Hindustanmailnews

पहली छमाही में बॉक्स office पर बरसे 2000 करोड़! 100 करोड़ क्लब में पहुंचीं आधा दर्जन फिल्में

साल 2023 की शुरुआत में जब शाहरुख खान की फिल्म ‘पठान’ 543 करोड़ रुपए कमाकर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बनी, तो लगा था कि अब बॉलीवुड के अच्छे दिन लौट आए हैं। लेकिन अगले ही महीने फरवरी में कार्तिक आर्यन की ‘शहजादा’ और अक्षय कुमार की ‘सेल्फी’ जैसी फिल्मों के फ्लॉप होने से बॉक्स आॅफिस पर निराशा छा गई।
हालांकि, मार्च में रणबीर कपूर की ‘तू झूठी मैं मक्कार’ ने करीब 150 करोड़ की कमाई करके उम्मीद जगाई, तो मार्च के आखिर में अजय देवगन की भोला ने भी 82 करोड़ की कमाई की। अप्रैल में सलमान खान के चाहने वालों को ईद पर उनकी फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ से काफी उम्मीद थी, लेकिन यह फिल्म महज 110 करोड़ का कलेक्शन ही कर पाई। हालांकि, इसकी कमी अगले महीने रिलीज हुई सरप्राइज हिट ‘द केरल स्टोरी’ ने 242 करोड़ की कमाई करके पूरी कर दी। वहीं इसी महीने हॉलीवुड फिल्म ‘फास्ट’ ने भी 100 करोड़ क्लब में शानदार एंट्री की।
साल की पहली छमाही के आखिरी महीने जून में यूं तो किंग खान की ‘जवान’ रिलीज होनी थी, लेकिन उसके आखिरी मौके पर पोस्टपोन होने के चलते ‘जरा हट के जरा बचके’ उसकी जगह रिलीज हुई। इस फिल्म ने करीब 80 करोड़ की कमाई करके दम दिखाया, तो उसके आई सुपरस्टार प्रभास की ‘आदिपुरुष’ हिंदी में महज 133 करोड़ का ही कलेक्शन कर पाई। बावजूद इसके पहली छमाही में हिंदी बॉक्स आॅफिस का कलेक्शन करीब 2 हजार करोड़ का आंकड़ा छूने में कामयाब रहा। साल की पहली छमाही में प्रभास, सलमान खान, अक्षय कुमार, अजय देवगन और कार्तिक आर्यन जैसे टॉप सितारों की फिल्मों के उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने की वजह से इसे कमजोर माना जा रहा था। लेकिन शाहरुख खान की ‘पठान’ के बंपर प्रदर्शन व ‘द केरल स्टोरी’ के सरप्राइज हिट होने के चलते पहली छमाही की कमाई 2 हजार करोड़ रुपए के आंकड़े के नजदीक पहुंच गई।
बॉक्स आॅफिस पर साल की पहली छमाही के बारे में वेव सिनेमाज के वाइस प्रेसिडेंट योगेश रायजादा कहते हैं, ‘साल पहले छह महीनों में फिल्मों के प्रदर्शन की अगर बात करें, तो करीब तीन महीनों को अच्छा कहा जा सकता है। वहीं बचे हुए तीन महीने ठीकठाक रहे हैं। मसलन जनवरी के आखिरी हफ्ते में रिलीज हुई शाहरुख की ‘पठान’ के चलते फरवरी का महीना कमाई के लिहाज से अच्छा रहा। वहीं अप्रैल में ‘किसी का भाई किसी की जान’ कमजोर रही। लेकिन मई में ‘द केरल स्टोरी’ ने अच्छा प्रदर्शन किया।
वहीं जून में ‘जरा हट के जरा बच के’ और प्रभास की ‘आदिपुरुष’ ने भी ठीकठाक प्रदर्शन किया। हालांकि, बीते साल की पहली छमाही के मुकाबले इस साल की पहली छमाही अच्छी रही। लेकिन अगर साल के बाकी बचे छह महीनों में रिलीज होने वाली बॉलीवुड फिल्मों के लाइनअप पर नजर डालें, तो इस दौरान बॉक्स आॅफिस पर अच्छी कमाई होने की उम्मीद है।

Scroll to Top
Verified by MonsterInsights