प्रदेश में ठंड की शुरूआत हो गई है। बुधवार को भोपाल में रात का तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया। इस सीजन की सबसे ठंडी रात है। यहां 24 घंटे में रात का पारा 1.6 डिग्री तक लुढ़का। दिन का तापमान 31.6 डिग्री रहा। मंगलवार के मुकाबले इसमें 0.9 डिग्री की गिरावट आई। प्रदेश की बात करें तो हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। पारा लुढ़क कर 11.2 डिग्री पर आ गया।
वहीं, ग्वालियर में रात का तापमान 17.5 डिग्री रहा। खास बात यह है कि अभी ग्वालियर के मुकाबले भोपाल अधिक ठंडा है। नरसिंहपुर को छोड़कर प्रदेश के किसी भी शहर में रात का तापमान 20 डिग्री से ज्यादा नहीं रहा। प्रदेशभर में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
वजह… अर्थ रेडिएशन, हवा की रफ्तार घटी
मौसम वैज्ञानिक प्रमेंद्र कुमार रैकवार ने बताया कि मंगलवार शाम ढलने के बाद हवा का रुख उत्तरी हो गया था। आसमान भी साफ था। उन्होंने कहा कि इस कारण अर्थ रेडिएशन (दिन में होने वाली तपिश शाम को आसमान की ओर लौटती है) तेजी से हुआ। हवा की रफ्तार भी 10 किमी प्रति घंटे थी। इस वजह से रात के तापमान में गिरावट हुई।
7 जिलों में 15…मंडला में
पारा रहा 14.6 डिग्री
7 जिलों में रात का तापमान 15 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। पचमढ़ी के बाद मंडला सबसे ठंडा शहर रहा। यहां तापमान 14.6 डिग्री दर्ज किया गया। विंध्य और बुंदेलखंड इलाकों में उत्तर से आई ठंडी हवा का ज्यादा असर नहीं रहा। भोपाल संभाग, महाकौशल के जिलों में ठंडी हवा ज्यादा चली। उमरिया जिले में हवा की रफ्तार सबसे ज्यादा दर्ज की गई।
हफ्तेभर बाद बदलेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिक प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार सुबह भोपाल सहित कई शहरों में धुंध छाने की संभावना है। अनुमान है कि आसमान साफ रहने से तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। एक हफ्ते बाद रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट होने का अनुमान है। इसी दौरान तेज ठंड का पहला दौर शुरू होगा।