Hindustanmailnews

Author name: kplindo

देर रात रैनबसेरों में पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. यादव

हिन्दुस्तान मेल, भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार रात भोपाल के रैन बसेरों का निरीक्षण किया। उन्होंने रैन बसेरों में राहगीरों, गरीबों, निराश्रितों से चर्चा की, उनके हालचाल जाने और सभी को कंबल वितरित किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव यादगार-ए-शाहजहांनी पार्क स्थित रैन बसेरा पहुंचे। उन्होंने रैन बसेरे में मौजूद कुरवाई के करोड़ीलाल प्रजापति, हशीब खान, संजु कुशवाहा, रवि शर्मा और पथरिया दमोह के दिव्यांग प्रताप मालवीय से चर्चा कर उनके हालचाल जाने और रैन बसेरे की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। राहगीरों ने बताया कि यहां की सभी व्यवस्थाएं ठीक हैं। भोजन की व्यवस्था भी होनी चाहिए। इस पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर भोपाल को निर्देशित किया कि सभी रैन बसेरों में राम-रोटी की व्यवस्था करें। दिव्यांग प्रताप मालवीय ने बताया कि वह हर एक-दो दिन में आ जाते हैं, उनकी चार बेटियां हैं, गुजारे की कोई व्यवस्था नहीं है, इसलिए वे यहां आकर रहते हैं। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टर को प्रताप की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सभी को कंबल प्रदान किए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव इसके बाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 के पास स्थित रैन बसेरा पहुंचे। रैन बसेरे का निरीक्षण कर उन्होंने वहां मौजूद सभी राहगीरों और गरीब व्यक्तियों से चर्चा कर उन्हें भी कंबल वितरित किए। मुख्यमंत्री ने यहां विशाल मालवीय, शंकर मालवीय, ओमराज, आशीष तिवारी, दिव्यांग विजय आईना (गुनावा) सभी से चर्चा कर उनके यहां आकर रूकने की वजह पूछी। बताया गया कि सब आगे के सफर के लिए यहां रुके हैं।

हर व्यक्ति तक पहुंचे सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के हर व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। ठंड के इस मौसम में किसी को भी परेशानी का सामना न करना पड़े, यही हमारी प्राथमिकता है। राहगीरों और गरीबों ने मुख्यमंत्री की इस संवेदनशीलता की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सभी जरुरतमंदों को कंबल एवं गर्म कपड़े देकर सर्दी से जितना हो सके, बचने की अपील की। इस दौरान कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, नगर निगम कमिश्नर हरेन्द्र नारायण सहित सुमित पचौरी, जन-प्रतिनिधि एवं अधिकारी भी उपस्थित रहे।

रैन बसेरे का निरीक्षण कर लौटते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्लेटफार्म नंबर 6 के सामने ही कुछ महिलाओं को बैठे देखा। उन्होंने वाहन रुकवाकर महिलाओं के पास जाकर चर्चा की और वहां बैठने की वजह पूछी। महिलाओं ने बताया कि वे सब्जी बेचने आती हैं। रात कहां बिताओगी, मुख्यमंत्री ने पूछा तो महिलाओं ने बताया कि यहीं पर। खुले आसमान के नीचे रात बिताने की बात जानकार मुख्यमंत्री सभी महिलाओं को कंबल वितरित किए और कलेक्टर से कहा कि इन सभी के लिए भी व्यवस्थाएं की जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब और महिलाओं के कल्याण के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है। किसी भी गरीब को सरकार की योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। सर्दी के इस मौसम में कंबल वितरण से जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिली। मुख्यमंत्री ने राहगीरों से संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के वंचित वर्गों के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है। किसी भी व्यक्ति को बेसहारा नहीं रहने देंगे। गरीब कल्याण मिशन के तहत समाज के कमजोर तबकों को समर्थ बनाने के लिए हम हर कदम उठायेंगे।

देर रात रैनबसेरों में पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. यादव Read More »

कल रात तेज बारिश…आज सुबह भी बरसे बदरा…

हिंदुस्तान मेल, इंदौर
कल रात शहर में सीजन का पहला मावठा गिरा। आसमान पर बादल तो कल सुबह से ही छाए हुए थे, लेकिन रात करीब 10 बजे अचानक से तेज बारिश हो गई। हालांकि मावठे के बावजूद ठंडक में कोई इजाफा नहीं हुआ है। शुक्रवार रात का तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि गुरुवार रात के तापमान के मुकाबले 0.4 डिग्री अधिक रहा। हालांकि शुक्रवार का अधिकतम तापमान गुरुवार के अधिकतम तापमान के मुकाबले 0.8 डिग्री कम होकर 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। आज सुबह भी कई क्षेत्रों में जोरदार बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान शहर में 1.2 मिमी वर्षा हुई है। आज सुबह 8.30 बजे तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आद्रता 95 फीसदी रही। कोहरा नहीं होने के कारण दृश्यता 1000 मीटर की रही और आज सुबह हवा की गति शून्य थी। मौसम विभाग के अनुसार वातावरण में पिछले तीन-चार दिनों से आर्द्रता बढ़ने से तापमान में बढ़ोतरी आई है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर मौसम ऐसा ही बना रहेगा। आसमान पर बादल छाए रहेंगे। हालांकि कुछ समय के लिए धूप भी निकल सकती है, वहीं कल अर्थात् रविवार से मौसम साफ होने लगेगा।
कई इलाकों में छाया अंधेरा- शहर में बारिश हो और अंधेरा नहीं छाए… ऐसा कभी नहीं हुआ है। कल रात भी जैसे ही बारिश प्रारंभ हुआ… अनेक क्षेत्रों में अंधकार छा गया। कई क्षेत्रों में डिपी फाल्ट हुए, जिससे कई कॉलोनियों में काफी देर तक अंधेरा रहा। लालबाग में चल रहे मेले की बत्ती भी गुल हो गई। माणिकबाग क्षेत्र में डिपी फाल्ट होने से लगभग तीन घंटे तक अंधेरा रहा। शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंची विद्युत विभाग की टीम देर तक फाल्ट दुरुस्त करने के लिए संघर्ष करती रही।

कल रात तेज बारिश…आज सुबह भी बरसे बदरा… Read More »

7 किग्रा तक का बैग ले जा सकेंगे साथ

नई दिल्ली, एजेंसी
फ्लाइट में लगेज के नियमों में बड़ा बदलाव हुआ है। ब्यूरो आॅफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बीसीएएस) के नए नियमों के अनुसार एयर पैसेंजर्स को फ्लाइट के दौरान केवल एक हैंड बैग या केबिन बैग ले जाना होगा। इसका वजन 7 किलो से अधिक नहीं होना चाहिए। नए नियम अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों पर लागू होंगे। रिपोर्ट के अनुसार… यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नियमों में कुछ बदलाव किए गए हैं। बीसीएएस और सीआईएसएफ जो एयरपोर्ट की सुरक्षा करते हैं… अब नियमों को सख्त कर रहे हैं। हैंड बैग के अलावा सभी बैग सख्ती से जांचे जाएंगे। नए नियमों का उद्देश्य बढ़ती यात्री संख्या के कारण एयरपोर्ट को सुरक्षित रखना और बोर्डिंग और चेक-इन प्रक्रिया को आसान बनाना है। नए नियमों के अनुसार… हैंड बैग के अलावा बाकी सभी बैग को चेक-इन करना अनिवार्य होगा और सेंट्रल इंडस्ट्रीयल सिक्योरिटी फोर्स और अन्य सुरक्षा निकायों द्वारा बैग की जांच अधिक सख्ती से करेगी। यात्रियों की बढ़ती संख्या और एयरपोर्ट पर सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए ये बदलाव किए गए हैं।

7 किग्रा तक का बैग ले जा सकेंगे साथ Read More »

महाकाल इन्हें माफ मत करना!

सीएसपी ओपी मिश्रा ने बताया- आरोपी विनोद चौकसे और राकेश श्रीवास्तव के मोबाइल पर कुछ ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। ये ट्रांजेक्शन जिला प्रोटोकॉल प्रभारी अभिषेक भार्गव, सभा मंडपम् प्रभारी राजेंद्र सिसोदिया, आईटी सेल के राजकुमार सिंह और भस्म आरती प्रभारी रितेश शर्मा सहित क्रिस्टल कंपनी के जितेन्द्र पंवार और ओमप्रकाश माली के साथ मिले हैं।

हिंदुस्तान मेल, इंदौर
एक के बाद एक गड़बड़ियां सामने आने के बाद उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह ने महाकाल मंदिर के प्रशासक पद से गणेश धाकड़ की छुट्‌टी कर दी है। उन्हें हटाने की अनौपचारिक शुरुआत तैयारी उसी दिन हो चुकी थी, जब शिखर के नीचे तीन कमरे और 40 कैबिन बनने का मामला सामने आया था। इतना ही नहीं, महाकाल के निकट से दर्शन कराने की सुपारी लेने वाली वसूली गैंग के 11 सदस्यों पर केस दर्ज हुआ। चार को निलंबित भी कर दिया।
दिसंबर का महीना महाकाल मंदिर में विवादों का रहा है। कलेक्टर नीरज सिंह ने इस महीने में कई धांधलियां पकड़ीं। इनमें मंदिर के शिखर के नीचे बिना किसी सक्षम स्वीकृति के बने कमरे और कैबिन भी थे, जिसके बाद प्रशासक धाकड़ को नोटिस पकड़ाया था। अब धाकड़ की छुट्‌टी कर दी। बताया जा रहा है… कमरे-कैबिन निर्माण ही नहीं, ऐसे कई ऐसे कारण हैं, जिनके कारण प्रशासनिक सर्जरी करना पड़ी।
कलेक्टर सिंह ने औचक निरीक्षण करके पिछले 15 दिनों में कई ऐसे लोगों को पकड़ा, जो कि दर्शनार्थियों को महाकाल से करीब से मिलाने की सुपारी लेते थे। महाकाल पुलिस ने गुरुवार को दर्शन के नाम पर भक्तों से वसूली के मामले में 6 कर्मचारियों पर धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं में केस दर्ज किया। सभी को राउंडअप किया है। सीएसपी ओपी मिश्रा ने बताया आरोपी विनोद चौकसे और राकेश श्रीवास्तव के मोबाइल पर कुछ ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। ये ट्रांजेक्शन जिला प्रोटोकॉल प्रभारी अभिषेक भार्गव, सभा मंडपम् प्रभारी राजेंद्र सिसोदिया, आईटी सेल के राजकुमार सिंह और भस्म आरती प्रभारी रितेश शर्मा सहित क्रिस्टल कंपनी के जितेन्द्र पंवार और ओमप्रकाश माली के साथ मिले हैं। इसी आधार पर 6 कर्मचारियों को राउंडअप कर केस दर्ज किया।
श्रीवास्तव-चौकसे को जेल भेजा- महाकाल मंदिर के नंदी मंडपम् प्रभारी राकेश श्रीवास्तव और सफाई निरीक्षक विनोद चौकसे को दो दिन की रिमांड पूरी होने के बाद गुरुवार को फिर कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने दो दिन की और रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने इनकार करते हुए दोनों को जेल भेज दिया।
यह है पूरा मामला- कलेक्टर ने 19 दिसंबर को यूपी और गुजरात के दो परिवार के 6 सदस्यों को नंदी हॉल में पकड़ा, जिनसे प्रति व्यक्ति 1100 रुपए लेकर दर्शन कराया गया। इसके बाद मंदिर प्रशासन ने पुरोहित अजय शर्मा (अज्जू गुरु), पुरोहित प्रतिनिधि राजेश भट्ट (पत्ती गुरु) और सेवक कुणाल शर्मा पर केस दर्ज किया। जांच के बाद नंदी मंडपम् प्रभारी राकेश श्रीवास्तव और सफाई निरीक्षक विनोद चौकसे पर केस दर्ज किया।

महाकाल इन्हें माफ मत करना! Read More »

कदमताल करते हुए सड़कों पर निकले 11 हजार 500 बाल स्वयंसेवक

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बाल स्वयंसेवकों ने प्रभावी पथ संचलन निकाला। अनुशासनबद्ध और कदमताल करते हुए इंदौर की सड़कों पर निकले इन बाल स्वयंसेवकों ने सभी का ध्यान अपनी तरफ खींचा। 155 स्थानों से निकले इस पंथ संचलन में 11500 स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
आरएसएस के बाल एवं एवं महाविद्यालयीन स्वयंसेवकों का रविवार को दो चरणों मे पथ संचलन निकला। महानगर के विभिन्न स्थानों से प्रात: 9 एवं सायं 4 बजे निकले पंथ संचलन में बाल स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में भारी उत्साह, ऊर्जा एवं अनुशासन के साथ सम्मिलित हुए। इन बाल एवं किशोर स्वयंसेवकों को देख समूचा वातावरण राष्ट्र भक्ति एवं गौरव के भाव से परिपूर्ण हो गया। अनेक स्थानो पर संचलन पर समाज जनों ने भाव विभोर होकर पुष्प वर्षा की तथा आत्मविश्वास एवं गौरव को मन ही मन अनुभूत किया। विगत एक माह से संचलन का परिश्रम पूर्वक अभ्यास करने वाले सभी स्वयंसेवकों के पंक्तिबद्ध एवं सधे हुए कदमताल का दृष्य अविस्मरणीय बन गया। इंदौर महानगर में 155 स्थानों से निकले बाल-संचलन में 11500 स्वयंसेवक सम्मिलित हुए जिसका कुल मार्ग लगभग 315 किमी रहा। साथ ही महानगर के सभी जिलों के महाविद्यालयीन संचलन 31 स्थानों से निकले जिसमें 3000 की संख्या रही तथा लगभग150 किमी मार्ग तय किया।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विजयादशमी उत्सव के निमित्त इन संचलनों में अधिकांशत: स्कूलों एवं महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी सम्मिलित हुए। संचलन के पूर्व वक्ताओं द्वारा दिए गए बौद्धिक में शताब्दी वर्ष में करणीय ‘पंच परिवर्तन’ एवं संघ कार्य के विस्तार एवं दृढ़ीकरण को लेकर चर्चा हुई।

कदमताल करते हुए सड़कों पर निकले 11 हजार 500 बाल स्वयंसेवक Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights