Hindustanmailnews

गीता प्रेस के साथ की डील : महाकुंभ में अडाणी ग्रुप बांटेगा ‘आरती संग्रह’ की 1 करोड़ प्रतियां

प्रयागराज, एजेंसी
अडानी ग्रुप प्रयागराज में होने जा रहे महाकुंभ में भक्तों को फ्री में एक करोड़ आरती संग्रह की प्रतियां बांटेगा। इसके लिए अडाणी ग्रुप ने गीता प्रेस के साथ एक डील की है। आरती संग्रह नाम की इस पुस्तक को गीता प्रेस ने प्रकाशित किया है और यह पहल सनातन साहित्य सेवा का हिस्सा है। भारतीय संस्कृति के संरक्षण, प्रचार और प्रसार के उद्देश्य से समर्पित संगठन गीता प्रेस के प्रतिनिधियों ने अहमदाबाद में अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी से मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, महाकुंभ भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था का महायज्ञ है। हमारे लिए यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि इस महायज्ञ में प्रतिष्ठित संस्था गीता प्रेस के सहयोग से हम कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को आरती संग्रह की एक करोड़ प्रतियां नि:शुल्क प्रदान करने वाले हैं। उन्होंने कहा, धर्म और संस्कृति के प्रति नि:स्वार्थ सेवा और जिम्मेदारी की भावना देशभक्ति का एक रूप है, जिसके लिए हम सभी प्रतिबद्ध हैं। सेवा ही ध्यान है, सेवा ही प्रार्थना है और सेवा ही ईश्वर है। अडाणी ने कहा, आज मुझे गीता प्रेस के सम्मानित पदाधिकारियों से प्रेरणा मिली, जो सनातन साहित्य के माध्यम से 100 वर्षों से राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं और मुझे गीता प्रेस की उत्कृष्ट सेवा के लिए अपना आभार व्यक्त करने का सौभाग्य मिला।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights