Hindustanmailnews

ब्रेक की जगह दबा दिया था एक्सीलेटर सामने आया सीसीटीवी फुटेज…

हिन्दुस्तान मेल, इंदौर
विजय नगर में बुधवार को सड़क हादसे में डॉक्टर की मौत हो गई थी। गुरुवार को इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें डॉक्टर की कार आगे खड़ी कार को जोरदार टक्कर मारती नजर आ रही है। हादसे में डॉक्टर की मौत हो गई। जबकि आगे वाली कार चला रहे व्यक्ति को मामूली चोट आई है।
विजय नगर पुलिस के मुताबिक हादसा रसोमा चौराहे पर हुआ। यहां पर नैनो कार से जा रहे डॉक्टर मुकेश (59) पुत्र चंद्रकांत तिवारी, निवासी बीसीएम हाईट्स सिग्नल पर खड़ी अन्य कार में पीछे जा घुसे। डॉक्टर मुकेश तिवारी प्राइवेट प्रैक्टिस करते थे। बताया जा रहा है कि वे हेयर कट करवाने गए थे। यहां से वापस घर लौट रहे थे।
इस दौरान रसोमा चौराहे पर सिगनल बंद था। पुलिस के मुताबिक, ऐसा पता चला है कि ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दब जाने से नैनो आगे खड़ी कार से टकरा गई थी। हादसे में डॉक्टर तिवारी के सिर में गंभीर चोट आई थी। घायल हालत में उन्हें एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां उन्होंने दम तोड़ दिया था। टक्कर के बाद आगे खड़ी हुंडई कार के एअर बलून खुल गए थे। इससे कार में सवार दो लोगों को मामूली चोट आई थी। टक्कर से हुंडई कार भी आगे खड़ी एक अन्य कार से टकरा गई थी। डॉक्टर मुकेश तिवारी को गुरुवार को अपने साढू शिवा-कांत वाजपेयी के साले की शादी में परिवार के साथ आगरा जाना था। रात में उनकी ट्रेन के टिकट थे। तिवारी मूल रूप से बड़वानी के रहने वाले हैं।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights