
खूंटी (झारखंड), एजेंसी
झारखंड के खूंटी जिले में कसाई का काम करने वाले एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर के उसके शव को 40 से ज्यादा टुकड़ों में काटकर फेंक दिया। खुलासा किया आवारा कुत्तों ने। जो मानव शरीर के हिस्से लेकर भटक रहे थे। पुलिस ने तफ्तीश शुरू की। बुधवार को आरोपी पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने हत्या कबूली।
पुलिस के मुताबिक नरेश भेंगरा (25) खूंटी में रहता है। प्रेरणा (24, बदला नाम) रांची की रहने वाली थी। पास ही नरेश का ननिहाल था। जहां आने-जाने के कारण दोनों में प्यार हो गया था। फिर प्रेरणा भी उसके साथ खूंटी के जोजोदाग आकर लिव इन में रहने लगी। डेढ़ साल साथ रहने के बाद प्रेरणा तमिलनाडु के त्रिपुर चली गई जबकि नरेश बेंगलुरू में काम करने लगा। जहां उसे एक अन्य युवती से प्रेम हुआ। दोनों ने शादी कर ली। एक बेटा भी हुआ। प्रेरणा को जानकारी लगी। वह बेंगलुरू पहुंच गई। समझाकर 6 नवंबर को नरेश उसे झारखंड के हटिया ले आया। 8 नवंबर को जोजोदाग के लिए लेकर निकला। बीच में भगवान पांज टोंगरी गांव ले गया। जो वन ग्राम है। वहां शारीरिक संबंध बनाए। प्रेरणा ने कहा मुझे जाने दो। मेरे घर मालगो पहुंचा दो। जो पैसे दिए मैंने वह लौटा दो। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। गुस्से में नरेश ने दुपट्टे से प्रेरणा का गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में उसने टांगी और और अन्य हथियार से शव के कई टुकड़े कर डाले। फिर आधे हिस्से जंगल में फेंके। आधे दफना दिए। बाद में नरेश तालाब में नहा-धोकर घर चला गया।