Hindustanmailnews

ट्रै्फिक संग शहर विकास को रफ्तार

इंदौर। इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) बोर्ड बैठक में वर्ष 2023 -24 का 6005 करोड़ रुपए का बजट पेश किया गया। यह बजट पिछले बजट की तुलना में छह गुना बड़ा रहा। बजट विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। शहर की विकास योजनाओं और यातायात सुधार पर बजट में भारी भरकम राशि का प्रावधान किया गया है।
शुक्रवार को आईडीए बोर्ड बैठक में चेयरमैन जयपालसिंह चावड़ा ने वर्ष 2023-24 का बजट पेश किया। 6005 करोड़ के इस बजट में शहर और जनहित से जुड़ी कई योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है। खास बात यह है कि आईडीए के इतिहास में पहली बार बजट में प्रबुद्धजन व आम लोगों के सुझावों को भी शामिल किया गया। बजट पेश किए जाने के दौरान भाजपा नेता सत्यनारायण सत्तन, मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, आईडीए उपाध्यक्ष गोलू शुक्ला, आईडीए सीईओ आरपी अहिरवार, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, पूर्व आईडीए अध्यक्ष मधु वर्मा, सुदर्शन गुप्ता, एमआईसी मेंबर, इंदौर उत्थान अभियान के अजीतसिंह नारंग व अभ्यास मंडल सहित अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों के प्रतिनिधि मौजूद थे। 6005 करोड़ के इस बजट में 3081.25 करोड़ के व्यय के प्रावधान किए गए हैं। बजट में व्यय पर आय का आधिक्य 2923.75 करोड़ रुपए दशार्या गया है। बीते वर्ष की शेष राशि को शामिल करते हुए यह सरप्लस राशि मार्च 2024 में 3432.13 करोड़ अनुमानित की गई है।

448 करोड़ में बनेंगे कई फ्लाईओवर
शहर के यातायात को बेहतर बनाने और यातायात व परिवहन की बढ़ती जरूरत को ध्यान में रखते हुए बजट में फ्लाईओवर के लिए 448 करोड़ का प्रावधान रखा गया है। 35 करोड़ भंवरकुआ चौराहा के लिए, 45 करोड़ फूटी कोठी चौराहा के लिए, 25 करोड़ लवकुश चौराहा पर फ्लाईओवर के लिए प्रावधान किया गया है। लवकुश चौराहा पर ही लेवल-2 फ्लाईओवर के निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपए रखे गए हैं। महू नाका फ्लाईओवर के लिए 35 करोड़, गांधीनगर फ्लाईओवर के लिए 33 करोड़, शक्करखेड़ी रिवर ओवरब्रिज के लिए 20 करोड़, केलोदहाला रेलवे ओवरब्रिज के लिए 75 करोड़, कनाड़िया रोड फ्लाईओवर के लिए 15 करोड़ और बिचौली हप्सी फ्लाईओवर के निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपए की व्यवस्था बजट रखी गई है।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights