Hindustanmailnews

Author name: Hindustanmailnews

नूंह में हिंसा के बाद फिर निकलेगी ब्रजमंडल यात्रा

हरियाणा के नूंह में फिर ब्रजमंडल यात्रा निकालने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए 28 अगस्त का दिन तय किया गया है। हालांकि प्रशासन से बातचीत के बाद तारीख आगे-पीछे भी की जा सकती है। यह फैसला रविवार को पलवल में हुई हिंदू महापंचायत में लिया गया। 31 जुलाई को इसी यात्रा के दौरान जमकर हिंसा और आगजनी हुई थी, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा दंगों की जांच एनआईए से करवाने, नूंह में बसे रोहिंग्या को बाहर निकालने और फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक मामन खान को भी तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की गई। पलवल में हुई सर्वजातीय हिंदू महापंचायत की अध्यक्षता मेवात के 40 हिन्दू पाल और 12 मुस्लिम पाल के अध्यक्ष चौधरी अरुण जैलदार ने की। महापंचायत में हजारों की संख्या में हिन्दू समाज के लोग पहुंचे हैं, वहीं इस महापंचायत में हरियाणा गोरक्षा दल के उपाध्यक्ष आचार्य आजाद, सोहना के विधायक संजयसिंह, पलवल के पूर्व विधायक सुभाष चौधरी भी शामिल हुए।

नूंह में हिंसा के बाद फिर निकलेगी ब्रजमंडल यात्रा Read More »

हिमाचल के सोलन में बादल फटा, शिमला में लैंडस्लाइड

शिव मंदिर ढहा: श्रद्धालु दबे, 9 शव निकाले……………………………

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। हिमाचल के सोलन में सोमवार को बादल फटने से 7 लोगों की मौत हो गई। जादोन गांव में देर रात हुई इस घटना में दो घर बह गए, जिसमें 3 लोगों के लापता होने की खबर है। इसके अलावा शिमला के बालूगंज में सोमवार सुबह 7:30 बजे लैंडस्लाइड हुई। यहां पहाड़ का मलबा शिव बावड़ी मंदिर पर जा गिरा। इस दौरान मंदिर में पूजा कर रहे 25 से 30 श्रद्धालु मलबे में दब गए। समाचार लिखे जाने तक 9 शव निकाले जा चुके थे। शिमला एसपी संजीव गांधी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया- शिव बावड़ी मंदिर में कई लोग फंसे हुए हैं। लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू आॅपरेशन चलाया जा रहा है। आसपास की बिल्डिंग को भी खाली कराया गया है। इनके भी गिरने का खतरा है। उधर उत्तराखंड के मालदेवता में लगातार बारिश के बीच देहरादून डिफेंस कॉलेज बिल्डिंग पूरी तरह ढह गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह बिल्डिंग 100 साल पुरानी बताई जा रही है। हिमाचल के मंडी जिले की बल्ह घाटी में तेज बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। ब्यास नदी उफान पर है। अधिकारियों के मुताबिक कई पर्यटक फंसे हुए हैं। प्रशासन के मुताबिक… राज्य में पिछले दो दिनों में 30 से ज्यादा घर पूरी तरह और 180 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस दौरान लगभग 140 गोशालाएं, दुकानें व घाट भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे बंद- उत्तराखंड में भी पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। यहां मंदाकिनी समेत कई नदियां उफान पर हैं। प्रशासन के मुताबिक… मंदाकिनी नदी में बाढ़ की वजह से सड़क बह गई। इसकी वजह से चमोली जिले में बांसवाड़ा गांव के पास रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे बंद हो गया।

हिमाचल के सोलन में बादल फटा, शिमला में लैंडस्लाइड Read More »

‘इनकम टैक्स का चक्कर बाबू भैया’, कोहली ने अपनी कमाई को बताया फेक तो लोगों ने लिए मजे

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली सोशल मीडिया पर अक्सर सुर्खियां बटोरते रहते हैं। कोहली अपनी फिटनेस और क्रिकेट से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करते रहते हैं। सोशल मीडिया पर फैंस भी कोहली के पोस्ट का बेसब्री से इंतजार करते हैं। इन दिनों सोशल मीडिया से होने वाली कमाई को लेकर विराट कोहली चर्चा में बने हुए हैं।

हाल ही में एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि विराट कोहली इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट करने के लिए 11.45 करोड़ रुपये लेते हैं। लेकिन इस खबर को विराट कोहली ने अब पूरी तरह से नकार दिया है। कोहली के मुताबिक उन्हें एक इंस्टा पोस्ट के लिए इतने पैसे नहीं दिए जाते हैं। कोहली ने मीडिया में चल रही इस तरह की खबरों को गलत करार दिया है।

कोहली ने ट्वीट करते हुए लिखा कि मैं जीवन में जो कुछ भी मिला है उसके प्रति आभारी और ऋणी हूं, लेकिन सोशल मीडिया पर मेरी कमाई के बारे में जो खबरें चल रही हैं वह सच नहीं हैं। विराट कोहली के इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इस लिस्ट में कोहली के अलावा रोनाल्डो और दूसरी बड़ी हस्तियों की भी सोशल मीडिया से होने वाली कमाई का जिक्र किया गया था।

विराट कोहली का पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने कोहली को लेकर तरह-तरह के ट्वीट कर रहे हैं। एक फैन ने लिखा कि इनकम टैक्स का चक्कर बाबू भैया। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा जब इतना बता ही दिया तो सच में कितने पैसे मिलते हैं वो भी बोल देते। दुनिया के सबसे लोकप्रिय क्रिकेट खिलाड़ियों में शामिल विराट कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। कोहली अब पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप का मुकाबला 2 सितंबर को खेलते हुए मैदान पर नजर आएंगे।

‘इनकम टैक्स का चक्कर बाबू भैया’, कोहली ने अपनी कमाई को बताया फेक तो लोगों ने लिए मजे Read More »

वोट और चंदा हमसे, साथ देते हैं अवैध कब्जे करने वाले गुंडों का

इंदौर। गुंडागर्दी और कब्जों से परेशान शहर के दिल राजबाड़ा के व्यापारियों ने नेता-अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। व्यापारियों ने इंदौर की पुलिस कमिश्नरी को आईना दिखाते हुए दो-टूक कहा कि हमें लग रहा है कि हम इंदौर में नहीं, किसी बीहड़ में दुकान खोलकर बैठे हैं। हम टैक्स दे रहे हैं, शासन का खजाना भर रहे हैं, लेकिन अवैध वसूली और कब्जा करने वालों का साथ नगर निगम और सत्ताधारी दल के नेता दे रहे हैं। कब्जे हटाने और कार्रवाई के लिए जब अधिकारियों-नेताओं के दरवाजे पर जाते हैं, तो कह दिया जाता है कि मुख्यमंत्री ने कार्रवाई के लिए मना किया है।
अब नेता आए हैं वोट मांगने और चुनावी चंदा लेने, हम भी उन्हें दिखाएंगे कि हमारी ताकत क्या है। दादागीरी और कब्जों से परेशान राजबाड़ा क्षेत्र के 13 व्यापारी संगठनों ने यह बयान दिया है। राजबाड़ा क्षेत्र में दुकानों के बाहर सड़क व फुटपाथ पर हो रहे कब्जों के साथ मध्यक्षेत्र के बाजारों में गुंडागर्दी ने कारोबारियों को एक साथ खड़ा कर दिया है। एकजुट हुए कारोबारियों ने कहा कि अधिकारी कह रहे हैं कि कब्जों पर कार्रवाई करने से उन्हें ऊपर वालों ने रोक रखा है। वोट से लेकर चुनावी चंदा लेने वाले नेता अब हमारी सुध लेने भी नहीं आ रहे हैं।
मध्य क्षेत्र के 13 व्यापारी संगठनों ने अधिकारियों और नेताओं को रविवार तक का समय दिया है। शुक्रवार शाम श्री क्लाथ मार्केट मर्चेंट एसोसिएशन के कमेटी हॉल में आयोजित पत्रकार वार्ता में व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार से बाजारों में विरोध आंदोलन शुरू होगा। पहले काले झंडे लगाए जाएंगे, बाद में बाजार बंद और जरूरी हुआ तो चुनाव और राजनेताओं का बहिष्कार भी करने से व्यापारी पीछे नहीं हटेंगे। अव्यवस्थाओं व गुंडागर्दी के खिलाफ एक हुए व्यापारी संगठनों में महाराजा तुकोजीराव क्लाथ मार्केट एसोसिएशन, इंदौर रिटेल गारमेंट्स एसोसिएशन, इंदौर सोना चांदी जवाहरात (सराफा) व्यापारी एसोसिएशन, बर्तन बाजार व्यापारी संघ, पिपली बाजार एसोसिएशन, सुभाष चौक व्यापारी संघ, गोपाल मंदिर हेरीटेज एसोसिएशन, इंदौर पुस्तक विक्रेता संघ, सांठा बाजार व्यापारी संघ, सीतलामाता बाजार व्यापारी एसोसिएशन, राजबाड़ा चौक व्यापारी संघ, बजाजखाना व्यापारी संघ, बोहरा बाजार व्यापारी संघ और निहालपुरा व्यापारी संघ शामिल थे।
पत्रकार वार्ता में रिटेल गारमेंट व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष अक्षय जैन ने आरोप लगाया कि जो व्यापारी शासन को टैक्स दे रहे हैं, उनकी दुकानों के बाहर गुंडा तत्व कब्जा कर रहे हैं। कार्रवाई की बजाय नगर निगम के अधिकारी कह रहे हैं कि भोपाल से उनके हाथ बांध रखे हैं। क्लाथ मार्केट एसोसिएशन के मंत्री कैलाश मूंगड़ ने कहा कि बाजार में दलालों का कब्जा है। व्यापारी विरोध करते हैं तो उन्हें धमकाया जा रहा है। क्लाथ मार्केट में ड्रग्स बिक रही है, पुलिस को खबर की, लेकिन कार्रवाई नहीं होती। दलालों और कब्जों से सराफा बाजार के व्यापारी भी परेशान हैं। सराफा व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल रांका ने कहा कि अवैध दलाल वसूली कर रहे हैं। ग्राहकों का जोखिम भी बढ़ रहा है। राजबाड़ा पर हुए कब्जों के असर से सराफा से लेकर क्लाथ मार्केट व आसपास के बाजारों का व्यापार आधा हो गया है। हमने ऐसे 28 दलालों की सूची पुलिस थाने पर दी लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं करती।

वोट और चंदा हमसे, साथ देते हैं अवैध कब्जे करने वाले गुंडों का Read More »

उम्र 70 साल, नाम गोपाल भार्गव, फिटनेस देख युवा भी हैरान

भोपाल। अपने सहज और सरल स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले मध्यप्रदेश विधानसभा के सबसे वरिष्ठ और ‘अजेय’ विधायक और कैबिनेट मंत्री गोपाल भार्गव विपरीत परिस्थिति और कठिन समय में ‘अंगद’ की तरह ‘अटल’ रहकर राजनीति के माहिर खिलाड़ी हैं। सागर जिले की रहली विधानसभा सीट से लगातार आठ बार से विधायक भार्गव ने एक बार फिर अपनी फिटनेस दिखाकर जहां राजनीति में उम्र को लेकर कटाक्ष करने वाले विरोधियों को करारा जवाब दे दिया है, वहीं जिम में उनको देख रहे युवाओं को हैरत में भी डाल दिया। 70 वर्षीय गोपाल भार्गव का हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वे एक जिम में मुग्‍दर घुमाते नजर आ रहे हैं।
गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री भार्गव गढ़ाकोटा स्थित नगर परिषद द्वारा स्थापित जिम में पहुंचे थे, जहां उन्होंने जिम में रखे मुग्‍दरों को पहलवानों की तरह उठाकर अपने दोनों हाथों से ऐसा घुमाया कि वहां मौजूद युवा भी हैरान रह गए। जब कोई मौका आता है, तो भार्गव अपना हुनर दिखाने से नहीं चूकते। वे बहुत अच्छे तैराक, तलवारबाज हैं, वहीं पहलवानी में लोगों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर चुके हैं।
विरोधियों को करारा जवाब, आठ बार के इकलौते विधायक हैं भार्गव – दरअसल, पिछले कुछ समय से भाजपा में एज फैक्टर को लेकर उनके विधानसभा चुनाव लड़ने पर संदेह जताया जा रहा है। इसके बाद गोपाल भार्गव ने अखाड़े में पहलवानी के दौरान घुमाए जाने वाले मुग्‍दरों का प्रदर्शन कर उम्र को लेकर सवाल उठा रहे विरोधियों को करारा जवाब दिया है। भार्गव ने मुग्‍दर का प्रदर्शन कर बता दिया है कि राजनीतिक दांव-पेंच के अलावा वह शारीरिक रूप से भी विरोधियों को धोबीपछाड़ देने में सक्षम हैं। भार्गव वर्तमान में प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग के मंत्री हैं। वह लगातार 8 बार से विधायक हैं और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं।
ज्योतिषी ने भार्गव को तीन चुनाव और लड़ने का बताया था भविष्य – गौरतलब है कि पिछले दिनों क्षेत्र में एक लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान भी गोपाल भार्गव ने मंच से जनता को संबोधित करते हुए कहा था कि उनके गुरु का आदेश है कि वह तीन विधानसभा चुनाव और लड़ें। फिलहाल भार्गव का मुग्‍दर घुमाने का यह वीडियो इंटरनेट मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।
तलवारबाजी का करतब भी दिखा चुके थे मंत्री – पिछले दिनों मंत्री भार्गव का एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह अपने हाथों में तलवार लेकर किसी सिद्धहस्‍त तलवारबाज की तरह घुमाते नजर आ रहे थे। तब भी उनके फिटनेस और जनता से उनका सहज जुड़ाव सामने आया था।

उम्र 70 साल, नाम गोपाल भार्गव, फिटनेस देख युवा भी हैरान Read More »

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights