सागर के मछरयाई इलाके में शराब दुकान को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। शराब पीने के बाद एक व्यक्ति की मौत और दूसरे की तबीयत बिगड़ने की घटना के बाद स्थानीय महिलाओं ने शराब दुकान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को जब ठेकेदार अपने कर्मचारियों के साथ दुकान खोलने पहुंचा, तो महिलाएं भड़क गईं। वे डंडे लेकर दुकान पर पहुंचीं और उसे बंद करने की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
महिलाओं का विरोध देखकर ठेकेदार दुकान बंद कर मौके से चला गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और समझाइश देकर महिलाओं को शांत कराया। महिलाओं ने साफ कहा कि वे रहवासी इलाके में शराब दुकान का संचालन नहीं होने देंगी। उन्होंने दुकान को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की है।
शराब पीने के बाद बिगड़ी थी दो लोगों की तबीयत
दरअसल, 15 नवंबर को मछरयाई स्थित शराब दुकान से शराब पीने के बाद दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मछरयाई निवासी विष्णु खटीक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कमलेश सोनी का अस्पताल में इलाज जारी है।
इस घटना के बाद से ही इलाके के लोग शराब दुकान का विरोध कर रहे हैं। महिलाओं का कहना है कि रहवासी क्षेत्र में दुकान होने से परेशानी होती है और वे इसे यहां संचालित नहीं होने देंगी। प्रशासन की ओर से दुकान हटवाने का आश्वासन दिया गया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मांग पर कब तक कार्रवाई करता है।