खजराना क्षेत्र में एक महिला ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। महिला के किराएदार ने उसकी बेटी का जीवन खराब करने की धमकी दी थी। इसके बाद महिला ने थाने में शिकायत की थी, महिला आरोपी के खिलाफ रेप व लव जिहाद का केस दर्ज कराना चाहती थी, लेकिन धमकियों के कारण पीछे हट गई। महिला बुटिक संचालिका है। वह खजराना क्षेत्र में रहती है। महिला तीन बच्चों के साथ अपने पति से अलग रहती है। महिला की एक लड़की और दो बेटे हैैं। कुछ समय पहले एक युवक ने उसके मकान में एक कमरा किराए पर लिया था। उसने खुद का नाम लक्की बताया। पहले उसने महिला से नजदीकी बढ़ाई और शादी का झांसा देकर महिला से संबंध बना लिए। बाद में महिला को पता चला कि युवक ने अपना नाम गलत बताया और धर्म भी छुपाया। युवक का असली नाम अबलाल खान है। फिर युवक ने शर्त रख दी कि शादी करना है तो धर्म बदलना पड़ेगा। महिला ने थाने में शिकायत की धमकी दी तो युवक ने बेटी का जीवन खराब करने की धमकी दी। महिला ने पुलिस अफसरों से शिकायत की थी। अफसरों ने संबंधित थाने में प्रकरण दर्ज कराने के लिए कहा था। महिला ने बयान दर्ज कराए। पुलिस ने आरोपी को थाने बुलाया, लेकिन बाद में महिला प्रकरण दर्ज कराने से पीछे हट गई। परिजनों ने बताया कि आरोपी के परिवार के लोग भी उसे धमकाने लगे थे। बेटी के चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी भी दी जा रही थी। इससे डर कर पीड़िता ने जहर खा लिया। उसे इलाज के लिए भर्ती किया गया है। परिजनों का कहना है कि शिकायत के बाद पुलिस सख्ती बरतती तो महिला को जहर खाना नहीं पड़ता।