महाराष्ट्र-झारखंड में मतदान के बीच कांग्रेस का फैसला

हिंदुस्तान मेल, इंदौर। महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों पर एक चरण में वोटिंग हो रही है, जबकि झारखंड में दूसरे चरण में 38 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इस बीच एक बड़ी खबर आई है, जिसमें न्यूज एजेंसी एएनआई को कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस पार्टी चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज के एग्जिट पोल की चर्चा में हिस्सा नहीं लेगी।
महाराष्ट्र और झारखंड में मतदान की गति
महाराष्ट्र और झारखंड में मतदान की गति की बात करें तो महाराष्ट्र में अपेक्षाकृत कम मतदान प्रतिशत दर्ज हुआ है। वहीं, झारखंड में मतदान की गति महाराष्ट्र के मुकाबले बेहतर है। महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों पर शाम छह बजे तक वोटिंग होगी, जबकि झारखंड की 38 सीटों में से कुछ पर शाम 4 बजे तक ही मतदान होगा। दोनों राज्यों में मतगणना 23 अक्टूबर को होगी। इसके अलावा, कई अन्य राज्यों में विधानसभा और लोकसभा सीटों पर उपचुनाव भी हो रहे हैं।
महाराष्ट्र में मतदान की धीमी गति पर नेताओं की चिंता
महाराष्ट्र में मतदान की धीमी गति को लेकर तमाम नेताओं में चिंता देखी जा रही है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पिछले पांच वर्षों से मत प्रतिशत कम रहा है और उन्होंने मतदाताओं से अपने मतदान अधिकार का प्रयोग करने के लिए घर से बाहर निकलने की अपील की।
झारखंड के मंत्री की जनता से अपील
झारखंड के मंत्री और जामताड़ा से उम्मीदवार इरफान इंसारी ने जनता से अपील करते हुए कहा, “मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं कि घर से बाहर निकलें और मतदान करें।” साथ ही उन्होंने दावा किया कि हम संथाल परगना की सभी सीटें बड़े अंतर से जीतने जा रहे हैं। गौरतलब है कि झारखंड में पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को हुआ था।