Hindustanmailnews

Author name: Hindustanmailnews

पोस्‍टर पर वार-पलटवार : फोन पे ने कांग्रेस को ट्वीट कर दी चेतावनी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के फोटो के साथ क्यूआर कोड लगाकर गड़बड़ी उजागर करने वाले पोस्टर ने कांग्रेस की उलझन बढ़ा दी है। बालाघाट, भिंड सहित कई जिलों में लगे पोस्टरों में लिखा है, 50 प्रतिशत लाओ, काम कराओ। इसमें फोन पे का जिक्र भी है। इसी को लेकर कंपनी ने कांग्रेस की मप्र इकाई को ट्वीट कर चेतावनी दी कि उसके ब्रांड का पोस्टर में अवैधानिक तरीके से उपयोग किया गया है। हम किसी राजनीतिक अभियान का हिस्सा नहीं हैं। ट्वीट में कहा गया कि उसके नाम और लोगो का इस तरह उपयोग बौद्धिक संपदा अधिकार का उल्लंघन है। कंपनी ने पोस्टर से क्यूआर कोड और नाम तुरंत हटाने के लिए कहा है। हालांकि, इन पोस्टरों में कांग्रेस का कहीं कोई जिक्र नहीं है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कांग्रेस के प्रदेशाध्‍यक्ष व पूर्व मुख्‍यमंत्री कमलनाथ के भी क्‍यूआर कोड के साथ जगह-जगह पोस्‍टर नजर आए थे, जिनमें बारकोड और स्कैनर लगाकर उन्‍हें भ्रष्ट बताया गया था। जवाब में सीएम शिवराज सिंह चौहान के भी जगह-जगह ऐसे ही पोस्‍टर लगाए गए, जिनमें बारकोड के साथ डिजिटल यूपीआई एप फोन पे का भी जिक्र किया गया। इसी को लेकर फोन पे ने आपत्ति जताते हुए कांग्रेस के खिलाफ कानूनी कदम उठाने की बात कही है। फोन पे कंपनी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हेंडल पर इसको लेकर प्रतिक्रिया दी और मप्र कांग्रेस को टैग करते हुए लिखा- हमारे लोगो हमारी कंपनी का एक पंजीकृत ट्रेडमार्क है। फोन पे के बौद्धिक संपदा अधिकारों का किसी भी तरह से अनाधिकृत उपयोग कानूनी कार्रवाई को आमंत्रित करेगा। हम मप्र कांग्रेस से विनम्र निवेदन करते हैं कि हमारे ब्रांड, लोगो व रंग को दर्शाते पोस्‍टरों व बैनरों को हटा लिया जाए। फोन पे किसी भी तीसरे पक्ष, चाहे वह राजनीतिक हो या गैर-राजनीतिक, द्वारा उसके ब्रांड लोगो के अनधिकृत उपयोग पर आपत्ति जताता है। हम किसी भी राजनीतिक अभियान या पार्टी से जुड़े नहीं हैं।

पोस्‍टर पर वार-पलटवार : फोन पे ने कांग्रेस को ट्वीट कर दी चेतावनी Read More »

ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अब ऐश्वर्या की पीएस-2 हिंदी में हुई रिलीज

ऐश्वर्या रॉय बच्चन और चियान विक्रम स्टारर ‘पोन्नियिन सेल्वन-2’ किसी का भाई किसी की जान के एक हफ्ते बाद यानि 28 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। मणिरत्नम के निर्देशन में बनी इस फिल्म को पहले पार्ट की तुलना में आॅडियंस का कम प्यार मिला। ऐश्वर्या रॉय की फिल्म ने दुनियाभर में 344 करोड़ का बिजनेस किया। रिलीज के बाद ‘पोन्नियिन सेल्वन-2’ को ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज किया गया। अब रानी ‘नंदिनी’ का किरदार निभाने वालीं ऐश्वर्या रॉय की ये फिल्म फाइनली हिंदी में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो चुकी है। फिल्म के हिंदी में रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इस बात की नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। मणिरत्नम के निर्देशन में चोल साम्राज्य पर बनी पीएस-2 बीते महीने अमेजन प्राइम वीडियो पर मेकर्स ने रिलीज की थी। इस फिल्म को हिंदी के अलावा अन्य सभी तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषा में रिलीज किया गया था, जबकि लोगों को हिंदी में इस ऐतिहासिक फिल्म को देखने की उत्सुकता थी। अब ऐश्वर्या रॉय-तृषा कृष्णन स्टारर ये फिल्म हिंदी में रिलीज हुई है तो सोशल मीडिया पर जहां कुछ लोग खुश हैं तो वहीं कुछ इस बात पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं कि इस फिल्म को हिंदी में इतनी लेट क्यों रिलीज किया गया है?
कुछ समय पहले ही अमेजन प्राइम वीडियो ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर करते हुए इसकी हिंदी रिलीज की जानकारी फैंस के साथ शेयर की है। पोन्नियिन सेल्वन-2 की कमाई की बात करें तो इस फिल्म ने हिंदी में टोटल 16.24 करोड़ का बिजनेस किया था। इंडिया में फिल्म की नेट कमाई 181.96 करोड़ थी। हालांकि, अपनी ओरिजिनल भाषा तमिल ने पीएस-2 ने टोटल 143 करोड़, तेलुगु में 13 करोड़ और मलयालम में टोटल 8 करोड़ की कमाई की थी। मणिरत्नम के निर्देशन में बनी ये फिल्म चोल साम्राज्य के इतिहास की कहानी है, जिसमें रानी नंदिनी के बदले के बारे में दिखाया गया है।

ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अब ऐश्वर्या की पीएस-2 हिंदी में हुई रिलीज Read More »

वर्ल्ड कप : 9 स्टेडियम में भिड़ेगी टीम इंडिया

पहली बार पूरी तरह भारत की मेजबानी में आयोजित हो रहे वनडे वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी हो चुका है। भारतीय टीम को अपने 9 लीग मैच 9 अलग-अलग शहरों में खेलने हैं। टूर्नामेंट में भाग लेने वाली किसी भी अन्य टीम को अपने लीग मैच इतने ज्यादा शहरों में नहीं खेलने होंगे। आईसीसी का कहना है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने खुद अपनी टीम के लिए इन शहरों का चुनाव किया है। माना जा रहा है कि बीसीसीआई ने यह कदम ज्यादा से ज्यादा राज्यों के क्रिकेट बोर्ड को खुश करने के लिए उठाया है।
ऐसा करने से बोर्ड में सत्तारूढ़ मौजूदा लॉबी को देश में क्रिकेट की राजनीति को साधने में मदद मिलेगी, लेकिन इससे टीम इंडिया की राह मुश्किल हो सकती है। टीम को 34 दिनों में करीब 9 हजार 747 किलोमीटर सफर तय करना होगा।
10 हजार किलोमीटर सफर
तय करेगी टीम इंडिया
अधिक शहरों में मैच होने से भारतीय टीम को कुछ परेशानी आ सकती है। ट्रैवलिंग में ज्यादा समय बिताना पड़ेगा वर्तमान शेड्यूल के अनुसार टीम को लीग मुकाबलों के दौरान 34 दिनों में करीब 10 हजार किलोमीटर का सफर करना होगा, जो थकावट भरा हो सकता है। टीम भले ही चार्टर्ड प्लेन से सफर करे, लेकिन ये प्लेन भी जेट लैग (विमान यात्रा से होने वाली थकान) से नहीं बचा सकते। वेन्यू ज्यादा होने से टीम का होम एडवांटेज सीमित हो जाता है, क्योंकि खिलाड़ियों को अलग-अलग मैदानों पर मैच खेलना होता है। ऐसे में उन्हें अपनी रणनीति में लगातार बदलाव करना होता है। वेन्यू ज्यादा होने से टीम मैनेजमेंट का वर्क लोड बढ़ जाता है। कोच और कैप्टन को अलग-अलग वेन्यू और प्रतिद्वंद्वी के लिहाज से टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव करने होते हैं।

दिल्ली में होगी अफगानिस्तान से भिड़ंत
अरुण जेटली स्टेडियम में भारत-अफगानिस्तान मुकाबला 11 अक्टूबर को खेला जाएगा। दिल्ली के मैदान पर भारतीय टीम पहली बार अफगानिस्तान का सामना करेगी। दोनों टीमें वर्ल्ड कप में दूसरी बार आमने-सामने होंगी। 2019 में भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ बहुत मशक्कत के बाद महज 11 रन से जीत हासिल कर पाई थी। ओवरआॅल रिकॉर्ड देखें तो भारत ने दिल्ली के अरुण जेटली मैदान पर 21 मैचों में से 13 जीते हैं और 7 गंवाए हैं।

अहमदाबाद में पाक से बड़ा मैच
दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम का ओहदा रखने वाले अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत अब तक कोई वर्ल्ड कप मैच नहीं हारा है। टीम यहां 15 अक्टूबर को अपने सबसे बड़े राइवल पाकिस्तान का सामना करेगी। इस मैदान पर भारत ने वर्ल्ड कप के 2 मुकाबले खेले हैं और दोनों में ही जीत हासिल की है।
पुणे में होगा बांग्लादेश से सामना
पुणे स्थित महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में भारत का मुकाबला 19 अक्टूबर को बांग्लादेश से होगा। टीम इंडिया ने यहां 57.14 फीसदी मुकाबले जीते हैं। भारतीय टीम ने इस मैदान पर 7 मुकाबलों में से 4 जीते हैं। इस मैदान पर पहली बार वर्ल्ड कप मैच हो रहा है।
लखनऊ में इंग्लैंड से मैच
लखनऊ का भारतरत्न अटल बिहारी इकाना स्टेडियम पहली बार वर्ल्ड कप मैच की मेजबानी करने जा रहा है। यहां भारतीय टीम 29 अक्टूबर को डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड का सामना करेगी। टीम इंडिया ने इस मैदान पर महज एक वनडे मैच खेला है। टीम को पिछले साल साउथ अफ्रीका ने 9 रन से हराया था।
धर्मशाला में न्यूजीलैंड से बदला लेने का अवसर
धर्मशाला में भारतीय टीम 22 अक्टूबर को न्यूजीलैंड का सामना करेगी। इस मैदान पर पिछले मुकाबले में टीम इंडिया ने कीवियों को 6 विकेट से हराया था। यह मुकाबला 16 अक्टूबर 2016 को खेला गया था। इस मैदान भारतीय टीम की जीत-हार का ओवरआॅल रिकॉर्ड बराबर है। टीम ने यहां 50 फीसदी मुकाबले जीते हैं। धर्मशाला का मैदान पहली बार वर्ल्ड कप मैच की मेजबानी करने जा रहा है।

वर्ल्ड कप : 9 स्टेडियम में भिड़ेगी टीम इंडिया Read More »

आपसी मसले समाज में ही सुलझाएं : शहर काजी

समाज में आज छोटी-छोटी बातों पर घर-परिवार बिखर रहे हैं। मामूली बातों को लेकर पुलिस और अदालत के चक्कर लगा रहे हैं। हमें चाहिए कि सभी तरह के मसले समाज में ही सुलझा लिए जाएं। अब तो अदालतें भी हर समाज में सुलह सेंटर खोल रही है। हमें इन सेंटरों पर अपने मसले सुलझाकर समय और पैसे की बर्बादी से बचना चाहिए। साथ ही हमें नौजवानों को खोखला कर रहे नशे के खिलाफ मुहिम चलाना चाहिए। यह आह्वान शहर काजी डॉ. मोहम्मद इशरत अली ने आज सदर बाजार ईदगाह से किया। मुस्लिम समाज आज ईदुल अजहा को त्योहार हर्षोल्लास के साथ मना रहा है। सुबह से ही मुस्लिम बस्तियों में चहल-पहल है। शहर काजी को उनके निवास से शाही बग्घी में बैठाकर ईदगाह लाया गया। ईद की नमाज के पहले समाजजनों को संबोधित करते हुए शहर काजी ने कहा कि आज मुस्लिम इलाकों में जगह-जगह नशा बेचा जा रहा है। इस पर अंकुश लगाने की जरूरत है। आप कोई भी ऐसा कदम ना उठाना कि शहर की फिजा खराब करने की तोहमत आपके माथे माढ़ दी जाए। हमें बहुत सोच-समझकर हर मसले पर फैसला करना है।

आपसी मसले समाज में ही सुलझाएं : शहर काजी Read More »

फ्लाईओवर निर्माण की बाधाएं होंगी दूर

शहर में चल रहे विकास कार्यों को अब गति मिलेगी। कलेक्टर ने फ्लायओवर ब्रिज निर्माण में आने वाली बाधाओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश आईडीए, नगर निगम और अन्‍य संबंधित विभागों को दिए हैं। कलेक्टर ने फ्लाईओवर ब्रिज के निर्माण में तेजी लाने और ब्रिज स्थल पर जल निकासी के लिए उचित प्रबंध करने निर्देश भी दिए हैं।
बता दें कि शहर में चारों तरफ करीब आधा दर्जन फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल है।
बाधाएं व अन्य कारणों की वजह से निर्माण कार्य गति नहीं पकड़ पा रहे हैं। इसी को लेकर कलेक्‍टर डॉ. इलैयाराजा टी ने बुधवार को फ्लाईओवर ब्रिज के संबंध में आईडीए, नगर निगम, पुलिस और जल संसाधन विभाग सहित अन्‍य संबंधित विभागों के अफसरों की बैठक आयोजित की। उन्होंने बैठक में अफसरों को ब्रिज को लेकर आवश्‍यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्‍टर ने बताया कि फूटी कोठी चौराहा, खजराना, भंवरकुआं और लवकुश चौराहा में फ्लाईओवर ब्रिज बनाए जाना है। उन्‍होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फ्लाईओवर निर्माण क्षेत्र में आने वाली बाधाओं को शीघ्र दूर करने की कार्रवाई करें। उन्‍होंने कहा कि निर्माण क्षेत्र में लगी दुकानों, गुमटियां आदि को शीघ्र हटवाया जाएं। निर्माण क्षेत्र के अतिक्रमण को हटाकर भूमि रिक्‍त कराएं। जमीन की खुदाई के दौरान पाइप लाइनों का ध्‍यान रखें।
जल निकासी के उचित प्रबंध किए जाएं, जिससे बाद में दिक्कत न आए। बैठक में निगमायुक्‍त हर्षिका सिंह, आईडीए के सीईओ आरपी अहिरवार सहित अन्‍य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

फ्लाईओवर निर्माण की बाधाएं होंगी दूर Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights