Hindustanmailnews

इंदौर की गोधा एस्टेट कॉलोनी के गेट पर फायरिंग, हेलमेट पहनकर आए बदमाश ने चलाईं 6 गोलियां

इंदौर। शहर के गांधी नगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। गोधा एस्टेट कॉलोनी के गेट पर हेलमेट पहनकर पहुंचे एक अज्ञात बदमाश ने पिस्टल से कई राउंड फायर किए और मौके से फरार हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बदमाश ने करीब 6 राउंड गोलियां चलाईं। घटना के बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच आरोपी की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात बदमाश कॉलोनी के गेट पर पहुंचा और हवा में पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड प्रमोद पटेल मौके की ओर दौड़ा, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। घटना की सूचना मिलने पर गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को वहां से पिस्टल के खाली खोखे मिले हैं।

सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। मामले की जांच में क्राइम ब्रांच भी जुटी हुई है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि हेलमेट पहने बदमाश की पहचान की जा सके।

फायरिंग के पीछे कॉलोनी के बिल्डर को डराने की आशंका से भी पुलिस जांच कर रही है। इसके अलावा एक ट्रांसपोर्टर को रोहित गोदारा गैंग से मिली धमकी के एंगल को भी जांच में शामिल किया गया है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। फायरिंग की असली वजह और आरोपी की पहचान सामने आना बाकी है।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights