महापौर बोले- डिबेट का भी एक स्तर होता है, किससे बहस करनी है यह भी सोचना पड़ता है
इंदौर। शहर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव और शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। चौकसे की ओर से महापौर को खुली बहस की चुनौती दिए जाने के बाद भार्गव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि डिबेट का भी अपना एक स्तर होता है और किससे बहस करनी है, यह भी सोचना पड़ता है।

दरअसल, पिछले दिनों शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने मीडिया से चर्चा के दौरान महापौर के चार साल के कार्यकाल पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि महापौर ने इंदौर को रसातल में पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इसी दौरान चौकसे ने महापौर को किसी भी मंच पर खुली बहस करने की चुनौती भी दी थी।
चौकसे के इस चैलेंज पर अब महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि हर किसी से डिबेट नहीं की जाती। बहस का भी एक स्तर होता है और यह तय करना जरूरी है कि किसके साथ डिबेट करनी है।
महापौर के इस बयान के बाद शहर की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। अब देखना होगा कि कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे महापौर के इस पलटवार पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।