगृह में नि:शुल्क प्रवेश कर सकते हैं। रोजाना करीब 12 हजार श्रद्धालु गर्भगृह में प्रवेश करते हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने किया था लोकार्पण – उज्जैन स्थित श्री महाकाल लोक का लोकार्पण सितंबर 2022 में हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 351 करोड़ से कराए सौंदर्य और विकास कार्यों का लोकार्पण किया था। पहले मंदिर का क्षेत्रफल 2.82 हेक्टेयर था, जो पहले चरण के बाद 20.33 हेक्टेयर हो गया है। इसे 47 हेक्टेयर करने का प्रस्ताव है।
साहब! यह न्याय नहीं, अन्याय है। दो निर्दोषों की जान लेने वाला नशेड़ी कार चालक पैसों और पहुंच के बल पर महज 12 घंटे में ही थाने से छूट गया। यह कैसा न्याय है? शराबी ने मेरे मासूम अद्विक और दो बेटियों के पिता मेरे जेठ की जान ले ली, फिर भी आपकी पुलिस ने हत्यारे को कुछ ही घंटे में छोड़ दिया। यह पीड़ा उस मां की है, जिसके पांच साल के बच्चे की जान नशे में तेज रफ्तार कार चलाने वाले ने ले ली। दूसरा बेटा भी अस्पताल में जिंदगी और मौस से संघर्ष कर रहा है। वायएन रोड पर पिछले दिनों हुए हादसे में मासूम सहित दो की मौत के बाद पुलिस की लचर कार्रवाई से गुस्साए सैकड़ों लोग परिजन के साथ सोमवार को उठावने के बाद विधायक रमेश मेंदोला के साथ पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे। उन्होंने पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर से मुलाकात की। कमिश्नर से मृतक नमकीन कारोबारी के भाई बोले- जान लेने वाला करोड़पति है, उसका इतना प्रभाव था कि वह मेडिकल रिपोर्ट भी बदलवाने में लगा था। पुलिस सामान्य धाराएं लगाकर उसे बचाना चाहती हैै। कमिश्नर मकरंद देउस्कर ने कहा कि मैं भी समझ रहा हूं कि मामला बहुत गंभीर है। दो लोगों की जान गई है। इसमें आप अब एसीपी को बयान दर्ज कराएं। वे इसे जांचेंगे। हम किसी भी हाल में इसमें कोई कोताही नहीं बरतेंगे। कमिश्नर ने कहा, आप एसीपी को बयान दर्ज कराएं। वे जांच करेंगे। हम किसी भी हाल में कोताही नहीं बरतेंगे। मालूम हो, तुकोगंज थाना क्षेत्र में शनिवार रात नमकीन कारोबारी संदीप गुप्ता अपने परिवार के 3 बच्चों के साथ घर के नजदीक दुकान पर दो पहिया वाहन से जा रहे थे, तभी नशे में धुत कार चालक अजीत लालवानी ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कारोबारी और एक बच्चे की मौत हो गई थी, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के बाद मामूली धाराएं लगाकर मेडिकल कराया, फिर उसे छोड़ दिया। इससे परिजनों में आक्रोश था। वे अगले ही दिन कमिश्नर से मिले और अपनी नराजगी जताई। इसके बाद देर रात करीब 2 बजे अजीत ललवानी निवासी यशवंत कॉलोनी को दोबारा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
हादसे के बाद निर्लज्ज खड़ा था आरोपी, कमिश्नर को सौंपा वीडियो परिजन ने पुलिस कमिश्नर को एक वीडियो दिखाया। इसमें आरोपी टक्कर मारने के बाद खड़ा हुआ दिख रहा है। उसने हादसे के बाद भी सहानुभूति नहीं दिखाई। वह हाथ बांधकर खड़ा रहा, जबकि वह घायलों को संभाल सकता था। लोगों ने टीआई कमलेश शर्मा और जांचकतार्ओं पर भी गुस्सा दिखाया। मृतक के परिजन का कहना है कि पुलिस इसमें 304ए की धारा लगाने की बात कह रही है, जो कि सामान्य हैं। जबकि इसमें कानून 304 धारा लगाना चाहिए। पुलिस ने पहले ही लगा दी 304ए मालूम हो,पुलिस ने रविवार रात आरोपी अजीत नि. यशवंत कॉलोनी को गिरफ्तार कर 279, 337, 304ए भादवि और धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज कर किया था।
इंदौर को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। उज्जैन महाकाल की तर्ज पर इंदौर में जल्द ही देवी अहिल्या लोक का निर्माण शुरू होने जा रहा है। राजवाड़ा के सामने बनने वाले अहिल्या लोक के निर्माण पर स्मार्ट सिटी कम्पनी द्वारा 25 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर इंदौर में अहिल्या लोक के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। स्मार्ट सिटी बोर्ड की शुक्रवार को आयोजित बैठक में इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम शुरू किए जाने की चर्चा की गई। कंसल्टेंट की नियुक्ति होते ही प्रोजेक्ट पर रफ्तार से काम आरंभ किया जाएगा। राजवाड़ा के सामने उद्यान में बनने वाले देवी अहिल्या लोक के निर्माण पर 25 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। आने वाले लोग अहिल्या माता के जीवन के प्रसंगों से रूबरू हो सकेंगे। खूबसूरत गार्डन का निर्माण भी किया जाएगा, जिसमे लाइट साउंड, आकर्षक लाइट, रंगीन फव्वारा और बैठने की व्यवस्था भी रहेगी।
प्रोजेक्ट पर काम शुरू-सीईओ दिव्यांक सिंह स्मार्ट सिटी कम्पनी के सीईओ दिव्यांक सिंह ने ‘हिंदुस्तान मेल’ को बताया कि देवी अहिल्या लोक इंदौर के लिए बड़ी सौगात रहेगी। यह बनने के बाद लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। दिव्यांक सिंह ने जानकरी दी कि प्रोजेक्ट पर काम आरम्भ कर दिया गया है। उन्होंने जानकरी दी कि शहर में उमंग वाटिकाओं का निर्माण भी किया जाएगा।
इंदौर। मध्यप्रदेश विधानसभा के चुनावों की आभा में अब राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक, सभी राजनेता अपने क्षेत्र विशेष की समस्याओं, जरूरतों को उठाने के साथ ही विभिन्न सामयिक मुद्दों पर भी अपनी राय रख रहे हैं। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री और महू विधानसभा से विधायक उषा ठाकुर से हिन्दुस्तान मेल ने खास चर्चा की। द – बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री की सुरक्षा पर कांग्रेस सवाल खड़े कर रही है? अ – पंडित धीरेंद्र शास्त्री सनातन धर्म के बहुत बड़े ध्वजवाहक हैं। जिस प्रकार से उन्हें विभिन्न चुनौतियां मिल रही हैं, उन्हें सुरक्षा देने की आवश्यकता है। इसी कारण से उन्हें सुरक्षा प्रदान की गई है। कांग्रेस का काम ही सवाल खड़े करना है, और वह यही कर रही है। द – समुदाय विशेष द्वारा पर्चे बांटे जा रहे हैं, क्या कहना चाहेंगी? अ – यदि किसी भी धर्म की बेटियां हिंदुओं को अगर अपना जीवन साथी मानती हैं, तो सनातन धर्म को मानने वाले व्यक्ति उन्हें आजीवन गृहलक्ष्मी मान कर पूरे जीवन मान-सम्मान के साथ रखते हैं। इसे आप कहीं भी देख सकते हैं। इंदौर की एक प्रोफेसर महिला और एक अधिकारी हमारे सामने उदाहरण है। यह केवल देखा-देखी नकल करने की कोशिश कर रहे हैं और यह किसी भी तथ्य पर आधारित नहीं है। द – पर्चे में विशेष समुदाय की कई युवतियों के गायब होने की बात कही गई है? अ – केवल षड्यंत्रपूर्वक पर्चे बांटे जा रहे हैं। वे यह बात तब उठा रहे हैं, जब हम लाखों प्रमाण हम दे चुके हैं। कई प्रमाणों के साथ हम यह बात सिद्ध भी कर चुके हैं। द केरला स्टोरी, कश्मीर फाइल्स की तरह करीब 25 सालों से हम प्रमाण दे रहे हैं। तभी तो धर्मांतरण का कानून बनाना पड़ा। ये अपने षड्यंत्र को छुपाने के लिए इस तरह की बातें करते हैं। द – पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर कई तरह के सवाल खड़े कर रहे हैं? अ – कांग्रेस को भ्रष्टाचार पर बात करने का हक नहीं है। जिन्होंने स्थानांतरण को उद्योग बना लिया हो, जिनके 15 महीने के शासन में राज्य की जनता त्राहिमाम कर चुकी हो, वह इस तरह की बात कैसे कर पाते हैं, यह बड़े आश्चर्य का विषय है। द – बजरंग दल और हिंदू संगठन गुंडों का दल बताया जा रहा है? अ – ये वही लोग हैं, जिन्होंने जीवनभर समाज की एकता, समरसता को तुष्टिकरण करके भंग किया है। उन्हें हिंदू संगठन की एकता को बनाए रखने वाले लोगों में और क्या दिखाई देगा। द – भाजपा में काफी उठापटक चल रही है, इस पर क्या कहेंगी आप? अ – भाजपा एक परिवार के रूप में है। चाहे कोई भी हो, सभी एक साथ निर्णय लेते हैं। भाजपा परिवार में मतभेद हो सकता है, लेकिन मनभेद किसी में भी नहीं है। आपने देखा होगा कि पिछले दिनों बैठक होने के बाद सभी की समस्याओं, शंकाओं का समाधान किया गया। कार्यकर्ता से लेकर वरिष्ठ पदाधिकारियों में संतोष है। पार्टी में पूरी तरह लोकतंत्र है, सभी को अपनी बात रखने का हक है और सभी अपने विचार व्यक्त करते हैं। द – कैबिनेट मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से कितना फायदा होगा भाजपा को? अ – 2023 के चुनाव में भाजपा प्रदेश में 200 सीटों से पार जाएगी और बढ़-चढ़कर जीत हासिल कर प्रदेश में एकमत से सरकार बनाएगी। द – भाजपा क्या तैयारियां कर रही है? अ – प्रदेश भाजपा सरकार और प्रत्येक कार्यकर्ता हर दिन, हर क्षण तैयारी में जुटे हुए हैं। भाजपा के निचले स्तर तक तैयारियां की जा रही हैं और प्रतिदिन बैठकें आयोजित हो रही हैं। द- महू की घटना को लेकर क्या कहना है? अ – पिछले दिनों महू में जो घटना हुई थी, उसमें साफ हो गया है कि कुछ संगठनों द्वारा पूर्व के मामले को तूल दिया गया था। उसके बाद इन संगठनों का पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया। एक साधारण घटना को असाधारण विवाद में बदल दिया गया। वह लड़की विवाह कर चुकी थी। बहुत ही मान-सम्मान से वहां रह रही थी। दुष्प्रचार कर, कानून हाथ में लेकर, थाने को घेर कर, जो विवाद किया गया, उसका पदार्फाश हो चुका है। कोई भी राष्ट्रीद्रोही ताकत हो मध्यप्रदेश में वह सर उठाकर नहीं संचालित हो सकती।