Hindustanmailnews

इंदौर में बाइक टैक्सी चालकों का प्रदर्शन, कमर्शियल वाहन की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए मांगा समय

इंदौर। शहर में ऑटो रिक्शा और बाइक टैक्सी चालकों के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच बुधवार को रैपिडो सहित अन्य बाइक टैक्सी चालकों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। चालकों ने प्रशासन से कमर्शियल वाहन से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए कुछ महीनों का समय देने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर के नाम ज्ञापन भी सौंपा।

बाइक टैक्सी चालकों का आरोप है कि ऑटो चालक उनके साथ मारपीट कर रहे हैं और वाहनों के दस्तावेजों की जांच के नाम पर परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि वाहनों के दस्तावेजों की जांच करना आरटीओ का काम है। चालकों ने मांग की कि उन्हें कमर्शियल वाहन से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए।

प्रदर्शन के दौरान चालकों ने जूनी इंदौर के एडिशनल तहसीलदार कमलेश कुशवाहा को ज्ञापन सौंपा। कुशवाहा ने बताया कि ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है और इसे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।

वहीं, ऑटो रिक्शा चालकों का आरोप है कि बाइक टैक्सी संचालक निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग कर रहे हैं और बिना उचित अनुमति के सवारियां बैठा रहे हैं। दूसरी ओर बाइक टैक्सी चालकों का कहना है कि यदि नियमों को लेकर कार्रवाई हो रही है, तो रैपिडो जैसी कंपनियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए, न कि उन्हें निशाना बनाया जाए।

मामले में कलेक्टर का स्पष्ट कहना है कि नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ प्रशासन कार्रवाई करेगा। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच जारी विवाद के बीच बाइक टैक्सी चालकों ने प्रशासन से राहत और औपचारिकताएं पूरी करने के लिए समय देने की मांग की है।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights