Hindustanmailnews

दो डिग्री गिरा पारा, ठंडा हुआ शब-ए-मालवा…..

हिन्दुस्तान मेल, इंदौर
नवंबर का आधे से ज्यादा महीना बीत चुका है। इंदौर में अब ठंड का असर दिखने लगा है। तीन दिन में दिन के तापमान में दो डिग्री की गिरावट आई है, वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी दो डिग्री गिरा है। हवा में ठंडक के साथ ठिठुरन बढ़ गई है। गुरुवार को सुबह 11 बजे तक ठंड का असर रहा। लोगों को स्वेटर, जैकेट और शॉल निकालकर पहनना पड़े।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सिय दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम था। इसी बुधवार रात का न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सिय रहा, जो सामान्य के बराबर था, जिसके चलते ठिठुरन महसूस होने लगी, वहीं ऊनी कपड़े भी दिखने लगे। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सिय रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था।
ठंड बढ़ने के साथ ही चाय की चाहत बढ़ गई है। गराड़ू, सूरन और कच्ची हल्दी जैसे गर्म तासिर की फल-सब्जियों के साथ मक्का-ज्वार-बाजरा के आटे की डिमांड बढ़ने लगी है, वहीं दूध के कढ़ाव सजने लगे। गरमा-गरम जलेबी के ठीये आबाद होने लगे। मौसम विभाग के अनुसार अभी ठंड का असर और बढ़ेगा।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights